आज भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी प्रियंका गांधी: 4 दिन तक राहुल के साथ करेंगी पदयात्रा

नई दिल्ली2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में आज प्रियंका गांधी शामिल होंगी। वे बुधवार यानी 23 नवंबर से चार दिनों के लिए राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में पदयात्रा करेंगी। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार सुबह ट्वीट कर यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के लिए आज भी विश्राम का दिन है, बुधवार को यात्रा बुरहानपुर के पास मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को मध्यप्रदेश में प्रवेश करने वाली है। महाराष्ट्र के आखिरी पड़ाव जलगांव जामोद से उनका काफिला कार से सुबह 6 बजे रवाना हो चुका है। यात्रा मप्र के बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव में सुबह 6.40 बजे प्रवेश करेगी। कार से उतरते ही उनका जोरदार स्वागत होगा। बंजारा लोक नृत्य कलाकार रीना नरेंद्र पवार उनके स्वागत में लोक नृत्य की प्रस्तुति देंगी। वे सिर पर गिलास और गिलास पर 51 मटकियां रखकर कांच के टुकड़ों व तलवार की धार पर खड़े होकर नृत्य करेंगी।

राहुल की यात्रा सुबह 7 बजे बोदरली से शुरू होगी, जो सुबह 10 बजे सेंट जेवियर स्कूल पहुंचेगी। इस दौरान राहुल करीब 7 KM पैदल चलेंगे। यहां से शाम 4 बजे यात्रा दोबारा शुरू होगी। शाम 7 बजे ट्रांसपोर्ट नगर में एक सभा होगी। सभा के बाद राहुल गांधी झिरी में रात रुकेंगे। मंगलवार को राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा से एक दिन का ब्रेक लेकर गुजरात में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे।

अक्टूबर में शामिल हुई थीं सोनिया गांधी
भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर से शुरू हुई थी। अब तक इस यात्रा में प्रियंका गांधी शामिल नहीं हुई हैं। बीते कुछ दिनों से वे हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रचाव में व्यस्त थीं। अक्टूबर में सोनिया गांधी कर्नाटक के मांड्या में यात्रा में शामिल हुई थीं, यहां उन्होंने राहुल गांधी के साथ पदयात्रा की थी। राहुल ने कंधे पर हाथ रखकर मां का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा में मौजूद महिला नेताओं ने सोनिया गांधी का हाथ थाम लिया।

करीब 15 मिनट तक पैदल चलने के बाद राहुल ने सोनिया को वापस कार में भेज दिया। हालांकि, कुछ देर आराम करने के बाद सोनिया फिर से पैदल यात्रा में शामिल हो गईं। सोनिया एक महीना पहले ही कोरोना से उबरी हैं। अभी उनका स्वास्थ्य पूरी तरह से ठीक नहीं हुआ है।

खबरें और भी हैं…