6 साल बाद भोपाल में आफत की बारिश: क्रूज डूबा, 50 डैम ओवरफ्लो; IS के सुसाइड बॉम्बर के टारगेट पर देश की बड़ी हस्तियां

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines | Flood In MP Suicide Bomber Bihar ADM Manish Sisodia IND Vs ZMB DB News Brief

एक घंटा पहले

नमस्कार,

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बारिश ने कहर बरपाया हुआ है। 24 घंटे में यहां 60 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। 6 साल पहले भी यहां 56.58 इंच बारिश हुई थी। बड़ी झील में एक क्रूज डूब गया। राज्य में 50 डैम ओवरफ्लो हो गए हैं। भोपाल-नागपुर नेशनल हाइवे भी बाढ़ के चलते बंद कर दिया गया है।

दूसरी बड़ी खबर रूस से है। यहां की सुरक्षा एजेंसी फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (FSB) ने आतंकी संगठन IS के फिदायीन को गिरफ्तार किया है। FSB के हाथ एक वीडियो भी लगा है। इसमें गिरफ्तार आतंकी भारत से बदला लेने की बात कह रहा है। उसने कहा- मैं भारत में हमला करने वाला था। वहां पैगंबर मौहम्मद का अपमान किया गया।

देश-दुनिया की बड़ी खबरें सिर्फ 5 मिनट में पढ़िए, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में…

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  • राजनीतिक दलों की मुफ्त की सरकारी योजनाओं को सुप्रीम कोर्ट परिभाषित करेगा।
  • शिवसेना को लेकर एकनाथ शिंदे और उद्धव की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट फैसला सुनाएगा।
  • दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और पत्नी की जमानत अर्जी पर फैसला आएगा।

5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी

1. छह साल बाद भोपाल में रिकॉर्ड बारिश; बड़ी झील में क्रूज डूबा, 50 डैम ओवरफ्लो

मध्यप्रदेश समेत देश के 6 राज्यों में 48 घंटे से भारी बारिश हो रही है। भोपाल में अब तक 60 इंच बारिश हो चुकी है। 2016 में यहां 56.58 इंच बारिश हुई थी। यहां बड़ी झील में क्रूज डूब गया है, जबकि 50 से ज्यादा डैम ओवर फ्लो हो गए हैं। राजस्थान में 200 डैम ओवरफ्लो हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा किनारे वाले इलाकों में बाढ़ से 50 हजार छात्र पलायन कर गए हैं। मंगलवार को भी इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पढ़ें पूरी खबर…

2. रूस में IS का आतंकी गिरफ्तार, बड़ी हस्तियों को फिदायीन हमले में मारना चाहता था
रूस में सोमवार को इस्लामिक स्टेट (IS) के फिदायीन को गिरफ्तार किया है। रूसी सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि सुसाइड बॉम्बर भारत में धमाके की साजिश रच रहा था। उसके निशाने पर सत्ताधारी दल भाजपा के कोई बड़े नेता थे। गिरफ्तार आतंकी का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में आतंकी भारत से बदला लेने की बात कह रहा है। उसने कहा- मैं वहां हमला करने वाला था। वहां पैगंबर मोहम्मद का अपमान किया गया।
पढ़ें पूरी खबर…

3. पटना में प्रदर्शनकारी स्टूडेंट पर ADM ने बरसाईं लाठियां, मुंह से खून निकला

पटना में सोमवार को पुलिस ने बेरोजगार शिक्षक कैंडिडेट्स के प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज कर दिया। पटना के ADM केके सिंह ने तिरंगा लिए एक प्रदर्शनकारी के सिर और हाथ पर लाठी बरसाईं। इतनी लाठियां मारीं कि उसके मुंह से खून बहने लगा। उससे तिरंगा भी छीन लिया गया। मामले पर डिप्टी CM तेजस्वी यादव ने कहा है कि ADM को ऐसा व्यवहार नहीं करना चाहिए था। जांच के आदेश दिए गए हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

4. दिल्ली के डिप्टी CM का आरोप- भाजपा ने AAP तोड़ने पर मुख्यमंत्री बनाने को कहा
दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल और डिप्टी CM मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर अपनी सरकार गिराने का आरोप लगाया है। केजरीवाल ने सिसोदिया के घर CBI छापे को सरकार गिराने की साजिश बताया और कहा कि दिल्ली में ऑपरेशन लोटस फेल हो गया है। वहीं, सिसोदिया ने कहा- मेरे पास भाजपा का संदेश आया है कि आप तोड़कर हमारी पार्टी में आ जाओ। सारे CBI-ED के केस बंद करवा देंगे। मुख्यमंत्री भी बना देंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

5. भारत ने जिम्बाब्वे से वनडे सीरीज जीती, इंटरनेशनल करियर में शुभमन गिल का पहला शतक

भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरा वनडे मुकाबला 13 रन से जीतकर तीन मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप कर लिया है। भारत ने पहले खेलते हुए 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 289 रन बनाए। शुभमन गिल ने 97 गेंद में 130 रनों की पारी खेलकर अपने इंटरनेशनल करियर का पहला शतक जड़ा। वहीं, जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 49.3 ओवर में 276 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जिम्बाब्वे की ओर से सिकंदर रजा ने 95 गेंद पर शानदार 115 रन बनाए।
पढ़ें पूरी खबर…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

खबर लेकिन कुछ हटके…

मुफ्त योजनाओं में भारत से कहीं आगे हैं अमेरिका और यूरोपीय देश
मुफ्त, मुफ्त, मुफ्त! यह आवाज त्योहारी सेल और चुनावी साल में खूब सुनने को मिलती है। भारत में बिजली-पानी और ईंधन पर सब्सिडी पर सबसे ज्यादा शोर है। जबकि फिनलैंड, स्वीडन और डेनमार्क समेत कई देशों में शिक्षा और इलाज पूरी तरह मुफ्त है।

यानी साधारण सर्दी-जुकाम से लेकर ऑर्गन ट्रांसप्लांट जैसे खर्चीले इलाज तक सब कुछ मुफ्त। शिक्षा भी बिना किसी भेदभाव के सबके लिए नर्सरी से PhD तक पूरी तरह मुफ्त है। कई यूरोपीय देश मकान किराया देने में भी आर्थिक मदद देते हैं। अमेरिका में भी नौकरी जाने पर सोशल सिक्योरिटी अलाउंस का प्रावधान है। पढ़िए भास्कर रिसर्च…​​​

खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

फोटो जो खुद में खबर है…

फोटो फिलिपींस मेकाबेबे शहर के एक स्कूल का है। पम्पानगा राज्य के इस स्कूल में बच्चे राष्ट्रगान गा रहे हैं। कक्षा में बाढ़ का पानी है। फिलिपींस दुनिया के उन देशों में शुमार है जहां प्राकृतिक आपदाएं और खासतौर पर बाढ़ का खतरा बहुत गंभीर होता है। बहरहाल, हम यही कामना करेंगे कि राष्ट्र के लिए ईश्वर का वंदन कर रहे इन नौनिहालों की नीली छतरी वाला जरूर सुने। इन्हें बाढ़ और हर दूसरी मुसीबत से बचाए।

फोटो फिलिपींस मेकाबेबे शहर के एक स्कूल का है। पम्पानगा राज्य के इस स्कूल में बच्चे राष्ट्रगान गा रहे हैं। कक्षा में बाढ़ का पानी है। फिलिपींस दुनिया के उन देशों में शुमार है जहां प्राकृतिक आपदाएं और खासतौर पर बाढ़ का खतरा बहुत गंभीर होता है। बहरहाल, हम यही कामना करेंगे कि राष्ट्र के लिए ईश्वर का वंदन कर रहे इन नौनिहालों की नीली छतरी वाला जरूर सुने। इन्हें बाढ़ और हर दूसरी मुसीबत से बचाए।

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
इतिहास में 23 अगस्त यानी आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। 54 साल पहले इसी दिन पता चला था कि चांद से हमारी पृथ्वी कैसी दिखती है। 23 अगस्त 1966 को चांद की कक्षा से धरती की फोटो ली गई थी। हालांकि, यह अंतरिक्ष से धरती की पहली तस्वीर नहीं थी, क्योंकि इससे पहले 1940 के दशक में रॉकेट्स से, 1950 के दशक में सैटेलाइट्स ने पृथ्वी की तस्वीरें खींची थी। लेकिन उसमें कुछ हिस्से ही दिखाई दिए थे।

नौकरी और बिजनेस के लिए मेष और मिथुन राशि वालों का दिन अच्छा रहेगा। जानिए, आज का राशिफल

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

खबरें और भी हैं…