हिमाचल के मंत्री का पर्यटकों को निमंत्रण: विक्रमादित्य बोले- कम एंड एन्जॉय द नेचर; अब सैलानियों की यात्रा के लिए प्रदेश सुरक्षित

शिमला3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
हिमाचल के PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह - Dainik Bhaskar

हिमाचल के PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह

हिमाचल के लोक निर्माण मंत्री (PWD) विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश अब सैलानियों की यात्रा के लिए सुरक्षित है। सरकार व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रयास कर रही है। खुद मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और पूरा मंत्रिमंडल व्यवस्था दुरुस्त करने में लगा है।

PWD मंत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके कहा कि सैलानी यहां आकर प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद उठा सकते हैं। प्रदेश में पिछले दिनों जिस तरह कुल्लू-मनाली, मंडी व शिमला में त्रासदी हुई है, सरकार उससे बाहर निकलने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री, उनकी पूरी कैबिनेट टीम व सरकार बहाली का कार्य पूरे प्रदेश में मजबूती के साथ कर रही है। इस आपदा से प्रदेश में पर्यटन कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है, लेकिन अब स्थिति दिन प्रतिदिन बेहतर हो रही है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल पर्यटकों के लिए यात्रा करने के लिए सुरक्षित है। पर्यटक यहां की खूबसूरती को निहार सकते हैं। पर्यटकों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

टूरिज्म को करोड़ों की चपत

प्रदेश में भारी बारिश के कारण टूरिज्म इंडस्ट्री को करोड़ों का नुकसान हुआ है। शिमला, मनाली, धर्मशाला सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर ऑक्युपेंसी जीरो फीसदी तक गिर गई है। अमूमन प्रदेश में 15 जुलाई तक मानसून सीजन रहता है, लेकिन इस बार बरसात जल्दी आने से जून के आखिरी सप्ताह और जुलाई के पहले पखवाड़े में इस इंडस्ट्री को बहुत नुकसान हुआ है।

खासकर सात से 11 जुलाई के बीच की भारी बारिश के बाद पर्यटकों ने अपनी सारी एडवांस बुकिंग कैंसल की है। इससे पर्यटन से जुड़े लोगों को नुकसान हुआ है।

खबरें और भी हैं…