सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में नया खुलासा: हरियाणा के जोगा ने दी थी बोलेरो मॉड्यूल के शूटरों को पनाह; पंजाब पुलिस गुरुग्राम जेल से लाई

रामपुरा फूल13 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की पिछले साल 29 मई को मानसा में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। - Dainik Bhaskar

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की पिछले साल 29 मई को मानसा में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के कत्ल केस में पंजाब पुलिस ने तीसरी चार्जशीट पेश कर दी है। इसमें कत्ल में शामिल नए आरोपी के बारे में खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में हरियाणा में भिवानी के रहने वाले लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर जोगिंदर सिंह उर्फ जोगा को गुरुग्राम की भोंडसी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया है। जिसके बाद मानसा कोर्ट में उसके खिलाफ चालान पेश किया गया।

चालान के मुताबिक जोगा ने ही मूसेवाला के कत्ल में शामिल हरियाणा के बोलेरो मॉड्यूल के शूटर प्रियवर्त फौजी, अंकित सेरसा, कशिश और दीपक मुंडी के ठहरने का इंतजाम किया था। जोगा 2015 से लॉरेंस गैंग का मेंबर है।

वह कत्ल के दौरान वह राजिंदर जोकर और लॉरेंस के भांजे सचिन थापन के संपर्क में था। गोल्डी बराड़ के कहने पर उसने मूसेवाला के कत्ल से पहले इन शूटरों के रहने का इंतजाम किया था।

राजिंदर जोकर ने किया था खुलासा
पुलिस के मुताबिक जोगिंदर सिंह उर्फ जोगा हरियाणा में भिवानी जिले के बरदूनई थाना बिहाल का रहने वाला है। 4 जून 2022 को उसे कत्ल केस में शामिल किया गया। राजिंदर सिंह जोकर ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि जोगिंदर सिंह जोगा भी मूसेवाला हत्याकांड में शामिल है। इसके बाद कोर्ट से उसके गिरफ्तारी वारंट लिए गए, लेकिन वह पकड़ा नहीं जा सका। जिसके बाद उसे भगोड़ा करार दे दिया गया।

गुरुग्राम की जेल में बंद था जोगा
इसके बाद पुलिस को पता चला कि जोगिंदर जोगा 31 मई 2023 को गुरुग्राम के भोंडसी में दर्ज लूट और आर्म्स एक्ट के केस में जेल में बंद है। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट लिया और उसे जेल से गिरफ्तार किया।

मूसेवाला के कत्ल के बाद कार में जश्न मनाते हरियाणा के शूटर्स। इन्हीं को जोगिंदर जोगा ने पनाह दी थी।

मूसेवाला के कत्ल के बाद कार में जश्न मनाते हरियाणा के शूटर्स। इन्हीं को जोगिंदर जोगा ने पनाह दी थी।

कत्ल के बाद हथियार-मोबाइल छिपा लिए थे
मानसा ले जाकर उससे पूछताछ की गई तो जोगा ने बताया कि उसने कत्ल के बाद अपना अवैध हथियार और मोबाइल राजिंदर जोकर के किराए वाले मकान में छिपा दिया। यह मकान हरियाणा की उकलाना भूना रोड पर बस स्टैंड के पास है। हालांकि पुलिस वह बरामदगी नहीं हो सकी।

कत्ल केस में राजिंदर जोकर का रोल
पुलिस के मुताबिक जोगा के बारे में खुलासा करने वाले राजिंदर जोकर ने मूसेवाला के कातिलों के ठहरने का प्रबंध किया था। वह 2015 से लॉरेंस गैंग का मेंबर है। उसने लॉरेंस गैंग के गोल्डी बराड़ के कहने पर मूसेवाला के कत्ल के बोलेरो मॉड्यूल वाले हरियाणा के शूटरों प्रियवर्त फौजी, अंकित सेरसा, कशिश उर्फ कुलदीप और दीपक मुंडी के ठहरने का प्रबंध किया था। जोकर मूसेवाला के कत्ल के लिए गोल्डी बराड़, लॉरेंस, अनमोल बिश्नोई, सचिन थापन, जग्गू भगवानपुरिया और शूटरों के साथ प्लानिंग में शामिल था। उसने कत्ल करने के बाद इन शूटरों को ठहराया था।

मूसेवाला के कत्ल केस में 193 गवाह
पुलिस के चालान में सिद्धू मूसेवाला के कत्ल केस में 193 गवाह बनाए गए हैं। जिनमें मूसेवाला के माता-पिता बलकौर सिंह और चरणजीत कौर, हत्या के दिन मूसेवाला के साथ थार में सवार गुरप्रीत सिंह और गुरविंदर सिंह के अलावा पंजाब और दिल्ली पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, गन हाउस मालिक, मेडिकल करने वाले डॉक्टर आदि शामिल हैं।

4 आरोपी अभी भी फरार
मूसेवाला के कत्ल केस में 4 आरोपी अभी भी फरार हैं। इनमें नवजोत सिंह पंधेर, कंवर ग्रेवाल, अवतार सिंह और जीवनजोत उर्फ जुगनू शामिल हैं। इनमें से नवजोत और कंवर लुधियाना के रहने वाले हैं। कंवर इस वक्त कनाडा में है। अवतार और जुगनू मानसा के ही रहने वाले हैं।

सिद्धू मूसेवाला अपने पिता बलकौर सिंह और माता चरणजीत कौर के साथ। मूसेवाला की सगाई हो चुकी थी लेकिन शादी से पहले ही हत्या कर दी गई। संस्कार के वक्त उन्हें सेहरा सजाकर अंतिम विदाई दी गई थी।

सिद्धू मूसेवाला अपने पिता बलकौर सिंह और माता चरणजीत कौर के साथ। मूसेवाला की सगाई हो चुकी थी लेकिन शादी से पहले ही हत्या कर दी गई। संस्कार के वक्त उन्हें सेहरा सजाकर अंतिम विदाई दी गई थी।

2 मॉड्यूल बना कराई थी मूसेवाला की हत्या
सिद्धू मूसेवाला की हत्या 29 मई 2022 को मानसा के गांव जवाहरके में गोलियां मारकर की गई थी। उस वक्त वह अपनी थार में 2 दोस्तों के साथ रिश्तेदार के घर जा रहे थे। उनके साथ कोई गनमैन नहीं था।

तब पंजाब और हरियाणा मॉड्यूल बोलेरो और कोरोला सवार 6 शूटरों ने उन्हें गोलियां मार दी। बोलेरो मॉड्यूल में हरियाणा के शूटर थे जबकि कोरोला में पंजाब के शूटर मनप्रीत उर्फ मन्नू कुस्सा और जगरूप रूपा थे। जिन्हें बाद में पुलिस ने अमृतसर के अटारी में एनकाउंटर में मार दिया।

हरियाणा के शूटर प्रियवर्त फौजी, अंकित सेरसा, दीपक मुंडी और कशिश को दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया था। लॉरेंस गैंग ने मोहाली में मारे गए अकाली नेता विक्की मिड्‌डूखेड़ा के कत्ल का बदला लेने के लिए मूसेवाला को मरवाया था। इस मामले में गैंगस्टर लॉरेंस समेत करीब 30 आरोपी बनाए गए हैं। हालांकि मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ और लॉरेंस का भाई अनमोल बिश्नोई विदेश में छिपे हुए हैं।

खबरें और भी हैं…