राजनाथ बोले- POK पर हमला कर कब्जे की जरूरत नहीं: जम्मू-कश्मीर में हालात बदल रहे, यह देखकर वहां के लोग खुद भारत में रहना चाहते हैं

नई दिल्ली1 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
राजनाथ सिंह लखनऊ लोकसभा सीट से 2024 का चुनाव लड़ रहे हैं। वे मौजूदा सरकार में रक्षा मंत्री हैं। - Dainik Bhaskar

राजनाथ सिंह लखनऊ लोकसभा सीट से 2024 का चुनाव लड़ रहे हैं। वे मौजूदा सरकार में रक्षा मंत्री हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (POK) पर भारत को हमले की जरूरत नहीं है। वहां के लोग खुद भारत में शामिल होना चाहते हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि POK हमारा था, है और हमारा ही रहेगा।

राजनाथ ने कहा- मुझे लगता है कि भारत को कुछ नहीं करना पड़ेगा। जिस तरह से जम्मू-कश्मीर में जमीनी हालात बदले हैं। आर्थिक प्रगति हो रही है और शांति लौटी है। मुझे लगता है कि POK के लोगों की ओर से मांग उठेगी कि वे भारत के साथ रहना चाहते हैं।

न्यूज एजेंसी PTI को दिए इंटरव्यू में रक्षा मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में जमीनी स्थिति में काफी सुधार हुआ है और एक समय आएगा जब केंद्र शासित प्रदेश में AFSPA (सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम) की आवश्यकता नहीं होगी।

राजनाथ ने कहा कि हालांकि मामला गृह मंत्रालय के अधीन है, इसलिए निर्णय भी उन्हें ही लेना है। मेरा मानना है कि वहां जल्द ही विधानसभा चुनाव होंगे। लेकिन अभी कोई तय समय नहीं बताया जा सकता।

पाकिस्तान को आतंकवाद रोकना होगा
रक्षा मंत्री ने जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान के छद्म युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि इस्लामाबाद को सीमा पार आतंकवाद को रोकना होगा। उन्होंने कहा- वे भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं और हम ऐसा नहीं होने देंगे।

भारत कहता रहा है कि वह पाकिस्तान के साथ एक सामान्य पड़ोसी जैसे संबंधों की इच्छा रखता है। आतंक और दोस्ती एक साथ नहीं हो सकती है। अच्छे संबंधों के लिए इस्लामाबाद को आतंक की घटनाओं पर रोक लगानी होगी।

राजनाथ बोले- राहुल में आग नहीं, पर कांग्रेस आग से जरूर खेल रही
राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी के बहाने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा- राहुल गांधी में काई आग नहीं है। लेकिन उनकी पार्टी चुनावी फायदे के लिए हिंदू-मुस्लिम विभाजन पैदा करने का प्रयास कर आग से जरूर खेल रही है। कांग्रेस धार्मिक आधार पर तनाव पैदा करने की कोशिश कर रही है। वह सामाजिक सौहार्द बिगाड़ रही है।

कांग्रेस मुस्लिमों को वोट बैंक के रूप में देखती है
राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस मुस्लिम समुदाय को केवल वोट बैंक के रूप में देखती है। मेरा उनके लिए एक सुझाव है- राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं की जानी चाहिए। राजनीति का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण होना चाहिए। हमारी सरकार तीसरी बार आती है तो समान नागरिक संहिता (UCC) और एक राष्ट्र एक चुनाव लागू करेंगे।

PM नरेंद्र मोदी पर देश को भरोसा, हम 400 पार सीटें लाएंगे
राजनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर देश को भरोसा है। उन्हें विश्वास है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) 400 सीटों को पार कर जाएगा और भाजपा को 370 से अधिक सीटें मिलेंगी। ये अनुमान जमीनी स्थिति के विस्तृत जायजा लेने के बाद लगाए गए हैं।

केरल में खाता खुलेगा, उत्तर प्रदेश और बंगाल में सीटें बढ़ेंगी
राजनाथ ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में हमारी सीटें बढ़ेंगी और हमें तमिलनाडु में कुछ सीटें मिलेंगी। केरल में भी हमारा खाता खुलेगा। हम आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अच्छी संख्या में सीटें जीत रहे हैं। हम ओडिशा, झारखंड और असम में अपनी सीटें बढ़ाएंगे। हम छत्तीसगढ़ में जीत हासिल कर रहे हैं। भाजपा 370 का आंकड़ा पार कर जाएगी। यह पूछे जाने पर कि क्या महाराष्ट्र में भाजपा की सीटें कम होंगी, उन्होंने सीधा जवाब नहीं दिया लेकिन कहा कि यहां-वहां से कुछ उडजस्टमेंट हो जाएगा।

खबरें और भी हैं…