मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: चर्चा- तीनों CM नए चेहरे होंगे, शाह बोले- नेहरू की गलती से PoK बना; करणी सेना अध्यक्ष को गोली मारने वाला फौजी

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; BJP Rajasthan CM | Madhya Pradesh Shivraj Chouhan | Karni Sena Sukhdev Singh Murder Reason | Amit Shah Nehru Letter

9 मिनट पहलेलेखक: शुभांक शुक्ला, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर लोकसभा में पास हुए जम्मू-कश्मीर से जुड़े बिल से रही। ​​​सदन में चर्चा के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने नेहरू की गलतियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि नेहरू की गलती से PoK बना। उधर, राजपूत करणी सेना अध्यक्ष की हत्या के विरोध में राजस्थान बंद रहा। इस दौरान कई जगह पत्थरबाजी हुई। हम आपको आगे तीनों राज्यों में CM के ऐलान से जुड़ी खबर बताएंगे…

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. तेलंगाना में रेवंत रेड्डी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्य में पहली बार कांग्रेस की सरकार बन रही है।
  2. इलाहाबाद हाईकोर्ट में ज्ञानवापी केस से जुड़ी पांच याचिकाओं पर सुनवाई होगी।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. शाह ने कश्मीर मुद्दे पर नेहरू की गलतियां गिनाईं, कहा- उन्होंने ब्लंडर किया था

लोकसभा में जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन विधेयक पर अमित शाह ने 6 दिसंबर को जवाब दिया।

लोकसभा में जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन विधेयक पर अमित शाह ने 6 दिसंबर को जवाब दिया।

शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन लोकसभा में जम्मू-कश्मीर आरक्षण (संशोधन) बिल और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) बिल पास हुए। चर्चा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नेहरू की गलती की वजह से पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर बना। जब हमारी सेना जीत रही थी, तब सीजफायर कर दिया गया। यह नेहरू का ब्लंडर था।

ये खबर अहम क्यों है: जम्मू-कश्मीर से जुड़े बिल में विधानसभा की 107 सीटों को बढ़ाकर 114 करने का प्रावधान है। इसमें 2 सीटें कश्मीर विस्थापितों के लिए आरक्षित करने की बात कही गई है। इसके अलावा एक सीट POK के विस्थापित व्यक्ति को दी जाएगी। शाह का कहना है कि यह बिल उन लोगों को अधिकार दिलाने का बिल है, जिनकी अनदेखी की गई।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. तीन राज्यों में CM को लेकर PM आवास में बैठक, नए चेहरों को मिल सकता है मौका

मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री को लेकर बीजेपी में मंथन जारी है। प्रधानमंत्री आवास पर PM मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बैठक हुई। इससे पहले बीजेपी हेडक्वार्टर में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि भाजपा तीनों राज्यों में सीएम पद के लिए नए चेहरों पर विचार कर रही है।

ये खबर अहम क्यों है: तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने कुल 21 सांसदों को मैदान में उतारा था। इनमें से 12 सांसद चुनाव जीते जबकि 9 हार गए। जीते हुए 12 सांसदों में से 11 ने बुधवार को लोकसभा सांसद पद से इस्तीफा दे दिया। इनमें से कुछ सांसद मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल है। हालांकि, राजस्थान से चुनाव जीतने वाले बालकनाथ ने अभी इस्तीफा नहीं दिया है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. करणी सेना अध्यक्ष को गोली मारने वाला सेना का जवान, घटना को लेकर राजस्थान में विरोध

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में राजस्थान के कई शहरों में प्रदर्शन हुए। भीलवाड़ा में ट्रेन रोक दी गई।

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में राजस्थान के कई शहरों में प्रदर्शन हुए। भीलवाड़ा में ट्रेन रोक दी गई।

राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के दोनों हत्यारों की पहचान कर ली गई है। इनमें एक शूटर मकराना का रोहित और दूसरा हरियाणा के महेंद्रगढ़ का निवासी नितिन फौजी है। नितिन सेना का जवान है। उसी ने गोगामेड़ी के सिर में गोली मारी थी। नितिन नवंबर में छुट्टी लेकर घर (महेंद्रगढ़) आया था। फिर वो चला गया। घरवालों को इसकी जानकारी नहीं थी कि नितिन कहां गया। जब गोगामेड़ी हत्याकांड का वीडियो आया तो परिवारवालों ने नितिन को पहचाना। पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।

ये खबर अहम क्यों है: गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में राजस्थान बंद रहा। कई शहरों में प्रदर्शन के साथ-साथ पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आईं। राज्यपाल कलराज मिश्र ने कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत की और राजस्थान के हालात के बारे में जानकारी दी।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. दुनिया की सबसे शक्तिशाली महिलाओं की लिस्ट में 5वीं बार निर्मला सीतारमण का नाम

फोर्ब्स की 100 सबसे पावरफुल महिलाओं की लिस्ट में चार भारतीय हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार 5वीं बार इस लिस्ट में जगह बनाई है। वे 32वें नबंर पर हैं, जबकि पिछले साल 36वें स्थान पर थीं। इसके अलावा HCL कॉर्पोरेशन की CEO रोशनी नाडर मल्होत्रा, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया की चेयरपर्सन सोमा मंडल और बायोकॉन की फाउंडर किरण मजूमदार-शॉ भी लिस्ट में शामिल हैं।

ये खबर अहम क्यों है: अमेरिकी बिजनेस मैगजीन हर साल दुनिया की 100 ताकतवर महिलाओं की लिस्ट जारी करती है। फोर्ब्स के मुताबिक, यह चार प्रमुख मैट्रिक्स के आधार पर रैंकिंग निर्धारित करता है: पैसा, मीडिया, प्रभाव और प्रभाव के क्षेत्र। पॉलिटिकल लीडर्स के लिए पत्रिका ने GDP और पॉपुलेशन को मानक के रूप में लिया है। वहीं, कॉर्पोरेट लीडर्स के लिए राजस्व, मूल्यांकन और एंप्लॉयीज की संख्या को लिया है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा में 7 हजार लोगों को न्योता, सचिन-विराट और अमिताभ समेत कई सेलिब्रिटीज आएंगे

अयोध्या में बन रहे राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए 7000 लोगों को निमंत्रण भेजा जा रहा है। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ, RSS प्रमुख मोहन भागवत समेत 3 हजार VVIP के नाम हैं। लिस्ट में क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, कंगना रनौत, अमिताभ बच्चन समेत कई सेलिब्रिटीज के नाम हैं। इसके अलावा देशभर से 4000 साधु-संतों को बुलाया जा रहा है। साथ ही 50 कारसेवक परिवार के लोगों को भी बुलाया गया है, जिन्होंने आंदोलन के दौरान जान गंवाई थी।

ये खबर अहम क्यों है: 22 जनवरी को राम मंदिर में रामलला 5 वर्षीय बालक स्वरूप में विराजे जाएंगे। इसके लिए कर्नाटक के दो और राजस्थान के एक पत्थर से कुल तीन मूर्तियां बनाई जा रही हैं। मूर्तियां 90 फीसदी तैयार हो गई हैं। इन्हें फाइनल टच दिया जा रहा है। इनमें से सबसे आकर्षक मूर्ति का चयन किया जाएगा।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

​​​​​​​​​​​​6. सूरज पर बना 60 पृथ्वी जितना बड़ा गड्ढा, इससे तेज सोलर तरंगें धरती की तरफ आ रहीं

नासा के वैज्ञानिकों ने सूरज की सतह पर एक बहुत बड़े गड्ढे का पता लगाया है। इसकी चौड़ाई 8 लाख किलोमीटर है। आसान भाषा में समझें तो यह इतना बड़ा है कि इसमें 60 पृथ्वी समा सकती हैं। इस बड़े गड्ढे को कोरोनल होल नाम दिया गया है। वैज्ञानिकों के मुताबिक कोरोनल होल से सोलर विंड पृथ्वी की तरफ आ रही हैं। इससे रेडियो और सैटेलाइट कम्युनिकेशन टूट सकता है।

ये खबर अहम क्यों है: कोरोनल होल सूरज की भूमध्यरेखा यानी इक्वेटर पर बना है। इसकी खोज 2 दिसंबर 2023 को ही हो गई थी, लेकिन अगले 24 घंटे में इसकी चौड़ाई बढ़कर 8 लाख किमी हो गई। कोरोनल होल से पृथ्वी की तरफ सोलर विंड आने का सिलसिला 4 दिसंबर से लगातार जारी है। इसके असर से लोगों को आसमान में चमकदार रोशनी देखने को मिल सकती है।​​​​​​​

पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. तूफान से चेन्नई में तबाही, 72 घंटे से बिजली नहीं; वायु सेना के हेलिकॉप्टर से खाना पहुंचाया गया

इंडियन एयर फोर्स ने चेन्नई में बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे हुए लोगों तक खाना पहुंचाया।

इंडियन एयर फोर्स ने चेन्नई में बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे हुए लोगों तक खाना पहुंचाया।

बंगाल की खाड़ी से 2 दिसंबर को उठा साइक्लोन मिचौंग 5 दिसंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराया। उससे पहले तूफान ने तमिलनाडु के चेन्नई में काफी तबाही मचाई। यहां एक दिन में सबसे ज्यादा 50 सेमी बारिश हुई। कई इलाके पिछले तीन दिन से बाढ़ में डूबे हुए हैं। कई जगहों में 72 घंटे से बिजली नहीं आ रही, इंटरनेट बंद है। एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर से बाढ़ में फंसे लोगों तक खाना पहुंचाया जा रहा है।

ये खबर अहम क्यों है: राज्य के चार जिलों में स्कूलों में होने वाली छमाही परिक्षाएं पोस्टपोन कर दी गई हैं।​​​​​​​​​​​​​​ CM एमके स्टालिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेटर लिखकर 5060 करोड़ रुपए की मदद मांगी। DMK सांसद टीआर बालू ने इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है।​​​​​​​

पूरी खबर यहां पढ़ें…

​​​​​​​कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. कमलनाथ से खड़गे ने हार की वजह पूछी:कांग्रेस नेता ने मुंह पर कालिख पोती; कहा- बरैया को मुंह काला नहीं करने दूंगा (पढ़ें पूरी खबर)
  2. बिहार के एक्सिस बैंक में साढ़े 16 लाख की डकैती: एसपी समेत 150 पुलिसकर्मी राइफल-पिस्टल लेकर सरेंडर-सरेंडर चिल्लाते रहे, लुटेरे भाग चुके थे (पढ़ें पूरी खबर)
  3. तानाशाह किम जोंग रो पड़े:नॉर्थ कोरिया की महिलाओं से ज्यादा बच्चे पैदा करने को कहा, बोले- ये देशभक्ति का काम (पढ़ें पूरी खबर)
  4. हमास ने बंधकों को छोड़ने से पहले ड्रग्स दिए: दुनिया के सामने इन्हें खुश दिखाना था; अमेरिका बोला- कट्टरपंथी इजराइलियों को वीजा नहीं देंगे (पढ़ें पूरी खबर)
  5. 5 दिन में 481 करोड़ हुआ एनिमल का वर्ल्डवाइड कलेक्शन: मंगलवार को देशभर में कमाए 38 करोड़, सैम बहादुर का टोटल कलेक्शन 32 करोड़ (पढ़ें पूरी खबर)
  6. सरकार ने 100 से ज्यादा वेबसाइट ब्लॉक की: पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर होती थी ठगी, विदेश से ऑपरेट होती थीं वेबसाइट्स (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

पाकिस्तान में मस्जिदों से जूते चुरा कर ऑनलाइन बेचता था शख्स, पुलिस ने किया अरेस्ट

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मस्जिदों से जूते चुराकर ऑनलाइन बेचने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम यासिर है। 5 दिसंबर को एक मस्जिद के बाहर भीड़ ने यासिर को जूते चुराते हुए रंगे हाथों पकड़ा और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वो हर जुमे के दिन मस्जिदों से जूते चुराता था और फिर ऑनलाइन बेचता था। वो अब तक लाखों रुपए के चोरी के जूते बेच चुका है।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…