मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: केजरीवाल 15 अप्रैल तक तिहाड़ भेजे गए; इस साल ज्यादा गर्मी, 20 दिन लू चलेगी; 10 ग्राम सोना ₹68,964 का

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Arvind Kejriwal ED Case | IMD Heatwave Alert

23 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल से जुड़ी रही, अदालत ने उन्हें 15 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में तिहाड़ जेल भेजा है। एक खबर मौसम विभाग के पूर्वानुमान की रही, जिसमें इस साल ज्यादा गर्मी पड़ने की बात कही गई है।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड के रुद्रपुर में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद राजस्थान के कोटपूतली में रैली करेंगे।
  2. सिटीजनशिप अमेंडमेंट एक्ट (CAA) पर केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट में जवाब दाखिल करेगी। इस मामले में 8 अप्रैल को एफिडेविट फाइल होगा और 9 अप्रैल को दोबारा सुनवाई होगी।
  3. IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला होगा। यह मैच बेंगलुरु में खेला जाएगा।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. केजरीवाल 15 अप्रैल तक तिहाड़ भेजे गए, बैरक में अकेले रहेंगे, 6 लोगों से मिल सकेंगे

अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट में पेशी से पहले मीडिया से कहा- ये जो कर रहे हैं, ये ठीक नहीं है।

अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट में पेशी से पहले मीडिया से कहा- ये जो कर रहे हैं, ये ठीक नहीं है।

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शराब नीति केस में CM अरविंद केजरीवाल को 15 अप्रैल तक ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा है। वो तिहाड़ में जेल नंबर 2 में रहेंगे। यहां बैरक में वह अकेले रहेंगे। ED ने कोर्ट में दलील दी थी कि केजरीवाल जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी और रिमांड के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है। ED आज हाईकोर्ट में जवाब दाखिल करेगी।

केजरीवाल ने जेल प्रशासन को 6 लोगों की लिस्ट दी है, जो कानून के तहत उनसे मुलाकात कर सकते हैं। इसमें पत्नी सुनीता, बेटा पुलकित-बेटी हर्षिता, प्राइवेट सेक्रेटरी बिभव कुमार, AAP महासचिव संदीप पाठक और एक दोस्त का नाम है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. अगले हफ्ते 2° से 5° तापमान बढ़ सकता है, MP-महाराष्ट्र समेत 6 राज्य ज्यादा तपेंगे
मौसम विभाग ने इस साल देश में ज्यादा गर्मी पड़ने का अनुमान जताया है। अप्रैल से जून के बीच 3 महीने तापमान औसत से ज्यादा रहेगा। इस दौरान 20 दिन लू चल सकती है। यह आमतौर पर 8 दिन ही चलती है। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में गर्मी का ज्यादा असर रहेगा। अगले हफ्ते इन राज्यों में तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

हीट वेव क्या है: यह अत्यधिक गर्म मौसम की अवधि है जो आमतौर पर दो या उससे अधिक दिन तक रहती है। जब किसी मैदानी इलाके का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा और पहाड़ी इलाके का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा हो जाता है तो इसे हीटवेव (लू) माना जाता है। अगर तापमान 47 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा हो जाता है तो यह हीटवेव की गंभीर कैटेगरी मानी जाती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. सोना एक ही दिन में ₹1700 महंगा हुआ, पहली बार 10 ग्राम की कीमत ₹68,964 पहुंची

सर्राफा बाजार में 10 ग्राम सोना 1,712 रुपए महंगा होकर 68,964 पर बंद हुआ। यह ऑल टाइम हाई है। इस साल सिर्फ 3 महीने में ही सोने के दाम 5,662 रुपए बढ़ चुके हैं। 1 जनवरी 2024 को 10 ग्राम सोने की कीमत 63,302 रुपए थी। चांदी भी 1,273 रुपए महंगी होकर 75,400 रुपए प्रति किलो ग्राम पर पहुंच गई है। इससे पहले ये 74,127 रुपए पर थी। साल के अंत तक सोने की कीमत ₹70 हजार प्रति 10 ग्राम तक जा सकती है।

2023 में ₹8 हजार से ज्यादा महंगा हुआ था सोना: साल 2023 की शुरुआत में सोना 54,867 रुपए प्रति ग्राम पर था, जो 31 दिसंबर को 63,246 रुपए प्रति ग्राम पर पहुंच गया था। यानी साल 2023 में इसकी कीमत में 8,379 रुपए (16%) की तेजी आई। वहीं चांदी भी 68,092 रुपए से बढ़कर 73,395 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. ज्ञानवापी में पूजा- नमाज जारी रहेगी, SC ने पूजा पर रोक लगाने वाली याचिका खारिज की
ज्ञानवापी के व्यास तहखाने में पूजा के खिलाफ मस्जिद कमेटी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि ज्ञानवापी में यथास्थिति बरकरार रहेगी। यानी मस्जिद के बाकी हिस्सों में मुसलमान नमाज अदा करेंगे और तहखाने में हिंदू पूजा करते रहेंगे। चीफ जस्टिस ने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी के बिना इसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

क्या था हाईकोर्ट का आदेश: हाईकोर्ट ने 26 फरवरी के अपने आदेश में वाराणसी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा था, जिसमें हिंदुओं को ज्ञानवापी मस्जिद के दक्षिणी तहखाने ‘व्यास तहखाना’ के अंदर देवताओं की पूजा करने की इजाजत दी गई थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. शाह बोले- BJP में चुनाव कार्यकर्ताओं के दम पर जीतते हैं, 4 सीटों पर जीत की प्लानिंग दी

गृह मंत्री अमित शाह ने जोधपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘भाजपा ऐसी पार्टी है, जिसमें चुनाव नेताओं के दम पर नहीं जीते जाते। बूथ के कार्यकर्ताओं के दम पर ​जीते जाते हैं। मैंने जोधपुर, बाड़मेर, पाली और जालोर-सिरोही लोकसभा सीट पर जीत के लिए डिटेल प्लान दे दिया है। इस प्लान को लागू करना कठिन है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता ऐसे काम कर लेते हैं।’

शाह बोले- कांग्रेस को आम लोगों की चिंता नहीं: शाह ने कहा गहलोत अपने बेटे को CM बनाना चाहते हैं। सोनिया गांधी अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। इन्हें आम लोगों की चिंता नहीं है। वहीं CM भजनलाल बोले- मोदी ने नेताओं को राजनीति करना सिखा दिया। वादा पूरा होने की गारंटी अगर कोई देता है तो वो सिर्फ मोदी हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. IPL में मुंबई की लगातार तीसरी हार, होमग्राउंड पर राजस्थान ने 6 विकेट से हराया

IPL में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 6 विकेट से हरा दिया। ​​वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाए। ट्रेंट बोल्ट और युजवेंद्र चहल ने 3-3 विकेट लिए। मुंबई से तिलक वर्मा ने 32 और हार्दिक पंड्या ने 34 रन बनाए। राजस्थान ने 126 रन का टारगेट 15.3 ओवर में हासिल कर लिया। टीम से रियान पराग ने फिफ्टी लगाई, वह 54 रन बनाकर नॉटआउट रहे। मुंबई के लिए आकाश मधवाल ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।

MI की तीसरी हार: 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को इस सीजन में लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है। वहीं राजस्थान की यह सीजन में लगातार तीसरी जीत रही।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. MP में प्रॉपर्टी की नई गाइडलाइन चुनाव के बाद लागू होंगी; सड़कों पर सफर हुआ महंगा
मध्यप्रदेश में प्रॉपर्टी की नई गाइडलाइन एक अप्रैल से लागू नहीं हुई। नई दरें चुनाव के बाद लागू होंगी। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता की वजह से यह फैसला लिया गया है। प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री 2023-24 की गाइडलाइन के मुताबिक ही होगी। उधर, प्रदेश के 102 टोल बैरियर में से 10 मार्गों पर टोल टैक्स महंगे हो गए हैं। 4 नेशनल हाईवे और 6 स्टेट हाईवे के टोल टैक्स बढ़ाए गए हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. चीन ने अरुणाचल को अपना हिस्सा बताया, 30 जगहों के नाम बदले, 7 साल में चौथी बार ऐसा किया
चीन ने अरुणाचल प्रदेश को अपना हिस्सा बताकर वहां की 30 जगहों के नाम बदले हैं। चीन की सिविल अफेयर मिनिस्ट्री ने इसकी जानकारी दी है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, इनमें से 11 रिहायशी इलाके, 12 पर्वत, 4 नदियां, एक तालाब और एक पहाड़ से निकलने वाला रास्ता शामिल है। पिछले 7 साल में ऐसा चौथी बार हुआ है जब चीन ने अरुणाचल की जगहों का नाम बदला हो।

जयशंकर बोले- नाम बदलने से कुछ नहीं होता: विदेश मंत्री गुजरात के सूरत शहर में थे। इस दौरान उनसे चीन की हरकत के बारे में पूछा गया। इस पर जयशंकर ने कहा, ‘अगर आज मैं आपके घर का नाम बदल दूं तो क्या वह मेरा हो जाएगा? अरुणाचल प्रदेश भारत का राज्य था, है और रहेगा। नाम बदल देने से कुछ नहीं होता और न ही इससे कोई प्रभाव पड़ता है। आप सब जानते हैं कि हमारी सेना वहां (LAC) तैनात है। सेना जानती है कि उसे वहां क्या करना है।’

नाम बदलने के पीछे चीन का क्या दावा है: दरअसल, चीन अरुणाचल को ‘दक्षिणी तिब्बत’ का हिस्सा बताता है। अरुणाचल प्रदेश पूर्वोत्तर का सबसे बड़ा राज्य है। नॉर्थ और नॉर्थ वेस्ट में तिब्बत, वेस्ट में भूटान और ईस्ट में म्यांमार के साथ यह अपनी सीमा साझा करता है। अरुणाचल प्रदेश को पूर्वोत्तर का सुरक्षा कवच कहा जाता है। चीन का दावा तो पूरे अरुणाचल पर है, लेकिन उसकी जान तवांग जिले पर अटकी है। तवांग अरुणाचल के नॉर्थ-वेस्ट में हैं, जहां पर भूटान और तिब्बत की सीमाएं हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By इस्माइल लहरी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. नेशनल: के. कविता की जमानत याचिका पर 4 अप्रैल को सुनवाई: दिल्ली शराब नीति केस में तिहाड़ जेल में बंद, 15 मार्च को गिरफ्तार हुई थीं (पढ़ें पूरी खबर)
  2. नेशनल: कांग्रेस से 3500 करोड़ रुपए की टैक्स डिमांड: सुप्रीम कोर्ट में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कहा- लोकसभा चुनाव तक कोई एक्शन नहीं लेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
  3. नेशनल: CJI बोले-CBI हर केस की बारीकी से जांच से बचें: सिर्फ राष्ट्र सुरक्षा से जुड़े मामलों पर फोकस करे, सर्चिंग-जब्ती-प्राइवेसी में बैलेंस बनाएं (पढ़ें पूरी खबर)
  4. पॉलिटिक्स: भाजपा बोली- TMC ने बशीरहाट कैंडिडेट की डीटेल सार्वजनिक की: EC से शिकायत, कहा- TMC बिना शर्त माफी मांगें (पढ़ें पूरी खबर)
  5. यूटिलिटी: बोर्डिंग के बाद फ्लाइट लेट हुई तो निकल सकेंगे पैसेंजर्स: एयरपोर्ट के डिपार्चर गेट से बाहर निकलने की अनुमति मिलेगी, पैसेंजर्स की परेशानी कम होगी (पढ़ें पूरी खबर)
  6. यूटिलिटी: अप्रैल से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 32 रुपए तक घटे: इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदना हुआ महंगा, आज से हुए ये 7 बड़े बदलाव (पढ़ें पूरी खबर)
  7. बिजनेस: सरकार ने मार्च में GST से ₹1.78 लाख करोड़ जुटाए: ये पिछले साल से 11.5% ज्यादा, पूरे वित्त वर्ष का कलेक्शन ₹20 लाख करोड़ के पार (पढ़ें पूरी खबर)
  8. नेशनल: जयशंकर बोले- नेहरू के लिए कच्चाथीवू की अहमियत नहीं थी: द्वीप पर भारतीय दावा छोड़ने पर उन्हें ऐतराज नहीं था, इंदिरा का भी यही नजरिया था (पढ़ें पूरी खबर)
  9. मध्य प्रदेश: पंडित प्रदीप मिश्रा के ब्रेन में सूजन: नीमच में मंच से कहा- किसी ने गुलाल की जगह नारियल फेंका; 7 दिवसीय कथा निरस्त (पढ़ें पूरी खबर)
  10. मध्य प्रदेश: भोजशाला के सर्वे पर रोक से सुप्रीम कोर्ट का इनकार: मुस्लिम पक्ष की याचिका पर हुई सुनवाई; 11वें दिन सर्वे कर रही ASI की टीम (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

58 साल की महिला ने 4 घंटे से ज्यादा समय तक प्लैंक का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया

58 साल की एक महिला ने साढ़े 4 घंटे तक बिना रुके प्लैंक एक्सरसाइज करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। कनाडा की डोनाजीन वाइल्ड ने ये कारनामा किया है। उन्होंने साल 2019 में डाना ग्लोवाका के बनाए रिकॉर्ड को तोड़ा है। डोनाजीन ने रिकॉर्ड का प्रयास उस हाई स्कूल में किया, जहां वह वाइस प्रिंसिपल रह चुकी हैं। पुरुषों में सबसे लंबे समय तक प्लैंक करने का रिकॉर्ड चेक गणराज्य के जोसेफ सालेक के नाम है, जिन्होंने 9 घंटे 38 मिनट 47 सेकंड तक प्लैंक किया है।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…