प्रदर्शन से पहले कांग्रेस में ही घमासान: विधायक दल नेता के लिए कांग्रेस भवन का गेट नहीं खोला; नाराज होकर बैरंग लौटे बाजवा

चंडीगढ़9 घंटे पहले

पंजाब कांग्रेस के विजिलेंस ऑफिस के बाहर प्रदर्शन से पहले उनमें ही घमासान मच गया है। सोमवार को विधायक प्रताप सिंह बाजवा की कार चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में नहीं घुसने दी गई। इससे नाराज होकर बाजवा वापस लौट गए। प्रताप सिंह बाजवा पंजाब विधानसभा में विपक्षी दल नेता है। वहीं कांग्रेस प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग ने इसका पता चलते ही कांग्रेस भवन में तैनात पुलिस कर्मचारियों पर गुस्सा निकाला। इसको लेकर चर्चा होने लगी है कि किसके इशारे पर पुलिस ने यह सब किया।

पंजाब विधानसभा में विपक्षी दल कांग्रेस के नेता प्रताप सिंह बाजवा।

पंजाब विधानसभा में विपक्षी दल कांग्रेस के नेता प्रताप सिंह बाजवा।

पुलिस ने बाजवा की गाड़ी के लिए गेट नहीं खोला
कांग्रेस आज चंडीगढ़ में विजिलेंस ब्यूरो के ऑफिस का घेराव कर रही है। इसके जरिए पूर्व कांग्रेसी नेताओं पर केस दर्ज करने का विरोध किया जा रहा है। इसी के लिए बाजवा सेक्टर 15 स्थित कांग्रेस भवन आए थे। जब उनकी गाड़ी कांग्रेस भवन पहुंची तो बाजवा की गाड़ी के लिए गेट नहीं खोला गया। वहां खड़े पुलिस कर्मियों ने बार-बार कहने पर भी गेट नहीं खोला। इस दौरान कुछ गाड़ियां पहले से अंदर खड़ी थी। पुलिसकर्मियों ने कहा कि गेट खराब है। बाजवा गाड़ी से उतरकर अंदर गए लेकिन थोड़ी देर में बाहर निकलकर गाड़ी में बैठ चले गए।

पुलिस कर्मियों पर गुस्सा निकालते पंजाब प्रधान राजा वड़िंग।

पुलिस कर्मियों पर गुस्सा निकालते पंजाब प्रधान राजा वड़िंग।

वड़िंग ने पुलिस वालों को डांटा तो तुरंत गेट खुल गया
पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग ने कहा कि बाजवा से कोई नाराजगी नहीं है। वह हमारे CLP लीडर हैं। उन्होंने पुलिस कर्मियों को डांटा कि उनकी गाड़ी कैसे रोकी गई। वड़िंग की डांट के बाद कांग्रेस भवन का गेट खुल गया। वड़िंग ने कहा कि किसी पुलिसकर्मी ने बदतमीजी की है तो उसे यहां की ड्यूटी से हटा दिया जाएगा। इसके बारे में आगे शिकायत भी की जाएगी। यहां के कर्मचारी भी सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। बार-बार सवाल पर वड़िंग ने कहा कि मीडिया बात का बतंगड़ न बनाए।

खबरें और भी हैं…