दिल्ली में INDIA की रैली, सोनिया-राहुल आएंगे: विपक्ष की 27 पार्टियां हिस्सा लेंगी, कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र बचाओ रैली नाम दिया

नई दिल्ली17 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
INDIA गठबंधन की पहली महारैली 17 मार्च को मुंबई में आयोजित की गई थी। - Dainik Bhaskar

INDIA गठबंधन की पहली महारैली 17 मार्च को मुंबई में आयोजित की गई थी।

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज INDIA की रैली है। सुबह 11 बजे विपक्षी गुट की 27 पार्टियां रैली में हिस्सा लेंगीं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी रैली को संबोधित करेंगे। सोनिया भी रैली का हिस्सा हो सकती हैं।

रमेश ने कहा- यह कोई व्यक्ति विशेष की रैली नहीं है। इसीलिए इसे लोकतंत्र बचाओ रैली नाम दिया गया है। यह किसी एक पार्टी की रैली नहीं है, इसमें करीब 27-28 पार्टियां शामिल हैं। INDIA गुट के सभी दल इसमें हिस्सा लेंगे।

रमेश ने कहा कि INDIA ब्लॉक ने 17 मार्च को मुंबई में रैली की थी और यह उनकी दूसरी बड़ी रैली है। उन्होंने कहा कि इस रैली के जरिए एकजुटता और एकता का संदेश दिया जाएगा।

INDIA रैली में कौन से मुद्दे उठाए जाएंगे
जयराम रमेश ने कहा कि रैली में विपक्षी नेता बढ़ती कीमतें, 45 साल में सबसे ऊंची बेरोजगारी दर, आर्थिक असमानता, सामाजिक ध्रुवीकरण और किसानों के खिलाफ अन्याय के मुद्दे उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि एक और प्रमुख मुद्दा जो उठाया जाएगा वह केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के माध्यम से विपक्ष को निशाना बनाना है। रमेश ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों को निशाना बनाने के चलते दो मुख्यमंत्रियों और कई मंत्रियों को गिरफ्तार किया गया है।

रमेश ने बताया, विपक्षी गुट की रैली में चुनावी बांड के माध्यम से जबरन वसूली और कांग्रेस को टैक्स आतंकवाद से निशाना बनाए जाने के मुद्दे भी उठाए जाएंगे।

सपा, DMK, पीडीपी, आरजेडी समेत बड़ी पार्टियों के नेता शामिल होंगे
इस रैली में झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, NCP (SP) चीफ शरद पवार, RJD नेता तेजस्वी यादव, CPI (M) महासचिव सीताराम येचुरी, CPI महासचिव डी राजा, नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता फारूक अब्दुल्ला, PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती, समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव, DMK के तिरुचि शिवा, TMC के डेरेक ओ ब्रायन समेत कई लोग हिस्सा लेंगे।

झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी INDIA की रैली में हिस्सा लेंगी। वह शनिवार को दिल्ली पहुंची और अरविंद केजरीवाल की पत्नी से मुलाकात की।

झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी INDIA की रैली में हिस्सा लेंगी। वह शनिवार को दिल्ली पहुंची और अरविंद केजरीवाल की पत्नी से मुलाकात की।

24 मार्च को AAP ने महारैली का ऐलान किया था
24 मार्च को AAP और कांग्रेस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस महारैली का ऐलान किया था। AAP नेता आतिशी ने कहा था कि INDI गठबंधन की ‘महा रैली’ अरविंद केजरीवाल को बचाने के लिए नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए आयोजित की जा रही है। विपक्ष को एकतरफा हमलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, दिल्ली कांग्रेस प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि यह रैली पॉलिटिकल रैली नहीं होगी। ये रैली हिन्दुस्तान के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई का आह्वान होगा।

1 अप्रैल तक ED की हिरासत में हैं दिल्ली सीएम
28 मार्च को शराब नीति केस में राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल की ED कस्टडी 4 दिन और बढ़ा दी। अब वे एक अप्रैल तक हिरासत में रहेंगे। केजरीवाल ने खुद अपने केस की पैरवी की। वे ऐसा करने वाले देश के पहले सिटिंग सीएम बन गए हैं। ED ने कोर्ट से केजरीवाल की 7 दिन की कस्टडी और मांगी थी।

केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कहा कि इस केस में मेरा नाम सिर्फ चार जगह आया है। 4 स्टेटमेंट दिए गए और उनमें से कोर्ट के सामने वो बयान लाया गया, जिसमें मुझे फंसाया गया। क्या ये 4 स्टेटमेंट एक मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करने के लिए काफी हैं?

इसके जवाब में ED ने कहा- मुख्यमंत्री कानून से ऊपर नहीं हैं। वहीं, कोर्ट में पेशी के लिए जाते वक्त उनसे पूछा गया कि LG ने कहा था कि सरकार जेल से नहीं चलेगी। इसके जवाब में केजरीवाल ने कहा कि ये पॉलिटिकल षड्यंत्र है, जनता इसका जवाब देगी। पूरी खबर यहां पढ़ें