जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी, पारा 6 डिग्री गिरा: राजस्थान में दो दिन बाद सर्दी बढ़ सकती है; पंजाब-हरियाणा में बारिश का अलर्ट

  • Hindi News
  • National
  • Weather Forecast Update; Himachal Pradesh Rain And Snow Fall | Rajasthan Delhi Haryana

नई दिल्ली7 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

अक्टूबर में कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी के कारण पहाड़ों पर समय से पहले सर्दी शुरू हो गई है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में रविवार को न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिमाचल में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

बर्फबारी का असर उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में भी देखने को मिल रहा है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। दिल्ली-NCR में सुबह से बादल छाए हुए हैं।

केंद्रीय मौसम विभाग ने बताया कि शाम से दिल्ली में हल्की बारिश के साथ आंधी-तूफान की आशंका है। मंगलवार को बादल छाए रहेंगे। 18 अक्टूबर से मौसम ठीक हो सकता है। हालांकि दो दिन बाद पहाड़ों से ठंडी हवाएं मैदानी राज्यों की तरफ आएंगी। इससे तापमान गिरेगा और उत्तर भारत में ठंड का एहसास होने लगेगा।

बर्फबारी की तस्वीरें…

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले की महू घाटी में सीजन की पहली हल्की बर्फबारी हुई।

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले की महू घाटी में सीजन की पहली हल्की बर्फबारी हुई।

जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में एक स्की रिसॉर्ट पर ताजा बर्फबारी हुई।

जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में एक स्की रिसॉर्ट पर ताजा बर्फबारी हुई।

हिमाचल में ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के बाद ऐसा नजारा दिखा।

हिमाचल में ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के बाद ऐसा नजारा दिखा।

गुलमर्ग में एक स्की रिसॉर्ट के पास पर्यटक बर्फबारी में खेलते नजर आए।

गुलमर्ग में एक स्की रिसॉर्ट के पास पर्यटक बर्फबारी में खेलते नजर आए।

हिमाचल में पर्यटकों को ऊंची चोटियों पर ना जाने की सलाह
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश की ऊंचाई वाले इलाकों में आज के लिए भारी बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य क्षेत्र में तेज बारिश का पूर्वानुमान है।

शिमला के हाटू, चूड़धार, शिरगुल, मंडी के शिकारी माता मंदिर सहित किन्नौर, चंबा, लाहौल स्पीति और कांगड़ा के धोलाधार की ऊंची पहाड़ियों पर भी हिमपात हो रहा है।

देश के अलग-अलग राज्यों से मनाली, धर्मशाला, शिमला, मैक्लोडगंज, चंबा, कसौली आने वाले सैलानियों को बर्फबारी होने तक अधिक ऊंचे क्षेत्रों में ना जाने की एडवाइजरी जारी की गई है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

जम्मू-कश्मीर में मंगलवार तक बर्फबारी होगी

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में राजदान टॉप पर ताजा बर्फबारी की तस्वीर।

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में राजदान टॉप पर ताजा बर्फबारी की तस्वीर।

जम्मू-कश्मीर में लगातार बर्फबारी के कारण सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जमा हो गई है। इसके चलते सोमवार को शोपियां और पुंछ को जोड़ने वाली मुगल रोड पर आवाजाही बंद करनी पड़ी। स्नोफॉल के बीच श्रीनगर में रविवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कुपवाड़ा का तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू-कश्मीर में मंगलवार तक बर्फबारी की संभावना है। 18 अक्टूबर के बाद मौसम में सुधार होगा।

राजस्थान के 22 जिलों में आज बारिश की संभावना

राजस्थान के कई इलाकों में आज सुबह ओलावृष्टि हुई।

राजस्थान के कई इलाकों में आज सुबह ओलावृष्टि हुई।

राजस्थान में मानसून के विदा होने के बाद पहला पश्चिमी विक्षोभ रविवार से सक्रिय हो गया। बीकानेर, जोधपुर संभाग के जिलों में कल देर शाम से तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। जयपुर, अजमेर, कोटा और भरतपुर संभाग में भी आज इस सिस्टम का असर देखने को मिला। इन संभाग के जिलों में सुबह से आसमान में बादल छाए हैं और संभावना है कि आज यहां कई जगह हल्की बारिश होने के साथ कुछ जगहों पर ओले गिर सकते हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

हरियाणा में बारिश के साथ 60KM की स्पीड से चलेगी हवा

हरियाणा के कैथल में आज सुबह बारिश के साथ ओले भी गिरे।

हरियाणा के कैथल में आज सुबह बारिश के साथ ओले भी गिरे।

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम का मिजाज बदल गया है। सोमवार सुबह कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कैथल और फतेहाबाद में तो जमकर ओले गिरे। इससे यहां मंडियों में रखी धान की फसल भीग गई। बारिश के कारण कैथल में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल में बदलाव कर दिया गया है। जाट ग्राउंड की बजाय अब आईजी कॉलेज में उनका जनसंवाद होगा। पूरी खबर यहां पढ़ें

पंजाब में बारिश का यलो अलर्ट, तापमान में 1.9 डिग्री की गिरावट

पंजाब में झमाझम बारिश के बीच गोल्डन टेंपल का मनमोहक दृश्य।

पंजाब में झमाझम बारिश के बीच गोल्डन टेंपल का मनमोहक दृश्य।

पंजाब में सोमवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। कई घंटों तक कई जिलों में गरज के साथ बारिश हुई। पूरे पंजाब में बारिश की संभावनाएं बनी हुई हैं। रविवार को पंजाब के औसतन तापमान में 1.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतर शहरों का तापमान रविवार शाम को 30 डिग्री से कम ही दर्ज किया गया। पूरी खबर यहां पढ़ें…

उत्तर प्रदेश में 48 घंटे तक बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में सोमवार की सुबह अचानक बादल छाने से दिन में अंधेरा हो गया।

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में सोमवार की सुबह अचानक बादल छाने से दिन में अंधेरा हो गया।

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में सोमवार को दिन में अंधेरा छा गया। बिजनौर में धूल भरी आंधी के बाद बारिश हुई। आज सुबह के समय न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया। वहीं 17 अक्टूबर यानी कल अधिकतम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 दिन ऐसा ही मौसम रहने वाला है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

खबरें और भी हैं…