गणेश विसर्जन के दौरान 15 लोगों की डूबने से मौत: हरियाणा में 7 लोग डूबे, यूपी में अलग-अलग घटनाओं में 8 की जान गई

महेंद्रगढ़3 घंटे पहले

हरियाणा और यूपी में गणपति विसर्जन के दौरान 5 जगह बड़े हादसे हुए। हरियाणा के महेंद्रगढ़ में झगड़ोली नहर में गणेश जी की प्रतिमा के साथ 8 लोग बह गए, जिनमें से 4 की मौत हो गई। वहीं, सोनीपत में यमुना नदी में भी 2 की मौत हो गई, 2 अभी लापता हैं। हरियाणा के महेंद्रगढ़ में अभी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

उधर, उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भी 8 लोगों की मौत की खबर है। संत कबीर नगर में 4 बच्चे डूब गए। चारों भाई-बहन थे। सभी के शव निकाल लिए गए हैं। वहीं​​​​​, ललितपुर और उन्नाव में 2-2 लोगों की विसर्जन के दौरान डूबने से मौत हो गई है।

हरियाणा में 2 हादसों में 7 की मौत
हरियाणा के महेंद्रगढ़ और सोनीपत में गणपति विसर्जन के दौरान 2 हादसे हुए। कनीना-रेवाडी रोड पर स्थित गांव झगड़ोली के पास नहर में गणेश की प्रतिमा विसर्जित करने गए 9 लोग पानी के तेज बहाव के साथ बह गए। देर रात आठ लोगों को नहर से बाहर निकाला गया। इनमें से 4 की मौत हो गई। अन्य 4 की हालत गम्भीर है। इसी तरह सोनीपत में यमुना घाट पर 3 की डूबने से मौत हो गई।

पहला हादसा महेंद्रगढ़ में: डीसी बोले- 8 लोगों को बाहर निकाला गया
महेंद्रगढ़ में मृतकों की पहचान टिंकू, आकाश, नितिन और निकुंज के तौर पर हुई है। यह सभी 18 से 23 साल के बताए गए हैं। मनोज, दीपक, सुनील, संजय को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।
महेंद्रगढ़ के डीसी डा. जेके आभीर ने दावा किया है कि बिना परमिशन के झगड़ोली नहर में विसर्जन किया जा रहा था। डीसी ने 4 लोगों के मरने की पुष्टि की है। साथ ही बताया कि अभी नहर में रेस्क्यू चल रहा है। 8 लोगों को बाहर निकाला गया।

हादसे की सूचना पर अस्पताल पहुंचे पूर्व मंत्री रामबिलाश शर्मा।

हादसे की सूचना पर अस्पताल पहुंचे पूर्व मंत्री रामबिलाश शर्मा।

प्रतिमा के साथ बह गए 9 लोग
डीसी ने बताया कि गणपति की प्रतिमा 8 फीट की थी। जैसे लोगों ने इसे प्रवाहित किया। तेज बहाव में 9 लोग प्रतिमा के साथ पानी में बह गए। मौके पर मौजूद लोगों ने 3 को बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू ऑपरेशन में अहम भूमिका एनडीआरआई के जवान ने निभाई। वह अपने बच्चे को लेने रेवाडी जा रहा था। उसने नहर से 3 लोगों को निकाला।

अस्पताल में उमड़ी भीड़
लोगों के नहर में बहने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। महेंद्रगढ़ के सरकारी अस्पताल में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा मौके पर पहुंचे। फिलहाल नहर के पानी को रुकवा दिया गया है।

नहर से निकाले गए कई लोगों की हालत गंभीर है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

नहर से निकाले गए कई लोगों की हालत गंभीर है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दूसरा हादसा सोनीपत में, 3 की मौत

हरियाणा के सोनीपत में यमुना नदी के मीमारपुर घाट पर गणपति की प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुंदर सांवरी निवासी सुनील (45), उनका बेटा कार्तिक (13) और भतीजा दीपक (20) डूब गए। देर रात को सुनील और उनके भतीजे दीपक के शव बरामद हो गए। सुनील के बेटे कार्तिक की तलाश जारी है।

वहीं, यमुना के बेगा घाट पर रेहड़ा बस्ती का सुमित (22) तेज बहाव में डूब गया। प्रतिमा विसर्जन के लिए वह छह साथियों के साथ यमुना में अंदर गया था। उसके छह साथियों को यमुना से निकाल लिया गया। उसका शव ही बरामद हो सका।

घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया।

घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया।

यूपी में सबसे बड़ा हादसा संत कबीरपुर में
यूपी में शुक्रवार की शाम को गणपति विसर्जन के दौरान अलग-अलग हादसों में 8 लोगों की मौत हो गई। सबसे बड़ा हादसा संत कबीर नगर की आमी नदी में हुआ। यहां एक ही परिवार के चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई है। इनमें तीन बहन और एक भाई शामिल है।

दरअसल, भाई नदी में उतरा तो तीनों बहनें भी नदी में उतर गईं। अचानक एक बच्चे का पैर गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के चक्कर में एक-एक कर चारों बच्चे नदी में डूबते गए। उन्नाव और ललितपुर में भी 2-2 की जान गई है।

खबरें और भी हैं…