कांग्रेस की क्राउड फंडिंग कैंपेन पर BJP का तंज: अमिताभ की फिल्म का क्लिप शेयर किया, इसमें ब्लैक मनी को व्हाइट करने की प्लानिंग

नई दिल्ली12 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
यह 80 के दशक में आई फिल्म इंकलाब की क्लिप है, जिसे बीजेपी ने सोशल मीडिया पर शेयर कर कांग्रेस की क्राउड फंडिंग कैंपेन पर सवाल उठाए हैं। - Dainik Bhaskar

यह 80 के दशक में आई फिल्म इंकलाब की क्लिप है, जिसे बीजेपी ने सोशल मीडिया पर शेयर कर कांग्रेस की क्राउड फंडिंग कैंपेन पर सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस ने 16 दिसंबर को क्राउड फंडिंग कैंपेन शुरू करने का ऐलान किया था। पार्टी का कहना है – देशवासियों के सहयोग से हम भारत को बेहतर बनाने के लिए काम करेंगे। बीजेपी ने इनडायरेक्टली कांग्रेस की इस कैंपेन को ब्लैक मनी को व्हाइट मनी ने बदलने का तरीका बता दिया।

दरअसल, बीजेपी ने 17 दिसंबर की शाम 4:22 बजे एक्स (जो पहले ट्विटर था) पर 80 के दशक की फिल्म इंकलाब की एक क्लिप शेयर की। कैप्शन में लिखा- इस क्लिप की कहानी और पात्र काल्पनिक नहीं हैं। यह कांग्रेस सांसद धीरज साहू की पार्टी के क्राउड फंडिंग शुरू करने की कैंपेन से मिलती-जुलती है।

वीडियो क्लिप में क्या है…
क्लिप में अमिताभ बच्चन और कादर खान का एक सीन है, जिसमें कादर खान, अमिताभ को चुनाव लड़ाने के लिए चंदा जमा करने की बात कह रहे हैं। कादर खान कहते हैं- हमारे पास बड़ी मात्रा में काला धन है। इस पैसे में हम जनता से चंदे में मिला पैसा को मिला देंगे। फिर सरकार को बताएंगे कि हमें जनता ने एक करोड़ रुपए का चंदा दिया है। इस तरह से सारा पैसा व्हाइट मनी हो जाएगा।

कांग्रेस के कैंपेन को धीरज साहू से क्यों जोड़ा
इनकम टैक्स विभाग ने झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के 10 ठिकानों पर छापेमारी कर 350 करोड़ से ज्यादा कैश बरामद किया। ये छापेमारी 6 दिसंबर को शुरू हुई, जो 15 दिसंबर को खत्म हुई। इस छापेमारी के बाद 15 दिसंबर को धीरज साहू मीडिया के सामने आकर सफाई दी। उन्होंने कहा कि ये सारा पैसा उनका नहीं है, बल्कि उनके परिवार और फर्म का है। वे हर चीज का हिसाब देंगे।

कांग्रेस की क्राउड फंडिंग कैंपेन क्या है…
कांग्रेस ने 16 दिसंबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कहा था- हम डोनेट फॉर देश के नाम से एक क्राउड फंडिंग कैंपेन शुरू करने जा रहे हैं। इसे 18 दिसंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लॉन्च करेंगे।

कांग्रेस पार्टी के 138 साल पूरे होने पर हम देशवासियों से यह अनुरोध करते हैं कि 138 रुपए, 1380 रुपए, 13800 रुपए जैसी रकम देकर पार्टी को मजबूत करने के लिए हमारे खाते में डालें, जिससे कांग्रेस बेहतर भारत के लिए काम कर सके।

आप हमारी वेबसाइट http://donateinc.in. या http://inc.in. के जरिए पैसे डोनेट कर सकते हैं। इसके साथ ही आप हमें क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग, UPI, RTGS, NEFT या QR कोड स्कैन करके भी डोनेट कर सकते हैं। भारत का हर नागरिक जिसकी उम्र 18 साल से ज्यादा है, वह हमें डोनेट कर सकता है।

खबरें और भी हैं…