PM मोदी वैज्ञानिकों को बधाई देने ग्रीस से इसरो पहुंचे: चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर वैज्ञानिकों से किया था जल्द मिलने का वादा

बेंगलुरु4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
PM मोदी ने 23 अगस्त को चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर इसरो चीफ सोमनाथ को जोहान्सबर्ग से फोन पर बधाई दी थी। - Dainik Bhaskar

PM मोदी ने 23 अगस्त को चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर इसरो चीफ सोमनाथ को जोहान्सबर्ग से फोन पर बधाई दी थी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को अपनी दो देशों की यात्रा पूरी करने के बाद सीधे कर्नाटक के बेंगलुरु जाएंगे। यहां वे चंद्रयान-3 मिशन में शामिल भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) टीम के वैज्ञानिकों से मुलाकात करेंगे और उन्हें बधाई देंगे।

साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बाद पीएम मोदी गुरुवार को ग्रीस की यात्रा पर रवाना हो गए थे।

शनिवार सुबह PM मोदी करीब 5 बजे ग्रीस से सीधे बेंगलुरु के HAL एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वे यहां शनिवार को सुबह 7:15 बजे इसरो टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क (ISTRAC) में एक घंटा रहेंगे।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेता और कार्यकर्ता दो स्थानों पर मोदी का स्वागत करेंगे। HAL एयरपोर्ट के बाहर और जलाहल्ली क्रॉस, जो ISTRAC के नजदीक है।

इसरो चीफ से कहा था वैज्ञानिकों से जल्द मिलेंगे
इसरो ने 23 अगस्त, 2023 को चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करा कर इतिहास रच दिया था। इस दौरान पीएम मोदी भी जोहान्सबर्ग से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम जुड़े रहे। उन्होंने इसरो के वैज्ञानिकों और देशवासियों को वहीं से संबोधित किया था। उन्होंने इसरो चीफ एस सोमनाथ से फोन पर बात की थी और कहा था कि वे जितना जल्दी होगा इसरो वैज्ञानिकों से मिलेंगे।

जब आप अपनी आंखों के सामने इतिहास बनते देखते हैं तो गर्व होता है- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने चंद्रयान-3 की लैंडिंग पर कहा कि यह नए भारत के जयघोष का क्षण है। जब आप अपनी आंखों के सामने इतिहास बनते देखते हैं तो गर्व होता है। भारत की यह उड़ान चंद्रयान से भी आगे जाएगी। जल्द ही इसरो आदित्य एल-1 मिशन भी लॉन्च करेगा, जिससे सूर्य का विस्तृत अध्ययन किया जा सकेगा। इसके बाद शुक्र और सौरमंडल के सामर्थ्य को परखने के लिए दूसरे अभियान भी शुरू किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब चांद से जुड़े मिथक भी बदल जाएंगे। इसके साथ ही नई पीढ़ी के लिए कहावतें भी बदल जाएंगी। पहले कहा जाता था कि चंदा मामा दूर के लेकिन अब लोग कहेंगे चंदा मामा बस एक टूर के।

चंद्रयान-2 के दौरान भी बेंगलुरु पहुंचे थे मोदी

मोदी चंद्रयान-2 मिशन के विक्रम लैंडर की लैंडिंग को देखने के लिए 6 सितंबर, 2019 की रात को भी बेंगलुरु गए थे। हालांकि 7 सितंबर के शुरुआती घंटों में चंद्रमा की सतह से सिर्फ 2.1 किमी ऊपर, इसरो का यान से संपर्क टूट गया था, मिशन पूरी तरह कामयाब नहीं हो सका था।

ये खबरें भी पढ़ें…

चांद पर चंद्रयान बोला- मैं अपनी मंजिल पर पहुंचा:साउथ पोल पर लैंडिंग करने वाला भारत पहला देश, PM बोले- अब चंदा मामा दूर के नहीं

चंद्रयान-3 ने बुधवार 23 अगस्त को चांद के साउथ पोल पर लैंडिंग कर इतिहास रच दिया। भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर कामयाब लैंडिंग करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। चंद्रयान-3 ने 30 किलोमीटर की ऊंचाई से शाम 5 बजकर 44 मिनट पर ऑटोमैटिक लैंडिंग प्रोसेस शुरू की और अगले 20 मिनट में सफर पूरा किया। पढ़ें पूरी खबर…