- Hindi News
- National
- Dainik Bhaskar News Headlines; Varanasi IIT BHU Gang Rape Accused | New Year 2024
1 घंटे पहलेलेखक: अभिषेक कुमार तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर
- कॉपी लिंक
नमस्कार,
कल की बड़ी खबर IIT-BHU की छात्रा से गैंगरेप के तीन आरोपियों की गिरफ्तारियों की रही। वहीं अरब सागर में भारत ने तीन नए वॉरशिप तैनात किए हैं। हम आपको यह भी बताएंगे कि साल 2024 सबसे पहले न्यूजीलैंड में क्यों आया।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज का प्रमुख इवेंट्स, जिस पर रहेगी नजर…
- इसरो श्रीहरिकोटा से सुबह 09:10 बजे एक्सपोसैट लॉन्च करेगा। यह तीसरा स्पेस ऑब्जर्वेटरी मिशन है, इसके पहले आदित्य L1 और एस्ट्रोसैट को भेजा जा चुका है।
अब कल की बड़ी खबरें…
1. IIT-BHU की छात्रा से गैंगरेप के तीनों आरोपी अरेस्ट, सभी BJP IT सेल के मेंबर
IIT-BHU में बीटेक छात्रा से गैंगरेप के तीनों आरोपियों को घटना के करीब दो महीने बाद गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के नाम कुणाल पांडेय, अभिषेक चौहान और सक्षम पटेल है। तीनों भाजपा के IT सेल से जुड़े हैं।
60 दिन बाद पकड़े गए: आरोपियों ने 1 नवंबर की आधी रात करीब 1:30 बजे IIT-BHU में दोस्त के साथ जा रही छात्रा से गैंगरेप किया था। घटना के बाद तीनों मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कैंपेनिंग के लिए चल गए थे। तीनों के वाराणसी आते ही पुलिस एक्टिव हुई और 60 दिन बाद पकड़ लिया।
क्या है पूरा मामला: गैंगरेप के अलावा आरोपियों ने गन पॉइंट पर छात्रा के कपड़े उतरवाकर वीडियो भी बनाए थे। घटना के बाद कई दिन तक कैंपस में स्टूडेंट्स ने विरोध-प्रदर्शन किया। प्रशासन ने IIT-BHU और BHU के बीच दीवार बनाने का फैसला भी किया था, जिसे टाल दिया गया।
2. दुनिया भर में नए साल का जश्न, न्यूजीलैंड में भारतीय समयानुसार 31 दिसंबर को न्यू ईयर मनाया गया
नए साल के जश्न में न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में स्काई टावर रंगीन आतिशबाजी से रोशन हुआ।
नए साल का जश्न सबसे पहले न्यूजीलैंड में मना। भारत और न्यूजीलैंड के समय में 7:30 घंटे का फर्क है। जिसके चलते न्यूजीलैंड में 31 दिसंबर को भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे नए साल का स्वागत हुआ। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया, जापान, कोरिया और चीन में नए साल का स्वागत किया गया।
1 जनवरी को क्यों मनाते हैं नया साल: इसकी वजह रोम साम्राज्य के तानाशाह जूलियस सीजर को माना जाता है। सीजर ने भ्रष्टाचारी नेताओं को सबक सिखाने के लिए 2066 साल पहले कैलेंडर में बदलाव किए थे। इसके बाद से पूरी दुनिया ने 1 जनवरी को नया साल मनाना शुरू कर दिया।
2000 ईसा पूर्व से मन रहा जश्न: सबसे पहले प्राचीन मेसोपोटामिया में 2000 ईसा पूर्व में नया साल मनाने के सबूत हैं। सेलीब्रेशन 11 दिनों तक चला था। चीन में भी 3500 साल पहले से नया साल मनाया जा रहा है। ब्रिटेन ने 1752 को ग्रेगोरियन कैलेंडर अपनाया और इसी दिन भारत में भी उस कैलेंडर को लागू कर दिया।
3. ‘मन की बात’ के 108वें एपिसोड में PM ने फिजिकल और मेंटल हेल्थ पर बात की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 108वें एपिसोड में लोगों की फिजिकल और मेंटल हेल्थ पर बात की। PM ने साल 2023 में भारत की उपलब्धियां भी गिनाईं। साथ ही बताया, भारत कैसे इनोवेशन का हब बन रहा है। प्रधानमंत्री ने भगवान श्रीराम के भजन को सोशल मीडिया पर शेयर करने की अपील की।
108वां एपिसोड क्यों था खास: PM ने इस एपिसोड के बारे में कहा कि हमारे यहां 108 अंक का महत्व और उसकी पवित्रता एक गहन अध्ययन का विषय है। 108 बार मंत्र जपा जाता है। मंदिरों में 108 सीढ़ियां होती हैं, इसलिए ये एपिसोड मेरे लिए और खास हो गया है।
ये प्रसारण का 10वां साल था: मन की बात का पहला एपिसोड 3 अक्टूबर 2014 को प्रसारित हुआ था। पहले एपिसोड की टाइम लिमिट 14 मिनट थी। जून 2015 में इसे बढ़ाकर 30 मिनट कर दिया गया था। मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण 23 भाषाओं और 29 बोलियों में होता है।
4. भारतीय नौसेना ने अरब सागर में बढ़ाई निगरानी, 3 वॉरशिप तैनात किए
नौसेना ने कहा कि नेवी नए सुरक्षा खतरों को देखते हुए कोस्ट गार्ड के साथ मिलकर काम कर रही है।
इंडियन नेवी ने अरब सागर में सिक्योरिटी बढ़ाने के लिए तीन वॉरशिप तैनात किए हैं। इसके अलावा एयर सर्विलांस प्लेन और टोही विमानों को भी तैनात किया गया है। नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखने को कहा है।
इन तीन वॉरशिप की तैनाती: जिन तीन वॉरशिप को तैनात किया गया है, उनमें INS कोच्चि, INS कोलकाता और INS मोरमुगाओ शामिल हैं। तीनों वॉरशिप स्टील्थ गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर हैं यानी मिसाइल हमलों को नाकाम करने की क्षमता रखते हैं।
निगरानी बढ़ाने की वजह: 23 दिसंबर को सऊदी से भारत आ रहे एक ऑयल शिप पर ड्रोन अटैक हुआ था। इस जहाज पर 20 भारतीय क्रू मेंबर्स भी थे। ये इजराइली जहाज सऊदी अरब से कर्नाटक के मंगलुरु आ रहा था। ड्रोन अटैक में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन जहाज पर आग लग गई थी।
5. जम्मू-कश्मीर का एक और संगठन तहरीक-ए-हुर्रियत बैन, शाह बोले- UAPA के तहत कार्रवाई
तस्वीर में तहरीक-ए-हुर्रियत के संस्थापक सैयद अली शाह गिलानी (सेंटर में) नजर आ रहे हैं।
केंद्र सरकार ने UAPA के तहत जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी संगठन ‘तहरीक-ए-हुर्रियत’ पर बैन लगाया है। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह संगठन जम्मू-कश्मीर को भारत से अलग करने और इस्लामिक शासन स्थापित करने वाली गतिविधियों में शामिल है।
बैन लगाने की वजह: भारत सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर बताया कि संगठन से जुड़े लोग आतंकियों की मौत पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। पत्थरबाजी की घटनाओं को बढ़ावा देते हैं। ये कश्मीर को भारत से अलग मानते हैं और देश की कानून व्यवस्था का पालन नहीं करते।
किसका है संगठन: सैयद अली शाह गिलानी ने 7 अगस्त 2004 को तहरीक-ए-हुर्रियत संगठन की स्थापना की थी। केंद्र सरकार ने 4 दिनों में दूसरे संगठन पर बैन लगाया है। इससे पहले 27 दिसंबर को मुस्लिम लीग जम्मू-कश्मीर मसरत आलम ग्रुप को भी बैन किया जा चुका।
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
1. राम मंदिर: गर्भगृह में विराजने वाली रामलला की प्रतिमा फाइनल: 51 इंच की खड़ी मूर्ति होगी; कर्नाटक के नीले पत्थर से की गई है तैयार (पढ़ें पूरी खबर)
2. नेशनल: मणिपुर में IED ब्लास्ट में 4 पुलिसकर्मी घायल: 4 दिसंबर को इसी जगह 13 लोग मारे गए थे; इम्फाल वेस्ट में भी एक की मौत (पढ़ें पूरी खबर)
3. नेशनल: राहुल गांधी ने मां से मुरब्बा बनाना सीखा: राहुल बोले- BJP चाहे तो उन्हें ये मिल सकता है; सोनिया ने मजाक में कहा- वे हमपर वापस फेंक देंगे (पढ़ें पूरी खबर)
4. पुलिस एक्शन: ठाणे में रेव पार्टी पर पुलिस की रेड: 100 लड़के-लड़कियां हिरासत में, बड़ी मात्रा में ड्रग्स और शराब बरामद; 25 बाइक भी जब्त (पढ़ें पूरी खबर)
5. इंटरनेशनल: रूस पर क्लस्टर बम से हमला, 21 की मौत: मरने वालों में 3 बच्चे, शुक्रवार को रूस ने यूक्रेन पर एकसाथ 120 मिसाइलें दागी थीं (पढ़ें पूरी खबर)
6. इंटरनेशनल: तानाशाह किम के नए परमाणु हथियार, 3 जासूसी सैटेलाइट लॉन्च की तैयारी; कहा- अमेरिकी हमले का न्यूक्लियर अटैक से जवाब देंगे (पढ़ें पूरी खबर)
अब खबर हटके…
बिहार में ट्रेन की बोगी का सड़क पर एक्सीडेंट, ट्रक टूटा
ट्रेन की इस बोगी को भागलपुर रेलवे यार्ड से भागलपुर जंक्शन ले जाया जा रहा था।
ट्रेन की बोगी से लदा एक ट्रक हादसे का शिकार हो गया। मामला बिहार के भागलपुर का है। अचानक ट्रक का ब्रेक फेल हो जाने से यह हादसा हुआ और वह रेलिंग से जा टकराया। ट्रक के आगे का हिस्सा टूट गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेन की बोगी हवा में लटक गई। गनीमत रही की हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…