होलिका दहन आज, महाकाल में फूलों की होली हुई: अयोध्या में रामलला की पहली होली पर जुटे भक्त, कल गुजिया-खीर का लगेगा भोग

  • Hindi News
  • National
  • Holika Dahan 2024 Photos Update; Ayodhya Ram Mandir | Mathura Vrindavan Ujjain Mahakal

नई दिल्ली14 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

देश में आज होलिका दहन मनाया जा रहा है। कल होली का पर्व मनाया जाएगा। उज्जैन के ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर के आंगन से रविवार को देशभर में होली की शुरुआत हुई। आज सुबह भस्म आरती में महाकाल के साथ फूलों की होली खेली गई।

भगवान का भांग, सूखे मेवों, चंदन, आभूषण और फूलों से राजा स्वरूप में श्रृंगार किया गया। पंडे- पुजारियों ने गर्भगृह में मौजूद श्रद्धालुओं पर भी पुष्प वर्षा भी की। आज संध्या कालीन आरती (शाम 6.30 ‎‎बजे) के बाद होलिका दहन किया ‎जाएगा। फिर मंदिर में भगवान को गुलाल और अबीर अर्पित किए ‎‎जाएंगे।‎

अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद रामलला की ये पहली होली है। रविवार को अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने रामलला के साथ होली मनाई। रामलला की एक तस्वीर भी सामने आई, जिसमें वे गुलाबी पोशाक पहने हुए दिखाई दिए।

रामलला की पहली होली के लिए खास तैयारियां की गई है। भगवान के लिए कचनार के फूलों से खास गुलाल बनाया गया है। इसे नेशनल बोटैनिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (CSIR-NBRI) ने बनाया है। यह स्किन फ्रेंडली गुलाल है।

राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने बताया कि गुलाल के साथ रामलला को कचौरी, गुजिया, पूड़ी, खीर और अन्य व्यंजनों का भोग भी लगाया जाएगा। बाद में इसे मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच बांटा जाएगा।