हिमाचल में 48 घंटे बारिश का ऑरेंज अलर्ट: 8 जिलों में चेतावनी; 5361 करोड़ की संपत्ति तबाह, 45 लोगों की जा चुकी जान

  • Hindi News
  • Local
  • Himachal
  • Shimla
  • Himachal Pradesh Weather Update: Rain Flood Situation | Cloud Burst | Shimla Manali Dharmshala Mandi Weather Forecast | Alert | Mandi Kullu Shimla Manali News

शिमला13 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

हिमाचल में इस बार मानसून कहर बनकर बरस रहा है। इससे जान व माल का रिकॉर्ड नुकसान हो चुका है। चिंता इस बात की है कि अगले एक अगस्त तक भी बारिश से राहत के आसार नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज व कल के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

अगले 48 घंटे के दौरान चंबा, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, सोलन व सिरमौर जिले में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछेक स्थानों पर बादल फटने जैसी घटनाएं भी हो सकती है। इसे देखते हुए जनता को सावधानी बरतने, लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों व उफनते नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की एडवाइजरी दी है।

पिछले 24 घंटे के दौरान यहां हुई तबाही

शिमला जिले के रामपुर में बादल फटने से खूब तबाही हुई है। सरतारा पंचायत के कंदार गांव में बादल फटने से प्राथमिक पाठशाला, युवक मंडल सहित लोगों के 5 मकान ढह गए। क्षेत्र में आई बाढ़ से लोगों के डेढ़ दर्जन से ज्यादा पालतू मवेशी बाढ़ में बह गए। इससे कई बागवानों के सेब के बगीचे तबाह हुए।

कई घरों में पानी घुस गया और आधा दर्जन गाड़ियों को भी इससे नुकसान हुआ है। लोगों ने भाग अपनी जान बचाई। बादल फटने के बाद क्षेत्र के लोग दहशत में है। वहीं सिरमौर जिले की रोनहाट सड़क पर पूरी पहाड़ी दरक गई। इससे शिलाई-शिमला सड़क पूरी तरह बंद हो गई।

45 लोगों की जान जा चुकी अब तक

प्रदेश में अब तक भारी बारिश से जान और माल दोनों को रिकॉर्ड नुकसान हुआ है। 24 जून से अब तक फ्लैश फ्लड व लैंड स्लाइड की चपेट में आने से 45 लोगों की जान जा चुकी है। 42 लोगों की मौत 7 से 11 जुलाई के बीच हुई भारी बारिश के दौरान गई है।

5361 करोड़ की संपत्ति तबाह

प्रदेश में 5361 करोड़ रुपए की निजी व सरकारी संपत्ति बारिश की भेंट चढ़ चुकी है। प्रदेश में 669 घर पूरी तरह जमींदोज हो गए हैं, जबकि 5491 घरों को आंशिक क्षति पहुंची है। 236 दुकानें, 1668 गौशालाएं और 101 लेबर शेड व पुल ध्वस्त हुए हैं। इससे हजारों लोग बेघर हुए हैं।

566 सड़कें 15 दिन से बंद

भारी बारिश के कारण आई आपदा की वजह से 566 सड़कें 15 दिन से बंद पड़ी हैं। इससे प्रदेशवासियों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। चिंता इस बात की है कि प्रदेश में आगे भी मौसम साफ होने की संभावना नहीं है। बार-बार हो रही बारिश सड़कों की बहाली के काम में बाधा उत्पन्न कर रही है।

स्कूलों में 28 जुलाई तक छुट्टियां रहेंगी

प्रदेश में आसमान से बरस रही आफत को देखते हुए ठियोग, रोहड़ू, रामपुर सब डिवीजन में स्कूलों की छुट्टियां 28 जुलाई तक बढ़ा दी गई हैं। कई जगह मौसम विभाग का अलर्ट देखते हुए तो कुछ जगह SDM ने सड़कें बहाल नहीं होने की वजह से यह निर्णय लिया है।

इन आदेशों के तहत हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त सभी निजी व सरकार स्कूल बंद रहेंगे।