हिमाचल में टूरिज्म को करोड़ों की चपत: 50% डिस्काउंट के बावजूद नहीं आ रहे सैलानी; नॉर्मल से 60% कम बारिश, फिर भी कतरा रहे पर्यटक

  • Hindi News
  • Local
  • Himachal
  • Shimla
  • Himachal: Disaster Hit Tourism Industry | Discount In Hotel | HPTDC | Tourist | Manali | Dharmshala | Shimla | Chamba | Kasolli News

शिमला2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

हिमाचल प्रदेश में आपदा ने टूरिज्म इंडस्ट्री की कमर तोड़ दी है। इससे हजारों लोगों की रोजी-रोटी पर संकट आ गया है। सात से 11 जुलाई के बीच की भारी बारिश से हुई तबाही से खौफ से पर्यटक पहाड़ों पर आने से डर रहे हैं। प्रदेश के होटलों में इससे ऑक्युपेंसी दो से तीन फीसदी रह गई है।

आलम यह है कि हिमाचल प्रदेश टूरिज्म डवलपमेंट कॉर्पोरेशन (HPTDC) और निजी होटल मालिक 50 प्रतिशत तक डिस्काउंट दे रहे हैं। फिर भी सैलानी पहाड़ों पर आने से कतरा रहे है। इससे शिमला, नारकंडा, मनाली, डलहौजी, चंबा, धर्मशाला, मैकलोड़गंज, कसोल, खीरगंगा, कसौली इत्यादि पर्यटन स्थलों में एक महीने से सन्नाटा पसरा है।

इन पर्यटन स्थलों पर हजारों लोग टूरिस्ट गाइड बनकर, होटल, ढाबा, रेस्तरां, घोड़े, टैक्सी चलाकर रोजी रोटी कमाते है। इनका काम धंधा पूरी तरह ठप्प पड़ा है। अमूमन 15-20 जुलाई तक 50 फीसदी तक ऑक्युपेंसी रहती थी। मगर इस बार अगस्त के पहले सप्ताह के बाद ही कारोबार पर्यटन ठप्प हो गया।

NHAI की लापरवाही भी पर्यटकों की कमी की जिम्मेदार: सोहन

चियोग में हाईलेंडर होम स्टे के ऑनर सोहन ठाकुर ने इसके लिए कुदरत के साथ साथ NHAI को भी जिम्मेदार बताया। उन्होंने बताया कि हिमाचल के लिए 90 फीसदी पर्यटक कालका-शिमला, चंडीगढ़-मनाली फोरलेन से आता है।

मगर, इन दोनों हाईवे को NHAI ने 90 डिग्री के ढलान में काटकर बनाया है, जिससे हर साल बरसात में सड़कें बार बार बंद हो रही है। इस वजह से पर्यटक हिमाचल आने से कतरा रहे हैं।

शिमला में जीरो हुआ टैक्सी का काम: मिनाक्षी

शिमला की इकलौती महिला टैक्सी चालक मिनाक्षी ने बताया कि एक महीने से टैक्सी का काम जीरो हो गया है। टूरिस्ट सीजन में रोजाना दो से तीन हजार की कमाई हो जाती है। मगर बीते एक महीने के दौरान कुल मिलाकर तीन हजार नहीं कमा पाए। इससे गाड़ी कि किश्त तक निकालना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि जमा नकदी से गाड़ियों की किश्तें और महीने का खर्च निकाल रहे हैं।

टूरिज्म को करोड़ों का नुकसान: अनूप

मनाली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप ठाकुर ने बताया कि आपदा ने टूरिज्म इंडस्ट्री को करोड़ों का नुकसान किया है। इससे उबर पाना बेहद मुश्किल है। हालात कोरोना जैसे हो गए है। 100 कमरों से से मुश्किल से एक-दो कमरे लग पा रहे हैं। इससे कर्मचारियों की सैलरी तक देना मुश्किल हो गया है।

मानसून धीमी, फिर भी पर्यटक नहीं आ रहे

सच्चाई यह है कि बीते 20 दिनों के दौरान प्रदेश में नॉर्मल से भी 60 प्रतिशत कम बारिश हुई है। यही नहीं बंद पड़ी अधिकांश सड़कें भी बहाल कर दी गई है। इसे देखते हुए सूबे के PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी सैलानियों से बेखौफ होकर देवभूमि हिमाचल आने की अपील कर चुके है।

अब अक्टूबर में पर्यटक आने की उम्मीद: पूरी

डलहौजी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र पूरी ने बताया कि क्षेत्र में तीन से चार फीसदी की ऑक्युपेंसी बची है। उन्होंने बताया कि बारिश से टूरिज्म को भारी नुकसान हुआ है। अब अक्तूबर तक इसके सामान्य होने की उम्मीद नहीं है।

कुफरी में एक रेस्तराँ के सहायक प्रबंधक रोहित ने बताया कि अमूमन बरसात में 20 से 30 प्रतिशत तक ऑक्युपेंसी रहती थी। मगर, इस बार यह जोरो हो गई है। उन्होंने बताया कि वीकेंड पर भी पर्यटक नहीं आ रहे हैं।