हिमाचल में कुदरत का कहर… 11 की मौत: 4 NH सहित 800 सड़कें बंद; आज भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 26 से राहत के आसार

  • Hindi News
  • Local
  • Himachal
  • Shimla
  • Himachal Pradesh Weather Update Video | Havoc In Himachal | Rain Alert | Educational Institute Closed | IMD | Heavy Rain | Land Slide | Disaster | Himachal Shimla Manali Kullu Mandi News

शिमला4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
शिमला में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क - Dainik Bhaskar

शिमला में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने खूब तबाही मचाई है। लैंडस्लाइड जैसी घटनाओं में एक बच्चे सहित 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग लापता हैं। प्रदेशभर में भारी बारिश के बाद चार नेशनल हाईवे सहित 800 से ज्यादा सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए फिर बंद हो गई।

शिमला-चंडीगढ़, मनाली-चंडीगढ़, मंडी-पठानकोट और जालंधर-मंडी फोरलेन दो दिन से बंद है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेशभर में सड़कें बंद होने से 1250 से ज्यादा रूटों की बस सेवाएं ठप्प हुई है। इससे दैनिक उपभोग की खाद्य वस्तुओं की सप्लाई नहीं पहुंच पा रही।

भारी बारिश से शिमला की सड़कें बनी तालाब, पानी में तेरता हुआ सिलेंडर

भारी बारिश से शिमला की सड़कें बनी तालाब, पानी में तेरता हुआ सिलेंडर

आज भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में आज भी भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट और कल के लिए यलो अलर्ट दिया गया है। परसो से मानसून के कमजोर पड़ने के आसार है।

CM ने की सावधानी बरतने की अपील

मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने आज के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जनता से सावधानी बरतने, लैंडस्लाइड संभावित और उफनते हुए नदी नालों के समीप नहीं जाने की एडवाइजरी दी है। उन्होंने बेहद जरूरी काम होने पर ही लोगों से घरों से बाहर निकलने की अपील की है।

इनकी हुई मौत

शिमला के जुन्गा में पांच साल के मासूम बच्चे की लेंटर गिरने से मौत हो गई। शिमला के ही बल्देयां में छत्तीसगढ़ के दंपती की जान चली गई। मंडी में नाना-दोहती, ताई-भतीजी समेत 8 की जान मौत हुई। मंडी के कुकुलाह में स्कूल भवन और खोलनाला में 45 बकरियां और दो दर्जन लोगों के पालतू मवेशी बाढ़ में बह गए।

पिछले 24 घंटे के बारिश से 17 मकान ढह गए, जबकि 105 आंशिक नुकसान हुआ है। अकेले शिमला शहर में दो दर्जन से ज्यादा घर असुरक्षित हो गए है। इस वजह से 55 से ज्यादा परिवारों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है।

मंडी में बादल फटने के बाद नाले में बाढ़

मंडी में बादल फटने के बाद नाले में बाढ़

ब्यास और सहायक नदियों में क्रशर संचालन पर रोक

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि सरकार ने ब्यास नदी के तट व उसकी सहायक नदियों में स्टोन क्रशर तुरंत प्रभाव से बंद करने का निर्णय लिया है। भारी बारिश से बने हालात को देखते कांगड़ा में चक्की नदी के अलावा कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर जिलों में ब्यास और इसकी सहायक नदियों के उफान पर होने के कारण यह फैसला लिया है। अगले आदेश तक बारहमासी और गैर-बारहमासी दोनों नालों के सभी स्टोन क्रशर के संचालन को बंद किया गया है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा कैप्टिव (जरूरी) और अस्थायी स्टोन क्रशर इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण, विज्ञान, प्रौद्योगिकी तथा जलवायु परिवर्तन विभाग को इस प्रकार की विनाशकारी स्थिति उत्पन्न करने वाले कारकों की पहचान करने के लिए IIT, NIT, अनुसंधान एवं विकास संस्थानों और विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञों से तुरंत उच्चस्तरीय विशेषज्ञ परामर्श लेने के निर्देश दिए हैं।

खबरें और भी हैं…