हिमाचल-पंजाब-दिल्ली में आज कोल्ड वेव का अलर्ट: MP-राजस्थान में बढ़ेगी ठंड, 2 डिग्री गिरेगा तापमान; नॉर्थ-ईस्ट में बारिश की संभावना

नई दिल्ली11 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड में हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों पर दिख रहा है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में आज कोल्ड वेव का अलर्ट है। इन राज्यों में शनिवार को न्यूनतम तापमान 6º के आसपास रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा के करनाल में तापमान 4.2º पहुंचा।

उधर, MP-राजस्थान समेत उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सर्दी का दौर बना रहेगा। इन राज्यों में आज रात में तापमान 2-3 डिग्री तक गिरेगा। वहीं, उत्तर से आने वाली हवाओं के कारण दिन में भी ठिठुरन बढ़ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, MP में 11 फरवरी से बारिश की संभावना बनेगी।

इसके अलावा मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल समेत नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। सिक्किम, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में 11 फरवरी तक बरसात का दौर बना रहेगा। दक्षिण भारत के किसी राज्य में आज बारिश या कोल्ड वेव का अलर्ट नहीं हैं।

मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और ओडिशा के कुछ इलाकों की सुबह की शुरुआत आज कोहरे के साथ हुई। इससे विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई। ओडिशा के गोपालपुर और आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में सुबह 50 मीटर से ज्यादा दूर देखना मुश्किल हो रहा था।

राज्यों में मौसम का हाल…

मध्य प्रदेश: कई जिलों में लौटा ठंड का दौर, रात के टेम्परेचर में 2-3 डिग्री की गिरावट होगी

वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के गुजरने से मध्यप्रदेश में ठंड का एक और दौर आ गया है। उत्तरी हवाएं चलने से मंगलवार को ग्वालियर, गुना, नौगांव समेत 6 शहरों में दिन का टेम्प्रेचर 23 डिग्री से नीचे आ गया। भोपाल, उमरिया, सतना, जबलपुर, रायसेन, दमोह में तो 5 से 8.4 डिग्री तक पारा लुढ़क गया। पूरी खबर पढ़ें…

उत्तर प्रदेश: सबसे ठंडा रहा मऊ, सोनभद्र यूपी में सबसे गर्म, ईस्ट यूपी में बारिश के बाद गलन बढ़ी

वाराणसी समेत ईस्ट यूपी का मौसम फिर से करवट ले रहा है। 2 दिन हुई ठीक ठाक बारिश के बाद पारा फिर से गिरने लगा है। सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। मंगलवार को सोनभद्र का चुर्क यूपी का सबसे गर्म इलाका रहा और यहां का तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरी खबर पढ़ें…

पंजाब-हरियाणा-हिमाचल प्रदेश: तीनों राज्यों में ठंड का येलो अलर्ट , चंडीगढ़ में धूप निकली

पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के लिए एक बार फिर मौसम विभाग ने ठंड का येलो अलर्ट जारी किया है। हिमाचल के अलावा जम्मू कश्मीर व उत्तराखंड में हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों पर दिखने लगा है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले कुछ दिन न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। पूरी खबर पढ़ें…

झारखंड: लातेहार और जामताड़ा में हल्की बारिश, कल से साफ होगा मौसम

झारखंड में इन दिनों मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहा है। राजधानी रांची में जहां धूप के साथ बादल छाए हुए हैं, वहीं जामताड़ा और लातेहार में बारिश हुई है। कल से एक बार फिर मौसम करवट बदलने वाला है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज शाम से मौसम साफ हो जाने की उम्मीद है। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…