हल्द्वानी में अवैध मदरसा गिराने पर हिंसा, 4 की मौत: DM बोलीं- हमला प्लानिंग से हुआ, छतों पर पत्थर जमा थे, पेट्रोल बम भी फेंके

हल्द्वानीकुछ ही क्षण पहलेलेखक: पंकज राणा

  • कॉपी लिंक
हल्द्वानी में गुरुवार को अवैध मदरसा गिराए जाने के बाद हिंसा और आगजनी की तस्वीरें। - Dainik Bhaskar

हल्द्वानी में गुरुवार को अवैध मदरसा गिराए जाने के बाद हिंसा और आगजनी की तस्वीरें।

उत्तराखंड के हल्द्वानी में नगरनिगम ने गुरुवार को एक अवैध मदरसा ढहा दिया। नमाज पढ़ने के लिए बनाई गई एक इमारत पर भी बुलडोजर चला दिया। इसके बाद वहां हिंसा फैल गई। भीड़ ने पुलिस और निगम के अमले पर हमला कर दिया। बनभूलपुरा थाने को घेरा और पथराव किया।

हिंसा में 4 लोगों की मौत हो गई है। 300 पुलिसकर्मी और निगम कर्मचारी घायल हैं। कर्फ्यू लागू कर दिया गया है और दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश हैं। दंगाइयों की पहचान की जा रही है।

हल्द्वानी डीएम वंदा सिंह ने शुक्रवार को बताया कि अतिक्रमण हटाने से पहले ही टीम पर हमले की प्लानिंग कर ली गई थी। भीड़ ने पहले पत्थर फेंके, जिन्हें फोर्स ने तितर-बितर कर दिया। इसके बाद दूसरा जत्था आया और उसने पेट्रोल बम से हमला किया।

हल्द्वानी भीड़ के हमले में घायल पुलिसकर्मी।

हल्द्वानी भीड़ के हमले में घायल पुलिसकर्मी।

भीड़ ने थाने के पास खड़ी गाड़ियां फूंक दीं।

भीड़ ने थाने के पास खड़ी गाड़ियां फूंक दीं।

डीएम ने बताया- लोगों ने छतों पर पत्थर जमा कर रखे थे
वंदना सिंह ने बताया कि स्कूल-कॉलेज बंद हैं। पैरामिलिट्री और PAC की कंपनियां तैनात कर दी गई हैं। हमले की जानकारी देते हुए डीएम ने बताया कि भीड़ ने गाड़ियां और ट्रांसफॉर्मर फूंक दिए। साफ है कि हमले की योजना पहले से थी। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से शुरू की गई। ऐहतियातन फोर्स फोर्स तैनात की गई थी। हमारी टीम ने किसी को उकसाने का काम नहीं किया। किसी फोर्स का इस्तेमाल नहीं किया गया था।

हल्द्वानी डीएम वंदना सिंह ने हमले की पूरी जानकारी दी।

हल्द्वानी डीएम वंदना सिंह ने हमले की पूरी जानकारी दी।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई टारगेटेड नहीं थी- डीएम
वंदना सिंह ने कहा, “हल्द्वानी के अलग-अलग इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही है। चौराहों-सड़कों को चौड़ा करने के लिए एक्शन लिया जा रहा है। लोगों को नोटिस दिए गए। एक समिति बनाई गई थी। कुछ लोग हाईकोर्ट भी गए।
अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई किसी एक चीज को टारगेट करके नहीं की गई थी। हम लंबे समय से सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करने का प्रयास कर रहे थे।”

मुख्यमंत्री धामी बोले- कोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाया गया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा- अतिक्रमण कोर्ट के आदेश पर हटाया गया है। जिन लोगों ने हमला और आगजनी की है, उनकी पहचान कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ पुलिस, इंटेलिजेंस के अन्य सीनियर ऑफिसर के साथ हालात की समीक्षा की। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। फोर्सेस को अराजक तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों के साथ बैठक करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

अधिकारियों के साथ बैठक करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया था- मदरसा और नमाज वाली जगह पूरी तरह अवैध है। तीन एकड़ जमीन से कब्जा हटाया गया। गुरुवार को अवैध निर्माण ढहा दिया गया।