हरियाणा के टोहाना में महिला को चलती ट्रेन से फेंका: छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक ने दिया धक्का, रेलवे लाइन पर मिला शव; आरोपी गिरफ्तार

फतेहाबाद8 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

हरियाणा में फतेहाबाद के टोहाना में गुरुवार देर रात छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक महिला को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया गया। उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान मंदीप कौर (30) के रूप में हुई है। घटना के समय उसका 9 साल का बेटा भी साथ था। जब ट्रेन टोहाना पहुंची तो स्टेशन पर लेने आए पिता को बेटे ने पूरी घटना बताई।

पुलिस ने बताया कि महिला मंदीप को धक्का देने के बाद आरोपी संदीप भी ट्रेन से कूद गया था। उसे जख्मी हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद वह अपने घर कालवन चला गया, लेकिन जब वारदात का पता चला तो शुक्रवार को केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

वारदात की सूचना के बाद मौके पर पहुंचीं एसपी आस्था मोदी और पुलिस टीम।

वारदात की सूचना के बाद मौके पर पहुंचीं एसपी आस्था मोदी और पुलिस टीम।

महिला ने विरोध किया तो युवक को गुस्सा आ गया
जानकारी के मुताबिक महिला मंदीप कौर अपने मायके रोहतक के करेंथी गांव से ट्रेन में सवार होकर अपने घर आ रही थी। आरोपी युवक नरवाना से ट्रेन में चढ़ा था। उसने ट्रेन में महिला से छेड़खानी शुरू कर दी। महिला ने कई बार विरोध किया, पर युवक नहीं रुका। महिला के लगातार विरोध करने पर युवक ने उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया।

मृतका मंदीप कौर के शव को लेकर जाता पति।

मृतका मंदीप कौर के शव को लेकर जाता पति।

कुछ देर पहले ही पति को फोन किया था
पति हरजिंदर ने बताया कि ट्रेन जब टोहाना से 15-20 किलोमीटर दूर धमतान साहिब स्टेशन पर थी तो पत्नी मंदीप ने फोन करके टोहाना स्टेशन आने को कहा। जब वे स्टेशन पर उसे लेने पहुंचे तो 9 साल के बेटे ने रोते हुए सारा किस्सा सुनाया। हरजिंदर ने रात को ही थाने में केस दर्ज कराया। इसके बाद महिला की तलाश रात में ही शुरू कर दी गई।

रेलवे लाइन पर महिला को तलाश करने में आसपास के लोगों ने भी पुलिस की मदद की। आखिरकार शुक्रवार सुबह उसका शव मिला।

रेलवे लाइन पर महिला को तलाश करने में आसपास के लोगों ने भी पुलिस की मदद की। आखिरकार शुक्रवार सुबह उसका शव मिला।

खबरें और भी हैं…