हरियाणा कांग्रेस संगठन लिस्ट में फिर पेंच: SRK ग्रुप ने प्रभारी को नहीं दी समर्थकों की सूची; अब अक्टूबर तक टली घोषणा

चंडीगढ़36 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
हरियाणा कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक पहले सैलजा के प्रधान रहते हुड्डा ने संगठन लिस्ट जारी नहीं होने दी, अब SRK ग्रुप भी इसी नीति पर चल रहा है। - Dainik Bhaskar

हरियाणा कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक पहले सैलजा के प्रधान रहते हुड्डा ने संगठन लिस्ट जारी नहीं होने दी, अब SRK ग्रुप भी इसी नीति पर चल रहा है।

हरियाणा कांग्रेस संगठन की लिस्ट में फिर से पेंच फस गया है। रणदीप सुरजेवाला, कुमारी शैलजा और किरण चौधरी (SRK) ग्रुप ने पार्टी के हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया को अपने समर्थकों की लिस्ट देने से मना कर दिया है। इस कारण से 26 सितंबर को जारी होने वाली सूची को अब अक्टूबर तक के लिए टाल दिया गया है।

SRK ग्रुप के नेताओं ने आरोप लगाया है कि अभी तक की लिस्ट में सिर्फ एक ही ग्रुप के जिलाध्यक्षों का दबदबा है।

केसी वेणुगोपाल को सौपेंगे लिस्ट
SRK ग्रुप ने हरियाणा संगठन के जिलाध्यक्षों के चुनाव में निष्पक्षता नहीं किए जाने का आरोप लगाया है। इस ग्रुप के सभी प्रमुख चेहरों ने इसकी शिकायत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन का काम देख रहे केसी वेणुगोपाल से की है। इसके बाद अब एसआरके ग्रुप जिलाध्यक्षों के अपने संभावित नामों की लिस्ट केसी वेणु गोपाल को सौपेंगा। केंद्रीय नेतृत्व ने बाबरिया को अभी लिस्ट जारी करने के लिए रोक रखा है।

तंवर-शैलजा भी नहीं जारी कर सके थे लिस्ट

पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि जब अशोक तंवर और कुमारी शैलजा हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे तब पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा ग्रुप ने जिलाध्यक्षों की लिस्ट जारी नहीं करने दी थी। इस ग्रुप ने केंद्रीय नेतृत्व पर दबाव बनाकर लिस्ट को जारी करने पर रोक लगाने के लिए मजबूत कर दिया था, अब SRK ग्रुप इसका बदला ले रहा है।

हुड्‌डा ग्रुप लिस्ट जारी होने का बना रहा दबाव

वहीं दूसरी तरफ पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा और हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान के खेमे का दावा है कि कुछ नेता संगठन लिस्ट जारी नहीं होने दे रहे हैं। पिछले 9 साल से अधिक समय से हरियाणा कांग्रेस को जिलाध्यक्षों का इंतजार है। हुड्‌डा ग्रुप के कुछ नेताओं ने बताया कि लोकसभा चुनाव से पहले संगठन की लिस्ट जारी होना बेहद जरूरी है।

खबरें और भी हैं…