सीवान में महावीरी अखाड़ा शोभायात्रा पर पथराव, 12 घायल: असामाजिक तत्वों ने फेंके ईंट-पत्थर, दो समुदाय आए आमने-सामने; 6 पुलिसकर्मी भी घायल

सीवान16 मिनट पहले

बिहार के सीवान में महावीरी अखाड़ा शोभायात्रा पर गुरुवार शाम को असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। इसके बाद दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। हालात को काबू करने पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने पथराव किया। पथराव में दोनों पक्षों से 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पथराव में सब इंस्पेक्टर, दो एएसआई समेत छह पुलिसकर्मी भी गंभीर रूप से घायल हैं। दो पुलिसकर्मियों का सिर फटा है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पथराव का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ असामाजिक तत्व मस्जिद पर चढ़कर ईंट-पत्थर फेंक रहे हैं। आसपास के घरों से महिलाएं भी पत्थर फेंकती दिख रही हैं। इसके बाद शोभायात्रा में शामिल लोगों ने भी पथराव किया। एक गुमटी में आग भी लगा दी गई। पुलिस ने दोनों पक्ष से अब तक कुल 10 लोगों को हिरासत में लिया है। अब उनसे पूछताछ की जा रही है।

धार्मिक स्थल की बालकनी में चढ़कर पथराव करता दिखा युवक। (लाल घेरे में)

धार्मिक स्थल की बालकनी में चढ़कर पथराव करता दिखा युवक। (लाल घेरे में)

पूरा मामला जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार का है। इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। क्षेत्र में उपद्रव को देखकर एसपी शैलेश कुमार सिन्हा ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया है।

कहासुनी के बाद पत्थरबाजी शुरू

बताया जा रहा है कि महावीरी झंडा मेले की शोभायात्रा निकाली गई थी। इसी दौरान मस्जिद के पास किसी बात को लेकर दो पक्षों के लोगों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इसके बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने मस्जिद पर चढ़कर ऊपर से ईंट पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।

जुलूस निकालते लोग (बाईं ओर) और आग के हवाले की गई गुमटी (दाईं ओर)।

जुलूस निकालते लोग (बाईं ओर) और आग के हवाले की गई गुमटी (दाईं ओर)।

महिलाओं ने भी बरसाए ईंट पत्थर

वीडियो में दिख रहा है कि कुछ महिलाएं भी अपने-अपने छतों से ईंट-पत्थर बरसा रही हैं। बढ़ते बवाल को देख कुछ लोगों ने एक पान की दुकान को आग के हवाले कर दिया। पथराव में दोनों ही समुदायों के 12 लाेग घायल हुए हैं।

पथराव करती महिला।

पथराव करती महिला।

पुलिस पर भी पथराव
महावीरी अखाड़ा शोभायात्रा की सुरक्षा में लगी पुलिस ने जब असामाजिक तत्वों को मौके से खदेड़ने का प्रयास किया तो असामाजिक तत्वों द्वारा उन पर भी पथराव कर दिया गया। घटना के बाद पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। तनाव को देखते हुए पुलिस मौके पर कैंप कर रही है।

10 लोगों को हिरासत में लिया गया
बड़हरिया थानेदार प्रवीण कुमार प्रभाकर ने बताया कि दो पक्षों के लोगों के द्वारा एक-दूसरे पर पथराव तथा आगजनी की घटना को अंजाम दी गई है। इसमें कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं। पूरे गांव में पुलिस गश्त कर रही है। अब तक 10 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आगे रात में अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया जा सकता है। आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

खबरें और भी हैं…