साढ़े चार साल बाद आज जयपुर में मोदी की सभा: मंच से पीएम देंगे महिला सशक्तीकरण का संदेश, राहुल-खड़गे को भी दे सकते हैं जवाब

जयपुर4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

करीब साढ़े चार साल बाद आज पीएम नरेंद्र मोदी की जयपुर में सभा होगी। राजस्थान में पहली बार किसी पीएम की सभा में पूरी जिम्मेदारी महिलाएं संभाल रही हैं। नारी शक्ति वंदन विधेयक संसद में पास होने के बाद पहली बार पीएम मोदी जयपुर में राजनीतिक रैली को संबोधित करेंगे। ऐसे में मोदी मंच से महिला सशक्तीकरण का संदेश भी देंगे।

जयपुर की दादिया पंचायत (सांगानेर) में दोपहर करीब 2 बजे यह सभा होगी। इससे पहले पीएम मोदी की जयपुर में करीब साढ़े चार साल पहले 1 मई 2019 को लोकसभा चुनावों के समय मानसरोवर में सभा हुई थी।

वहीं, शनिवार को जयपुर से राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जिस तरह से बीजेपी और मोदी पर निशाना साधा था, मोदी जयपुर से ही राहुल-खड़गे को भी इसका जवाब दे सकते हैं।

ओपन जीप से सभा स्थल पहुंचेंगे मोदी
पीएम मोदी हेलीपेड से सभा स्थल तक ओपन जीप से आएंगे। यह दूरी करीब 700 मीटर की होगी। बताया यह भी जा रहा है कि मोदी की जीप को मंच से पहले पंडाल से गुजारा जाएगा। जहां उनका स्वागत होगा। आज सुबह मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हुई सभा में भी मोदी का ऐसा ही स्वागत किया गया था।

जयपुर की दादिया पंचायत (सांगानेर) में दोपहर करीब 2 बजे मोदी की यह सभा होगी।

जयपुर की दादिया पंचायत (सांगानेर) में दोपहर करीब 2 बजे मोदी की यह सभा होगी।

कमल साड़ी पहनकर महिलाएं संभाल रहीं जिम्मेदारी
मोदी की सभा में मंच संचालन से लेकर पंडाल की सभी व्यवस्थाएं महिलाएं संभाल रही हैं। नारी शक्ति वंदन विधेयक को लेकर पीएम मोदी का आभार जताने के लिए यह प्रयोग किया गया है। प्रदेश बीजेपी ने दावा किया कि पहली बार किसी प्रधानमंत्री की सभा की समस्त जिम्मेदारी महिलाओं की ओर से संभाली जा रही हैं। इससे पहले किसी भी पॉलिटिकल रैली में इस तरह का प्रयोग नहीं हुआ है।

भाजपा महिला मोर्चे की करीब 500 महिला कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई हैं। इसके अलावा महापौर सौम्या गुर्जर, जिला प्रमुख रमा चोपड़ा सहित अन्य प्रदेश महिला पदाधिकारी भी इसमें शामिल हैं।

बीजेपी का दावा 5 लाख से ज्यादा की जुटेगी भीड़
पीएम मोदी की आज की सभा को लेकर बीजेपी का दावा 5 लाख से ज्यादा की भीड़ जुटाने का है। सभा में भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के नेताओं को दी गई है। वहीं, प्रत्येक बूथ और शक्ति केंद्र से 10-10 कार्यकर्ताओं को सभा में पहुंचने के लिए कहा गया है। प्रदेश में 52 हजार बूथ हैं। ऐसे में बीजेपी का दावा है कि सभा में 5 लाख से ज्यादा की भीड़ जुटेगी।

सभा से पहले धानक्या जाएंगे मोदी
पीएम मोदी का करीब 1 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां से सीधे वे हेलिकॉप्टर से 1:30 बजे धानक्या पहुंचेंगे। यहां वे दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनकी जन्मस्थली जाएंगे। धानक्या से मोदी हेलिकॉप्टर के जरिए ही सभा के पास बने हेलीपेड पर पहुंचेंगे। करीब 2 बजे सभा स्थल पहुंचेंगे।

11 महीने में 8 बार राजस्थान आ चुके मोदी

  • पहली बार 30 सितंबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंबा माता के दर्शन करने आए थे। उस समय वह सिरोही जिले के आबू रोड भी आए थे।
  • दूसरी बार मोदी 1 नवंबर 2022 को बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम आए थे।
  • तीसरी बार 8 जनवरी 2023 को मोदी भीलवाड़ा दौरे पर आए थे। गुर्जर समाज के आराध्य देव देवनारायण भगवान की जयंती समारोह में शामिल हुए थे।
  • चौथी बार 12 फरवरी 2023 को मोदी दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे के उद्घाटन के मौके पर आए थे।
  • पांचवीं बार 10 मई 2023 को पीएम मोदी ने नाथद्वारा और आबू रोड में बड़ी सभाओं को संबोधित किया था।
  • छठी बार 31 मई 2023 को मोदी ने अजमेर में बीजेपी के महा जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की थी।
  • सातवीं बार मोदी ने 8 जुलाई को बीकानेर में अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण और 24,300 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया था।
  • आठवीं बार 27 जुलाई को पीएम मोदी ने सीकर में जनसभा को संबोधित किया था।

खबरें और भी हैं…