शिमला में भारी बारिश का तांडव: दो दर्जन से ज्यादा गाड़ियां और एक दर्जन घरों को नुकसान; कई मकान एहतियातन खाली कराए

शिमला23 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
शिमला में भारी लैंडस्लाइड - Dainik Bhaskar

शिमला में भारी लैंडस्लाइड

पहाड़ों की रानी शिमला ​में 30 घंटे से अधिक समय की बारिश ने खूब तबाही मचाई है। इससे शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में एक दर्जन से ज्यादा मकान असुरक्षित हो गए। प्रशासन ने इन्हें एहतियातन खाली करवाया है। शिमला के अलग अलग क्षेत्रों में दो दर्जन से ज्यादा गाड़ियों को भी नुकसान हुआ है।

शिमला में रात अढ़ाई बजे से सुबह चार बजे तक और आज सुबह 10.30 बजे से 12 बजे तक भयंकर बारिश ने सबकों डराकर रख दिया है। खासकर रात में हुई भयंकर बारिश के बाद लोगों ने बैठकर रात बिताई। इससे शिमला के लोग दहशत में आ गए।

शिमला में गिरे देवदार के पेड़

शिमला में गिरे देवदार के पेड़

भारी बारिश के बाद शिमला शहर की 25 में 18 सड़कें वाहनों के लिए बंद हो गई है। देवदार के बड़े बड़े पेड़ गिरने से हर और तबाही मची हुई है। चिंता इस बात की है कि बारिश थम नहीं रही और आज व कल के लिए भी शिमला में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है।

शिमला के मॉल रोड़ पर गिरा पेड़, रास्ता हुआ बंद

शिमला के मॉल रोड़ पर गिरा पेड़, रास्ता हुआ बंद

शिमला में इन क्षेत्रों में हुआ नुकसान

  • शिमला के उप नगर खलीणी की फॉरेस्ट कॉलोनी की कैंटीन पर पेड़ गिरने से इसे भारी नुकसान हुआ है। इसमें फंसे दो-तीन लोगों को कुछ देर की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला गया।
  • शिमला के नाभा में देवदार के पेड़ गिरने से हेरिटेज बिल्डिंग को खतरा पैदा हो गया है। इसके बाद मकान को खाली करवा दिया है।
  • सचिवालय छोटा शिमला को संजौली से जोड़ने वाली वाली सड़क पर नवबहार में पेड़ गिरने से दो गाड़ियों को नुकसान हुआ।
  • ढली-मल्याणा बाइपास पर लिंक रोड़ पर लैंडस्लाइड से तीन से चार गाड़ियों को नुकसान हुआ।
  • संजौली के शांतिबिहार वार्ड में पहाड़ी से निरंतर मलबा गिरने से गाहन में कई घरों को खतरा पैदा हो गया है। यहां पर निरंतर पहाड़ी से मिट्‌टी गिर रही है। सबसे बड़ा खतरा पहाड़ी पर खड़े देवदार के पेड़ के कारण मंडरा रहा है। लैंडस्लाइड के बाद गाहन में दो घरों को खाली करवाया जा चुका है।
  • शिमला के विजयनगर में बीती रात की भारी बारिश के बाद रात में ही दो मकान खाली कराए। इनमें रह रहे लोगों ोक दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है।
  • रामनगर में भी रात में घरों में पानी भरने के बाद दो घरों को खाली कराया गया। इसी तरह कृष्णानगर में भी चार और घरों को खाली कराया गया, जबकि यहां 40 घर पिछले सप्ताह स्लाटर हाउस गिरने के बाद खाली कराए जा चुके है।
  • शिमला के ISBT में लैंडस्लाइड के बाद निजी बस मलबे में दब गई।
  • IGMC सड़क पर भी सुबह के वक्त भारी बारिश के बाद सड़क पर मलबा आ गया।
  • शिमला के BCS में लैंडस्लाइड के बाद दो पेड़ गिरे। इससे सड़क यातायात के लिए बाधित हो गई। पेड़ गिरने से दो-तीन गाड़ियों को भी नुकसान हुआ है।
  • शिमला के मॉल रोड़ पर लॉल एंड सन्स के साथ बड़ा पेड़ गिर गया। US क्लब में भी पेड़ गिरने से दो-तीन गाड़ियों को नुकसान हुआ है।

भारी बारिश के बाद शिमला शहर की अधिकांश सड़कें बंद हो गई है।

शिमला शहर की सड़कों की स्थिति

शिमला शहर की सड़कों की स्थिति

शिमला जिले के प्रमुख संपर्क मार्गों की हालत

शिमला जिले के प्रमुख संपर्क मार्गों की हालत

खबरें और भी हैं…