शिंदे बोले- तेज हवा से शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरी: कांट्रेक्टर समेत दो पर FIR; मोदी ने 8 महीने पहले मूर्ति का उद्घाटन किया था

  • Hindi News
  • National
  • Maharashtra Chhatrapati Shivaji Maharaj Statue Collapse Reason; Eknath Shinde | Indian Navy

मुंबई3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 दिसंबर, 2023 को नेवी डे पर शिवाजी महाराज की प्रतिमा का उद्घाटन किया था। - Dainik Bhaskar

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 दिसंबर, 2023 को नेवी डे पर शिवाजी महाराज की प्रतिमा का उद्घाटन किया था।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सिंधुदुर्ग में छत्रपति शिवाजी महाराज की 8 महीने पुरानी प्रतिमा गिरने के पीछे तेज हवाओं को जिम्मेदार ठहराया है। शिंदे ने सोमवार (26 अगस्त) देर शाम कहा कि 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी, जिससे प्रतिमा गिर गई।

सीएम ने कहा- नेवी ने शिवाजी महाराज की 35 फुट ऊंची प्रतिमा की डिजाइनिंग और कंस्ट्रक्शन कराई थी। हम इसे दुबारा मजबूत तरीके से बनाएंगे। PWD और नेवी के अधिकारी मंगलवार (27 अगस्त) को सिंधुदुर्ग जाकर घटना की जांच करेंगे।

सोमवार (26 अगस्त) दोपहर 1 बजे तटीय सिंधुदुर्ग जिले के राजकोट किले में शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिर गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 दिसंबर, 2023 को नेवी डे पर इसका उद्घाटन किया था। पुलिस ने मामले में कांट्रेक्टर जयदीप आप्टे और स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट चेतन पाटिल के खिलाफ FIR दर्ज की है।

सिंधुदुर्ग के मालवन स्थित राजकोट किले में शिवाजी महाराज की 35 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित थी।

सिंधुदुर्ग के मालवन स्थित राजकोट किले में शिवाजी महाराज की 35 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित थी।

PWD मंत्री बोले- नेवी को स्टील में जंग लगने की जानकारी दी थी
महाराष्ट्र सरकार में PWD मंत्री और भाजपा नेता रवींद्र चव्हाण ने बताया कि शिवाजी महाराज की प्रतिमा की स्थापना के लिए महाराष्ट्र सरकार ने नेवी को 2.36 करोड़ रुपए दिए थे। हालांकि, प्रतिमा बनाने वाले आर्टिस्ट के चयन, उसके डिजाइन की पूरी प्रक्रिया नेवी ने की थी।

चव्हाण ने बताया कि 8 सितंबर, 2023 को प्रतिमा बनाने का ऑर्डर दिया गया था। प्रतिमा में इस्तेमाल किए गए स्टील में जंग लगना शुरू हो गया था। PWD ने पहले ही नेवी के अधिकारियों को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी थी और उनसे ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए थे।

सुप्रिया बोलीं- यह छत्रपति शिवाजी का अपमान शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने की घटना पर विपक्ष NDA सरकार पर हमलावर हो गया है। NCP (शरद गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया X पर कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री किसी स्मारक या संरचना का उद्घाटन करते हैं, तो लोगों को यकीन होता है कि उसका काम उच्च गुणवत्ता का होगा।

हालांकि, सिंधुदुर्ग के मालवन स्थित राजकोट किले में स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा एक साल के भीतर ही ढह गई। यह छत्रपति शिवाजी का अपमान है। जाहिर है इसका काम घटिया क्वालिटी का था। यह प्रधानमंत्री और जनता के साथ खुला धोखा है।

खबरें और भी हैं…