रॉबर्ट वाड्रा बोले- शायद राज्यसभा जाकर लोगों की सेवा करूं: राजनीति में जरूर उतरूंगा; पित्रोदा के बयान पर कहा- उन्होंने बकवास की

  • Hindi News
  • National
  • Priyanka Gandhi Husband Robert Vadra; Lok Sabha Election | Congress Ticket

नई दिल्ली11 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
16 अप्रैल को भी वाड्रा ने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी, हालांकि कांग्रेस ने वाड्रा को टिकट नहीं दिया। - Dainik Bhaskar

16 अप्रैल को भी वाड्रा ने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी, हालांकि कांग्रेस ने वाड्रा को टिकट नहीं दिया।

अमेठी से टिकट ना दिए जाने के बाद प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने इशारा किया कि वो राज्यसभा सदस्य बनकर राजनीति में उतर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वो कुछ समय बाद राजनीति में जरूर उतरेंगे।

16 अप्रैल को वाड्रा ने कहा था कि अगर कांग्रेस को लगता है कि मैं बदलाव ला सकता हूं तो मैं एक्टिव पॉलिटिक्स में आ जाऊंगा। जरूरी नहीं कि मैं अमेठी से चुनाव लडूं, मैं मुरादाबाद या हरियाणा से भी लड़ सकता हूं। हालांकि कांग्रेस ने वाड्रा को टिकट नहीं दिया है।

वाड्रा ने गुरुवार को न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत की। पूरी बातचीत…

1. किसी को जवाब देने के लिए राजनीति में नहीं आऊंगा
मैं किसी को जवाब देने के लिए राजनीति में नहीं आना चाहता। मैं इस देश के लोगों की सेवा करना चाहता हूं, हो सकता है राज्यसभा के जरिए ऐसा करूंगा। मैं पूरे देश में भ्रमण करूंगा और लोगों की सेवा करूंगा। मैं अमेठी, रायबरेली और मुरादाबाद जाऊंगा। उनका आशीर्वाद मुझे खुशी देता है।

2. इतने ऊंचे पद पर बैठे आदमी को ये शोभा नहीं देता (PM के मंगलसूत्र वाले बयान पर)
उन्होंने मंगलसूत्र पर जो कहा, वह प्रधानमंत्री पद पर बैठने वाले को शोभा नहीं देता। यही वजह है कि मैं नहीं चाहता, वो सत्ता में वापस आएं। वे जो भी आरोप लगाते हैं, उन्हें साबित नहीं कर पाते।

3. राहुल और प्रियंका के बीच कोई इश्यू नहीं
राहुल और प्रियंका जो भी कहते हैं, उसे पूरा करेंगे। मैं उन्हें जानता हूं। दोनों बहुत मेहनती हैं। (कम्युनिकेशन गैप के सवाल पर) कोई भी ताकत दोनों के बीच दरार नहीं ला सकती। मैंने कभी ऐसा नहीं देखा। उन दोनों के बीच अगर कोई बहस होती है, तो वो बहुत स्वस्थ बहस होती है कि वो देश के लिए बेहतर क्या कर सकते हैं।

4. टिकट नहीं मिला, इससे कोई विवाद नहीं
राहुल, प्रियंका और मेरे बीच कोई नहीं आ सकता है। लोगों को लगता है कि अमेठी से टिकट नहीं मिला तो मैं नाराज हूं। इसके मेरे लिए कोई मायने नहीं हैं। मुझे परिवार के लोगों के बीच कोई विवाद नहीं नजर आता। हम मिलकर देश के लिए काम करेंगे।

5. सैम पित्रोदा ने बकवास की है, जिम्मेदारी दिखानी थी
जब आप गांधी परिवार से जुड़े हैं, आपको कुछ भी करने से पहले सोचना चाहिए। बड़ी ताकत के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। आप दुनिया के किसी कोने सोफा पर में बैठे हैं और चाहते हैं कि आजकल जो चल रहा है, उसमें आपका नाम भी शामिल हो।

खुशी है कि वो रिटायर्ड हैं। मैं उन्हें पत्र जरूर लिखूंगा। सैम पित्रोदा ने जो कहा वो बकवास है। वो राजीव गांधी के करीबी थे। थोड़ा जिम्मेदार होना था। राहुल-प्रियंका मेहनत कर रहे हैं, लेकिन इस बयान के बाद भाजपा को बेवजह का मुद्दा मिल गया।

ये खबरें भी पढ़ें…

सैम पित्रोदा का ओवरसीज कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा:कहा था- भारत में ईस्ट वाले चीनी, साउथ वाले अफ्रीकन दिखते हैं; कांग्रेस ने किनारा किया

लोकसभा चुनाव के बीच विवादित बयानबाजी को लेकर घिरे कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से बुधवार को इस्तीफा दे दिया। इसकी जानकारी कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने दी। उन्होंने X पर लिखा- पित्रोदा ने अपनी मर्जी से इस्तीफा दिया है, जिसे स्वीकार कर लिया गया।

दरअसल, सुबह पित्रोदा का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वे कह रहे हैं कि भारत में ईस्ट के लोग चाइनीज और साउथ वाले अफ्रीकन दिखते हैं। ये बयान सामने आने के कुछ ही देर बाद कांग्रेस ने इससे किनारा कर लिया। पूरी खबर यहां पढ़ें…

PM बोले- शहजादे ने अडाणी-अंबानी को गाली देना बंद किया:क्या टेंपो भरकर माल पहुंचा है; राहुल ने पूछा- ये आपका पर्सनल एक्सपीरियंस है क्या?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा- पिछले 5 सालों से कांग्रेस के शहजादे दिन-रात एक ही माला जपते थे। 5 उद्योगपति, अंबानी और अडाणी, लेकिन जब से चुनाव घोषित हुआ है, इन्होंने अंबानी-अडाणी को गाली देना बंद कर दिया है…क्यों? कांग्रेस पार्टी को चुनाव के लिए उन उद्योगपतियों से कितना माल मिला? क्या टेंपो भरकर माल पहुंचा है?

PM के बयान पर राहुल गांधी ने शाम को एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जी, अडानी-अंबानी आपको ‘टैंपो’ में भरकर पैसे देते हैं क्या? ये आपका पर्सनल एक्सपीरियंस है? पूरी खबर यहां पढ़ें..

लोकसभा चुनाव 2024 की ताजा खबरें, रैली, बयान, मुद्दे, इंटरव्यू और डीटेल एनालिसिस के लिए दैनिक भास्कर ऐप डाउनलोड करें। 543 सीटों की डीटेल, प्रत्याशी, वोटिंग और ताजा जानकारी एक क्लिक पर।