राम रहीम पहुंचा सुनारिया जेल: 30 दिन की पैरोल खत्म होने पर लौटा; काफिले के आगे बाइक आने से कुछ देर रुकी गाड़ी

रोहतकएक घंटा पहले

साध्वी यौन शोषण, छत्रपति और रणजीत हत्याकांड का दोषी गुरमीत राम रहीम 30 दिन की पैरोल खत्म होने पर सोमवार शाम सुनारिया जेल पहुंचा।

सुनारिया जेल चौक के पास राम रहीम के काफिले के आगे एक मोटरसाइकिल आ गई। राम रहीम के काफिले में तैनात गारद ने मोटरसाइकिल को बीच सड़क से किनारे किया और काफिला सुरक्षित सुनारिया जेल में चला गया। राम रहीम की वापसी को लेकर जेल प्रशासन ने कड़े सुरक्षा के प्रबंध कर रखे थे।

सुबह ही पहुंचने के लग रहे रहे थे कयास

राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मिली हुई थी। पैरोल के दौरान वह अपने अनुयायियों के भी संपर्क में रहा। पैरोल 17 जुलाई को खत्म हो गई। सोमवार सुबह ही राम रहीम के जेल में वापस पहुंचने के कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन काफिले के साथ वह देर शाम सुनारिया जेल लौटा। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने कड़े प्रबंध किए थे। हालांकि काफिले के सामने मोटरसाइकिल आने के कारण एक सुरक्षाकर्मियों की एक गाड़ी को कुछ समय रुकना पड़ा।

राम रहीम के काफिले के आगे आई मोटरसाइकिल।

राम रहीम के काफिले के आगे आई मोटरसाइकिल।

बागपत में रहा और एल्बम रिलीज की

उम्रकैद की सजा काट रहे राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मिली थी। राम रहीम 17 जून को पैरोल पर बाहर आया और इस दौरान बागपत स्थित बरनावा आश्रम में रहा। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख ने इस बार पैरोल के दौरान एक एल्बम भी जारी की। साथ ही मंच पर आकर संगत के लिए सत्संग भी किया। पैरोल की अवधि 17 जुलाई को खत्म हो गई, इसके बाद वह सुनारिया जेल लौट आया।

पंजाब चुनाव से पहले भी मिली थी फरलो

2017 से साधवी यौन शोषण, पत्रकार छत्रपति और रणजीत हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहा है। राम रहीम को इसी साल पंजाब चुनाव से ठीक पहले 7 फरवरी को 21 दिन की फरलो मिली थी। हालांकि यह फरलो सर्शत थी। फरलो के दौरान राम रहीम गुरुग्राम स्थित आश्रम में रहा, इस दौरान उसने संगत से दूरी बनाए रखी। वहीं इस बार राम रहीम को पैरोल के लिए कोई शर्त नहीं लगाई गई थी। उसने संगत के नाम वीडियो भी जारी किया और सत्संग भी किया। वह 5 साल बाद किसी सार्वजनिक मंच पर हनीप्रीत के साथ सामने आया। इंस्टाग्राम पर लाइव होकर राम रहीम ने हनीप्रीत की ओर से पूछे संगत के सवालों के जवाब भी दिए।

खबरें और भी हैं…