मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: राजस्थान-एमपी के CM का दिल्ली दौरा, कैबिनेट गठन की चर्चा; बॉर्डर पार 300 आतंकी ताक में; विजयवर्गीय बोले- संसद में घुसपैठ छोटी बात

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Parliament Security Breach | Kailash Vijayvargiya

4 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर राजस्थान और मध्यप्रदेश में होने वाले मंत्रिमंडल गठन से जुड़ी रही। एक खबर खुफिया एजेंसियों के उस इनपुट की रही, जिसमें बताया गया है कि बॉर्डर पार से भारत में घुसपैठ के लिए करीब 300 आतंकी फिराक में हैं।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. PM मोदी सूरत एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग और सूरत डायमंड बोर्स का उद्धाटन करेंगे। इसके बाद शाम को वाराणसी पहुंचेंगे, यहां नमो घाट पर काशी तमिल संगमम 2023 का उद्घाटन करेंगे।
  2. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला होगा। ये मैच जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. राजस्थान-एमपी के CM का आज दिल्ली दौरा, मंत्रिमंडल को लेकर भाजपा हाईकमान करेगा फैसला

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली जाएंगे। दोनों नेता मंत्रिमंडल गठन को लेकर भाजपा के टॉप लीडर्स से चर्चा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि राजस्थान और मध्यप्रदेश में अगले हफ्ते मंत्रिमंडल का गठन हो सकता है। भाजपा हाईकमान इस पर फैसला लेगा।

ये खबर अहम क्यों है: भजनलाल शर्मा ने 15 दिसंबर को राजस्थान के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके साथ दो डिप्टी सीएम दीया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने भी शपथ ली थी। वहीं डॉ. मोहन यादव ने 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ ही जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने डिप्टी CM के रूप में शपथ ग्रहण की थी। माना जा रहा है कि गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में ये फैसला होगा कि पहले मंत्रिमंडल में कौन और कितने विधायक मंत्री बनेंगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. करीब 300 आतंकी भारत में घुसपैठ की फिराक में, जम्मू-कश्मीर में सिक्योरिटी अलर्ट पर
BSF के एक सीनियर अफसर ने बताया है कि 250 से 300 आतंकवादी जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान सीमा पर घुसपैठ की फिराक में हैं। IG अशोक यादव का कहना है कि आतंकी गतिविधियों को देखते हुए BSF और सेना संवेदनशील इलाकों पर नजर रखे हुए हैं। जम्मू-कश्मीर में सिक्योरिटी अलर्ट पर है।

ये खबर अहम क्यों है: सुरक्षाबल किसी भी घुसपैठ को नाकाम करने के लिए तैयार हैं। जम्मू-कश्मीर में 2023 में बीते 6 साल में सबसे कम आतंकी घटनाएं हुई हैं। ये जानकारी 6 दिसंबर को केंद्रीय मंत्री नित्यानंद ने राज्यसभा में दी थी। पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. कैलाश विजयवर्गीय बोले- संसद में घुसपैठ छोटी चीज; लोकसभा घुसपैठ केस में छठा आरोपी गिरफ्तार

13 दिसंबर को संसद पर हमले की 22वीं बरसी पर लोकसभा में घुसपैठ हुई थी।

13 दिसंबर को संसद पर हमले की 22वीं बरसी पर लोकसभा में घुसपैठ हुई थी।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का कहना है कि संसद की सुरक्षा में चूक छोटी बात है, जिसे विपक्ष ने बहुत बड़ा बना दिया। कांग्रेस सांसद के यहां मिली 400 करोड़ की बेनामी संपत्ति पर कोई नहीं बोल रहा। विजयवर्गीय ने कहा कि ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस संसद की घटना को जबरदस्ती बड़ा मुद्दा बना रही है। उधर, लोकसभा में घुसपैठ के मामले में छठे आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

ये खबर अहम क्यों है: 13 दिसंबर को संसद में हुई घुसपैठ के मामले में अब तक 6 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। सुरक्षा में चूक के चलते 8 सुरक्षाकर्मियों को सस्पेंड किया जा चुका है। वहीं इस मामले पर चर्चा की मांग कर रहे दोनों सदनों के 14 सांसद पूरे सत्र के लिए सस्पेंड किए जा चुके हैं। घटना के बाद संसद में प्रवेश करने वाले विजिटर्स की फ्रिस्किंग (जामा तलाशी) की जा रही है, जूते भी खुलवाए जा रहे हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. देश की अदालतों में 5 करोड़ केस पेंडिंग, सुप्रीम कोर्ट में 80 हजार, हाईकोर्ट्स में 61 लाख से ज्यादा मामले
देश की अदालतों में 5 करोड़ 8 लाख 85 हजार 856 केस पेंडिंग हैं। यह जानकारी कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने लोकसभा में दी। मेघवाल ने बताया कि 6 महीने पहले 1 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में पेंडिंग केसों की संख्या 69 हजार 766 थी। जो 1 दिसंबर को बढ़कर 80 हजार से ज्यादा हो गई। वहीं 61 लाख से ज्यादा केस 25 हाईकोर्ट्स में पेंडिंग हैं। बाकी के केसेज डिस्ट्रिक्ट और अधीनस्थ अदालतों में सुनवाई का इंतजार कर रहे हैं।

ये खबर अहम क्यों है: भारतीय न्यायपालिका में जजों की कुल स्वीकृत संख्या 26 हजार 568 है। सुप्रीम कोर्ट में जजों की फुल स्ट्रेंथ 34 है। वहीं, हाईकोर्ट्स में जजों की संख्या 1,114 है। जिला और अधीनस्थ अदालतों में जजों की स्वीकृत संख्या 25,420 है। इसके बावजूद देश में पेंडिंग केस की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. भारतीय विमेंस टीम ने इंग्लैंड को मुंबई टेस्ट में 347 रन से हराया, दीप्ति शर्मा ने 9 विकेट लिए

भारतीय विमेंस टीम ने पहली बार घरेलू मैदान पर टेस्ट में इंग्लैंड को हराया।

भारतीय विमेंस टीम ने पहली बार घरेलू मैदान पर टेस्ट में इंग्लैंड को हराया।

भारतीय विमेंस टीम ने इंग्लैंड को टेस्ट मैच में 347 रन से हरा दिया। भारत और इंग्लैंड के बीच मैच मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया था। भारतीय महिला टीम की इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में यह तीसरी जीत है। इससे पहले उसने 2006 में टॉन्टन और 2014 में वॉर्मस्ले में जीत हासिल की थी। दीप्ति प्लेयर ऑफ द मैच रहीं। उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर 9 विकेट लिए।

ये खबर अहम क्यों है: महिला टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में रनों के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले श्रीलंका की महिला टीम ने पाकिस्तान को 1998 में 309 रन से हराया था। भारतीय विमेंस टीम 9 साल बाद घर में टेस्ट मैच खेलने उतरी थी। इससे पहले 2014 में विमेंस टीम ने घरेलू जमीन पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट खेला था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. समुद्री लुटेरों से माल्टा का जहाज बचा रही भारतीय नौसेना: अरब सागर में युद्धपोत भेजा
भारतीय नौसेना अरब सागर में समुद्री लुटेरों से माल्टा के एक जहाज का रेस्क्यू कर रही है। 14 दिसंबर को नौसेना को एक अलर्ट मिला था। जिसके बाद नेवी ने अपना एक युद्धपोत अदन की खाड़ी में हाइजैक हुए जहाज MV रुएन की मदद के लिए भेजा है। नेवी को जानकारी मिली कि जहाज कोरिया से तुर्किये की तरफ जा रहा था। तभी सोमालिया के समुद्री लुटेरों ने उस पर हमला कर दिया। इस जहाज पर 18 लोग मौजूद हैं।

ये खबर अहम क्यों है: समुद्री लुटेरे हाइजैक किए जहाज को सोमालिया की तरफ ले जा रहे हैं। यूरोपियन यूनियन और स्पेन ने भी जहाज को बचाने के लिए अपनी नेवल फोर्स को काम पर लगाया है। 2017 के बाद ये अरब सागर में जहाज हाइजैक होने का सबसे बड़ा मामला है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केन्या के राष्ट्रपति के साथ समुद्री सुरक्षा का मुद्दा उठाया था।
​​​​​​​​​​​​​​पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. भारत-अमेरिका रिश्तों के लिए खतरा बन सकता है पन्नू केस; भारतवंशी सांसद बोले- अमेरिकी जमीन पर साजिश न दोहराए भारत

तस्वीर में बाएं से- रो खन्ना, प्रमिला जयपाल, श्री थानेदार, एमी बेरा और राजा कृष्णमूर्ति। पांचों भारतवंशी सांसदों के ग्रुप को अमेरिका में अनौपचारिक तौर पर 'समोसा कॉकस' कहा जाता है।

तस्वीर में बाएं से- रो खन्ना, प्रमिला जयपाल, श्री थानेदार, एमी बेरा और राजा कृष्णमूर्ति। पांचों भारतवंशी सांसदों के ग्रुप को अमेरिका में अनौपचारिक तौर पर ‘समोसा कॉकस’ कहा जाता है।

अमेरिका में भारतवंशी सांसदों का कहना है कि अगर खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश मामले में जांच नहीं हुई तो भारत और अमेरिका के रिश्ते खतरे में पड़ सकते हैं। एक जॉइंट स्टेटमेंट में पांच भारतवंशी सांसदों एमी बेरा, प्रमिला जयपाल, रो खन्ना, राजा कृष्णमूर्ति और श्री थानेदार ने कहा, ‘यह बेहद गंभीर मामला है। भारत यह सुनिश्चित करे कि ऐसा फिर कभी नहीं होगा। भारत ऐसी साजिश अमेरिकी जमीन पर दोबारा न करे और जांच में पूरा सहयोग करे।’

ये खबर अहम क्यों है: अमेरिका में पन्नू की हत्या की साजिश रचने के मामले में 29 नवंबर को न्यूयॉर्क पुलिस की चार्जशीट सामने आई थी। इसमें भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता पर पन्नू की हत्या की साजिश का आरोप है। इसके मुताबिक, एक भारतीय अफसर के कहने पर निखिल ने एक अपराधी से पन्नू के मर्डर के लिए कॉन्टैक्ट किया, इसके लिए करीब 83 लाख रुपए में डील हुई थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. 18 दिसंबर से कांग्रेस की क्राउड फंडिंग मुहिम की शुरुआत: नाम रखा डोनेट फॉर देश, हर कांग्रेस पदाधिकारियों को देने होंगे 1380 रुपए (पढ़ें पूरी खबर)
  2. साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे चाहर: फैमिली इमरजेंसी के चलते हटे; शमी 2 टेस्ट की सीरीज से बाहर (पढ़ें पूरी खबर)
  3. IPL मिनी ऑक्शन 19 दिसंबर को, 77 स्लॉट भरे जाएंगे: गुजरात को हार्दिक का विकल्प चाहिए; KKR में सबसे ज्यादा 12 प्लेयर्स की जरूरत (पढ़ें पूरी खबर)
  4. देश में बाल विवाह रोकने की कोशिशें घटीं: पंजाब, पश्चिम बंगाल सहित 6 राज्यों में कम उम्र की लड़कियों की शादी का ग्राफ बढ़ा (पढ़ें पूरी खबर)
  5. सेना के अफसर ने बताई मणिपुर हिंसा की वजह: कहा- म्यांमार में अशांति का यहां तक असर, जनता के पास हथियार होना भी एक कारण (पढ़ें पूरी खबर)
  6. यूक्रेनी नेता ने मीटिंग में ग्रेनेड फेंका : खुद के अलावा 26 लोग घायल, 4 की हालत नाजुक; फंड्स में कमी से नाराज था (पढ़ें पूरी खबर)
  7. इजराइली सैनिकों ने अपने 3 नागरिकों को गोली मारी: गलती मानी, कहा- लगा इनसे खतरा है; हमास ने इन्हें गाजा में बंधक बनाया था (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

भारत का पहला AI-मॉडल ‘कृत्रिम’ लॉन्च, ये 22 भारतीय भाषाएं समझ सकता है

लाइव इवेंट में ओला इलेक्ट्रिक के CEO भाविश अग्रवाल।

लाइव इवेंट में ओला इलेक्ट्रिक के CEO भाविश अग्रवाल।

ओला कैब और इलेक्ट्रिक के फाउंडर भाविश अग्रवाल ने भारत का पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल ‘कृत्रिम’ लॉन्च किया है। ये मॉडल OpenAI के चैटबॉट, चैटजीपीटी और गूगल के बार्ड को टक्कर देगा। कृत्रिम चैटबॉट सवालों के जवाब भी देता है। ये 22 भारतीय भाषाओं को समझ सकता है और हिंदी, तेलुगु, मराठी जैसी 10 भाषाओं में टेक्स्ट तैयार कर सकता है। पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…