मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ- जयपुर में करणी सेना अध्यक्ष की हत्या: शिवराज बोले- CM का दावेदार कभी नहीं रहा; DMK नेता ने कहा- भाजपा गोमूत्र स्टेट्स में जीती

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; BJP Rajasthan CM | Madhya Pradesh Shivraj Chouhan | Karni Sena Sukhdev Singh Murder Reason

11 मिनट पहलेलेखक: शुभांक शुक्ला, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर राजस्थान में राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह की हत्या से जुड़ी रही। उनके घर में घुसकर बदमाशों ने गोली मार दी। उधर, DMK सांसद ने हिंदी राज्यों को गौमूत्र स्टेट्स बताया। इस पर भाजपा ने कहा कि यह सनातन का अपमान है। हम आपको आगे MP-राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों के नाम के ऐलान से जुड़ी खबर बताएंगे…

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. मराठा आरक्षण को लेकर महाराष्ट्र सरकार की क्यूरेटिव पिटीशन पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा।
  2. ठग सुकेश की याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई होगी। याचिका में मनी लॉन्ड्रिंग मामले को रद्द करने की मांग की गई है।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. जयपुर में करणी सेना अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, बदमाशों के साथ आया युवक मारा गया

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को गोली मारने का सीसीटीवी फुटेज।

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को गोली मारने का सीसीटीवी फुटेज।

जयपुर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्हें बचाने की कोशिश में गार्ड अजीत सिंह घायल हो गए। गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर रोहित गोदारा ने ली है। पुलिस ने बताया कि 3 बदमाश सुखदेव सिंह से मिलने उनके घर पहुंचे। करीब 10 मिनट बाद ही दो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। क्रॉस फायरिंग में एक बदमाश भी मारा गया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

ये खबर अहम क्यों है: सुखदेव को कई बार धमकी मिल चुकी थी। इसको लेकर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी कि मेरी जान को खतरा है। जब गोगामेड़ी की पत्नी कॉलोनी स्थित मंदिर में पूजा के लिए जाती थीं तो उनके साथ निजी गनमैन जाते थे।

दरअसल, सुखदेव सिंह राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। इससे पहले वे लंबे समय तक राष्ट्रीय करणी सेना से जुड़े रहे थे। विवाद के बाद राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से अलग संगठन बना लिया था। साल 2017 में फिल्म पद्मावत की जयगढ़ में शूटिंग के दौरान राजपूत करणी सेना के लोगों ने तोड़फोड़ की थी। इस घटना के बाद सुखदेव चर्चा में आए थे।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. एमपी, छत्तीसगढ़, राजस्थान में CM को लेकर काउंट डाउन; शिवराज बोले- मैं कभी दावेदार नहीं रहा

मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के सीएम चुनने के लिए दिल्ली में भाजपा की बैठकों का दौर जारी है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ के सीएम कैंडिडेट शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। राजस्थान में वसुंधरा और सीपी जोशी के समर्थक उन्हें सीएम बनाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ में सीएम की रेस में रेणुका सिंह, विष्णुदेव साय और रामविचार नेताम का नाम है। रेणुका को CM बनाने के लिए समर्थक हवन-पूजन तक कर रहे हैं। उधर, एमपी में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वो कभी भी मुख्यमंत्री के दावेदार नहीं थे। बस भाजपा के एक समर्पित कार्यकर्ता हैं।

मुख्यमंत्रियों के नाम का ऐलान आज संभव: MP-राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों के नाम का ऐलान आज हो सकता है। इसको लेकर देर रात भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक की। हालांकि, इस बैठक में क्या बात हुई, इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। ​​​​​​मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आज संसदीय बोर्ड की बैठक हो सकती है। इसी के बाद तीनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के नामों का ऐलान होगा। ​​​​​

पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. DMK नेता लोकसभा में बोले- BJP गोमूत्र राज्यों में जीत रही, उसे दक्षिण में घुसने नहीं देंगे

सांसद सेंथिल कुमार लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन (5 दिसंबर) जम्मू-कश्मीर आरक्षण संशोधन और पुनर्गठन संशोधन बिल पर चर्चा के दौरान बोल रहे थे।

सांसद सेंथिल कुमार लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन (5 दिसंबर) जम्मू-कश्मीर आरक्षण संशोधन और पुनर्गठन संशोधन बिल पर चर्चा के दौरान बोल रहे थे।

संसद के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन लोकसभा में गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर आरक्षण संशोधन बिल पेश किया। चर्चा के दौरान DMK सांसद डॉ. सेंथिल कुमार ने कहा कि भाजपा की ताकत केवल हिंदी बेल्ट के उन राज्यों को जीतने की है, जिन्हें हम आमतौर पर गोमूत्र राज्य कहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि दक्षिण राज्यों में BJP को घुसने नहीं देंगे। लेकिन हो सकता है कि भाजपा गवर्नर के जरिए शासन करने के लिए दक्षिण राज्यों को केंद्र शासित प्रदेश बना दे। जैसे कश्मीर को बनाया है।

ये खबर अहम क्यों है: DMK नेता सेंथिल के गोमूत्र राज्य वाले बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि यह सनातनी परंपरा का अनादर है। देश की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। वहीं, कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि डीएमके के बयान से उनकी पार्टी सहमत नहीं है। कांग्रेस सनातन धर्म और गौमाता में भी विश्वास करती है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. रेवंत रेड्डी होंगे तेलंगाना के अगले मुख्यमंत्री, राहुल गांधी ने मुहर लगाई; 7 दिसंबर को शपथ लेंगे

कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी तेलंगाना के नए मुख्यमंत्री होंगे। वे 7 दिसंबर को सीएम पद की शपथ लेंगे। दिल्ली में हुई पार्टी की बैठक में यह फैसला लिया गया। इसमें राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित कई सीनियर लीडर मौजूद थे। बैठक के बाद राहुल ने कहा कि रेवंत रेड्डी को तेलंगाना में सीएम पद के लिए चुना गया है।

ये खबर अहम क्यों है: तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों पर 30 नवंबर को वोटिंग हुई थी, रिजल्ट रविवार को आया। इसमें कांग्रेस ने 64 सीटें जीतीं। सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (BRS) को 39 सीटें मिलीं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्‌डी और कर्नाटक के डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने 3 दिसंबर की रात राज्यपाल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. साइक्लोन मिचौंग आंध्र तट से टकराकर उत्तर दिशा में बढ़ा, चेन्नई में 17 लोगों की मौत

चेन्नई में मंगलवार को बाढ़ प्रभावित इलाके में लोगों ने नाव का इस्तेमाल किया।

चेन्नई में मंगलवार को बाढ़ प्रभावित इलाके में लोगों ने नाव का इस्तेमाल किया।

बंगाल की खाड़ी से 2 दिसंबर को उठा साइक्लोन मिचौंग मंगलवार दोपहर आंध्र प्रदेश के तट से टकराकर उत्तर की ओर बढ़ा गया। इस दौरान 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तूफान के असर से तमिलनाडु में 2 दिनों के भीतर 3 महीने जितनी बारिश हुई। चेन्नई में बारिश की वजह से अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है।

ये खबर अहम क्यों है: तूफान का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हुआ। दोनों राज्यों में 100 से ज्यादा ट्रेनें और 50 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं। वहीं, आंध्र प्रदेश के कोस्टल एरिया से 9500 लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश में आज भी आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. मणिपुर फायरिंग में मारे गए 13 लोग मैतेई थे, ज्यादातर की उम्र 20 से 25 साल

मणिपुर में सोमवार को दो गुटों के बीच गोलीबारी में मारे गए 13 लोगों की पहचान हो गई है। ये सभी मैतेई समुदाय के हैं। घटना म्यांमार बॉर्डर से लगे कुकी बहुल टेंग्नौपाल​​​​​​ जिले के लीथू गांव में हुई थी। मारे गए लोगों में से अधिकतर की उम्र 20 से 25 साल के बीच थी। मृतकों का कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, ऐसी आशंका है कि ये सभी लोग हथियारों की ट्रेनिंग लेने के लिए बॉर्डर पार जा रहे थे। पुलिस ने कहा कि इन हत्याओं की जांच जारी है।

ये खबर अहम क्यों है: राज्य में कुकी और मैतेई समूह के बीच आरक्षण को लेकर 3 मई से हिंसा जारी है। हिंसक घटनाओं में अब तक 200 लोग मारे गए हैं। 50 हजार लोग रिलीफ कैंप्स में रह रहे हैं। हिंसा के बाद से अब तक 6523 FIR दर्ज हुई हैं। इनमें ज्यादातर शून्य FIR हैं। इनमें 5107 मामले आगजनी, 71 हत्याओं के हैं। सीबीआई की 53 अधिकारियों की एक टीम 20 मामले देख रही है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. एनिमल ने चार दिन में कमाए 425 करोड़ रुपए, शाहरुख खान की जवान का रिकॉर्ड तोड़ा

रणबीर कपूर की फिल्म एनिमल ने मात्र चार दिनों में ग्लोबली 425 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। फिल्म ने पहले सोमवार को 44 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। उसने शाहरुख खान की जवान का रिकॉर्ड तोड़ दिया। जवान ने अपने फर्स्ट मंडे पर 32 करोड़ रुपए कमाए थे।

ये खबर अहम क्यों है: रणबीर ने अपने 16 साल के करियर में कुल 20 फिल्में की हैं, जिनमें से 11 फिल्में फ्लॉप और 9 फिल्में हिट रहीं। करियर के लिहाज से रणबीर के लिए एनिमल काफी अहम है। इस फिल्म ने रणबीर की अपनी कई फिल्मों का वर्ल्डवाइड कलेक्शन रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इससे पहले उनकी फिल्म ‘तू झूठी मैं मक्कार’ ने वर्ल्डवाइड 220 करोड़ रुपए और संजू ने 350 करोड़ रुपए कमाए थे। अब यह फिल्म 5वें दिन ही ब्रह्मास्त्र के टोटल कलेक्शन 431 करोड़ को क्रॉस कर लेगी। इसके साथ ही यह रणबीर के करियर की सबसे हिट फिल्म बन जाएगी।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. I.N.D.I.A की बैठक टली, अब दिसंबर के तीसरे हफ्ते में: ममता-नीतीश समेत कई नेताओं ने शामिल होने से इनकार किया था (पढ़ें पूरी खबर)
  2. TMC बोली- कांग्रेस जमींदारी मानसिकता के चलते हारी: मुखपत्र में लिखा- चार राज्यों में हार का असर I.N.D.I.A गठबंधन पर पड़ेगा (पढ़ें पूरी खबर)
  3. मुंबई हमले के आतंकी साजिद मीर को जहर दिया: पाकिस्तान में वेंटिलेटर पर रखा गया; 26/11 अटैक के बाद प्लास्टिक सर्जरी करवाई थी (पढ़ें पूरी खबर)
  4. चंद्रयान-3 के प्रोपल्शन मॉड्यूल के साथ यूनीक एक्सपेरिमेंट: मॉड्यूल को पृथ्वी की कक्षा में ट्रांसफर किया, ये प्रयोग सैंपल रिटर्न मिशन के लिए जरूरी (पढ़ें पूरी खबर)
  5. सिक्किम में बाढ़ के 60 दिन बाद भी 77 लापता: इनमें 7 जवान; सेना की बंदूकें-तोपें बह गईं, राज्य को 30 हजार करोड़ का नुकसान (पढ़ें पूरी खबर)
  6. रूस के लिए लड़ते हुए 6 नेपाली सैनिक मारे गए: यूक्रेन बॉर्डर पर तैनात थे; नेपाल ने कहा- हमारे नागरिकों का इस्तेमाल बंद करे मॉस्को (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

बॉयफ्रेंड से उम्र छिपाने के लिए महिला ने बनवाया नकली पासपोर्ट, 41 की उम्र को 27 बताया

चीन में 41 साल की महिला ने अपने बॉयफ्रेंड से उम्र छिपाने के लिए नकली पासपोर्ट बनवाया। इसमें जन्मतिथि 1996 में डलवाई, जबकि उसका जन्म 1982 में हुआ था। नकली पासपोर्ट बनवाने के लिए महिला ने करीब 77 हजार रुपए खर्च कर दिए। एयरपोर्ट पर एक अधिकारी को महिला पर शक हुआ तो वो डॉक्यूमेंट्स चेक करने लगा। इस पर महिला ने अधिकारी से अकेले में बात करने की रिक्वेस्ट की और खुलासा किया कि उसके पास दो चीनी पासपोर्ट हैं। एक में उसकी वास्तविक उम्र 41 साल है, जबकि दूसरे में 27 साल है। महिला ने अधिकारी को बताया कि वह अपने 24 साल के प्रेमी से अपनी वास्तविक उम्र छिपाना चाहती थी।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…