मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: किसान आंदोलन; 800 ट्रालियों में लाए 6 महीने का राशन; राहुल का वादा- MSP देंगे; मोदी बोले- भारत-UAE की दोस्ती जिंदाबाद

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Punjab Haryana Kisan Andolan | PM Modi UAE Visit

15 मिनट पहलेलेखक: अभिषेक कुमार तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर किसान आंदोलन से जुड़ी रही। किसान दिल्ली कूच के लिए निकल पड़े हैं। वे अपने साथ 800 ट्रालियों में 6 महीने का राशन लाए हैं। दूसरी खबर PM मोदी को लेकर हैं, जिन्होंने UAE में भारतीय समुदाय को संबोधित किया और अरबी भाषा में बताया कि, भारत-UAE की दोस्ती कितनी मजबूत है।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज का प्रमुख इवेंट, जिस पर रहेगी नजर…

PM नरेंद्र मोदी अबु धाबी में पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन करेंगे। यह मंदिर 27 एकड़ जमीन पर 700 करोड़ रुपए की लागत से बना है।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. दिल्ली जाने के लिए अड़े किसान: पुलिस से झड़प, 12 किसान-7 पुलिसकर्मी घायल

पंजाब से किसान 13 फरवरी को दिल्ली चलो मार्च के लिए निकल चुके हैं। पुलिस और किसानों के बीच झड़प भी हुई।

पंजाब से किसान 13 फरवरी को दिल्ली चलो मार्च के लिए निकल चुके हैं। पुलिस और किसानों के बीच झड़प भी हुई।

पंजाब-हरियाणा से किसान दिल्ली कूच के लिए निकल गए हैं। शंभू बॉर्डर पर बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश गई तो पुलिस ने ड्रोन से आंसू गैस के गोले छोड़े। झड़प में 12 से अधिक किसान घायल हुए हैं। इन्हें आंसू गैस के गोले या रबड़ की बुलेट लगी हैं। वहीं अंबाला के DSP समेत 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

किसानों को रोकने की क्या है तैयारी: आंदोलन को देखते हुए हरियाणा के 7 और राजस्थान के 3 जिलों में इंटरनेट बंद है। 15 जिलों में धारा 144 लागू है। हरियाणा और दिल्ली का सिंघु-टीकरी बॉर्डर, यूपी से जुड़ा गाजीपुर बॉर्डर सील हैं। दिल्ली में एक महीने के लिए धारा 144 भी लागू कर दी गई है।

6 महीने का राशन साथ लाए किसान: किसानों के मुताबिक, 800 ट्रॉलियों में 6 महीने तक का राशन साथ में लेकर चले हैं। कई ट्रॉलियों में सोने तक का प्रबंध भी किया गया है। उनमें गद्दे बिछाए गए हैं। इसके साथ पानी के टैंकर-ड्रम और डीजल भी लेकर जा रहे। जत्थों में महिलाएं भी शामिल हैं, जो लंगर की जिम्मेदारी संभालेंगी।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. राजस्थान के कोटा में एक और स्टूडेंट ने सुसाइड किया, इस साल सुसाइड का चौथा केस
राजस्थान के कोटा में एक और स्टूडेंट ने सुसाइड कर लिया। यह छात्र छत्तीसगढ़ के सूरजपुर का रहने वाला था और 2 साल से जेईई की तैयारी कर रहा था। 12 फरवरी की रात जॉइंट एंट्रेस एग्जाम (JEE) मेंस का रिजल्ट आया था। उसके बाद स्टूडेंट ने फंदे पर लटककर जान दे दी।

कोटा में इस साल सुसाइड का चौथा केस: इससे पहले 2 फरवरी को यूपी के रहने वाले नूर मोहम्मद (27) ने सुसाइड किया था। वह बीटेक छात्र था। 31 जनवरी को कोटा की निहारिका (18) ने सुसाइड कर लिया था। वह जेईई की तैयारी कर रही थी। वहीं 24 जनवरी को यूपी के मुरादाबाद के रहने वाले मोहमद जैद (19) ने आत्महत्या की थी। वह न्यू राजीव गांधी नगर इलाके में एक हॉस्टल में रहकर NEET की तैयारी कर रहा था।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. PM मोदी का UAE दौरा: भारतीय समुदाय से कहा- भारत-UAE की दोस्ती जिंदाबाद

PM नरेंद्र मोदी ने UAE में अबु धाबी के शेख जाएद स्टेडियम में भारतीय समुदाय का अभिवादन किया।

PM नरेंद्र मोदी ने UAE में अबु धाबी के शेख जाएद स्टेडियम में भारतीय समुदाय का अभिवादन किया।

PM मोदी दो दिन के UAE दौरे पर हैं। यहां उनका स्वागत गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ। अबू धाबी में हुए ‘अहलन मोदी’ कार्यक्रम में उन्होंने भारतीय समुदाय के करीब 65 हजार लोगों को संबोधित किया। पीएम ने कहा- आपने नया इतिहास रच दिया है, यहां हर धड़कन कह रही है कि भारत-UAE दोस्ती जिंदाबाद।

अरबी भाषा में बोले मोदी: PM ने अरबी भाषा में भी संबोधन दिया। जिसका हिंदी अनुवाद बताते हुए कहा- भारत और यूएई वक्त की कलम से दुनिया की किताब पर एक बेहतर भाग्य का हिसाब लिख रहे हैं। सोचिए कलम, हिसाब, जमीन कितनी सहजता से बोले जाने वाले शब्द हैं। सोचिए ये शब्द वहां कैसे पहुंचे है। यह यहां गल्फ से पहुंचे हैं।

PM बनने के बाद मोदी का 7वां UAE दौरा: मोदी PM के तौर पर पहली बार अगस्त 2015 में UAE गए थे। उन्होंने 2018 और 2019 में भी UAE का दौरा किया था। 2019 में UAE सरकार ने मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ जाएद’ से नवाजा था। मोदी जून 2022 और जुलाई 2023 में दुबई गए थे। इस दौरान राष्ट्रपति अल नाहयान ने उन्हें फ्रेंडशिप बैंड भी बांधा था।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. महाराष्ट्र के पूर्व CM अशोक चव्हाण भाजपा में शामिल, राज्यसभा का टिकट मिल सकता है
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता रहे अशोक चव्हाण भाजपा में शामिल हो गए। उनके साथ कांग्रेस के पूर्व MLC अमर राजुलकर ने भी भाजपा की सदस्यता ली। डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

एक दिन पहले छोड़ी थी कांग्रेस: भाजपा में आने से एक दिन पहले 12 फरवरी को चव्हाण ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया था, इसके अलावा उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से भी रिजाइन कर दिया था। पार्टी छोड़ने को लेकर उन्होंने कहा था कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है।

दो बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे: चव्हाण दिसंबर 2008 से नवंबर 2010 तक दो बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे। दिसंबर 2008 में मुंबई आतंकी हमले के बाद जब दो बार के CM विलासराव देशमुख को पद से हटाया गया, तब चव्हाण को मुख्यमंत्री बनाया गया। इसके बाद 2009 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस ने उन्हें दोबारा CM बनाया।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी बोले- MSP की लीगल गारंटी देंगे; न्याय यात्रा रोक दिल्ली रवाना

राहुल गांधी अंबिकापुर के कला केंद्र में सभा के बाद सीधे दिल्ली रवाना हो गए।

राहुल गांधी अंबिकापुर के कला केंद्र में सभा के बाद सीधे दिल्ली रवाना हो गए।

राहुल गांधी की न्याय यात्रा 13 फरवरी को छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर पहुंची। यहां एक सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा- हम MSP की लीगल गारंटी देंगे। ये मेनिफेस्टो में शामिल होगा, केंद्र में सरकार बनते ही इसे लागू किया जाएगा। फसलों के दाम कम होने पर भी सरकार इसकी भरपाई करेगी।

राहुल की न्याय यात्रा रोकी गई: न्याय यात्रा बीच में छोड़कर राहुल छत्तीसगढ़ से सीधे दिल्ली रवाना हो गए हैं। उनके साथ मल्लिकार्जुन खड़गे और कुछ कांग्रेस नेता भी गए हैं। न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार सोनिया गांधी बुधवार को राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करेंगी। उनके साथ राहुल और खड़गे भी मौजूद रहेंगे। इसलिए वे दिल्ली पहुंच रहे हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. पेटीएम QR कोड्स हमेशा की तरह काम करते रहेंगे, कंपनी ने कहा- कार्ड मशीन डिवाइसेज भी चालू रहेंगी
डिजिटल पेमेंट्स में स्पेशलाइजेशन वाली फिनटेक फर्म पेटीएम ने 13 फरवरी को कहा कि उसके QR कोड्स हमेशा की तरह काम करते रहेंगे। जिससे मर्चेंट्स यानी व्यापारियों को 29 फरवरी 2024 के बाद भी पेमेंट्स एक्सेप्ट करने की अनुमति मिलेगी। साथ ही पेटीएम साउंडबॉक्स और कार्ड मशीन जैसे पेमेंट डिवाइसेज भी हमेशा की तरह चालू रहेंगे।

RBI ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर की थी कार्रवाई: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी RBI ने 31 जनवरी को पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (PPBL) को 29 फरवरी के बाद किसी भी कस्टमर अकाउंट्स, वॉलेट, फास्टैग और अन्य इंस्ट्रूमेंट्स में डिपॉजिट्स या टॉप-अप एक्सेप्ट करना बंद करने का निर्देश दिया था। इससे यह आशंका पैदा हो गई थी कि क्या पेटीएम के QR कोड्स भी नहीं चलेंगे।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. रिलायंस का मार्केट कैप 20 लाख करोड़ रुपए के पार, ये मुकाम हासिल करने वाली देश की पहली कंपनी

देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्री का मार्केट कैप 20 लाख करोड़ रुपए के पार निकल गया है। ये मुकाम हासिल करने वाली ये भारत की पहली कंपनी है। 13 फरवरी को कंपनी के शेयर ने 2,958 रुपए का ऑल टाइम हाई बनाया जिस कारण कंपनी का मार्केट कैप बढ़ा है।

पांच साल में दोगुना हुआ मार्केट कैप: पिछले दो हफ्तों में RIL की मार्केट वैल्यू 1 लाख करोड़ रुपए बढ़ी है। 29 जनवरी को कंपनी का मार्केट कैप 19 लाख करोड़ रुपए के आंकड़े पर पहुंचा था। इससे पहले कंपनी ने सितंबर 2021 में 15 लाख करोड़ का लेवल पार किया था। 2019 में मार्केट कैप 10 लाख करोड़ के पार निकला था।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

1. नेशनल: शत्रुघ्न सिन्हा-सनी देओल लोकसभा की किसी बहस में नहीं आए: 5 साल में सभी 274 बैठकों में मौजूद रहे BJP के कांकेर और अजमेर सांसद (पढ़ें पूरी खबर)

2. नेशनल: मणिपुर के इम्फाल ईस्ट में फिर हिंसा: गोलीबारी में एक की मौत, 3 घायल; बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या (पढ़ें पूरी खबर)

3. बिजनेस: इंडिगो फ्लाइट में मिले सैंडविच के अंदर निकला स्क्रू: बेंगलुरु से चेन्नई जा रहे पैसेंजर का दावा- एयरलाइंस ने माफी मांगने से इनकार किया (पढ़ें पूरी खबर)

4. इंटरनेशनल: शाहरुख बोले- पूर्व नौसैनिकों की रिहाई में रोल नहीं: ये भारत सरकार की डिप्लोमैटिक जीत; सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा था- कतर से महंगा सेटलमेंट हुआ (पढ़ें पूरी खबर)

5. इंटरनेशनल:​​​​ नीदरलैंड के पूर्व PM-पत्नी की इच्छा-मृत्यु: हाथ में हाथ लेकर दम तोड़ा; वाइफ को आखिरी वक्त तक माय गर्ल कहते रहे ड्राइस वेन एग्त (पढ़ें पूरी खबर)

6. स्पोर्ट्स: वर्ल्ड रेसलिंग ने WFI से सशर्त निलंबन हटाया: 1 जुलाई तक फिर चुनाव कराने होंगे; संजय बोले- किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा (पढ़ें पूरी खबर)

7. बिजनेस: अडाणी-हिंडनबर्ग मामले में SC के फैसले के खिलाफ याचिका: पिटीशनर ने कहा- कोर्ट के फैसले में गलतियां, सेबी के रेगुलेटरी फेल्योर्स को भी नजरअंदाज किया (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

अंतिम संस्कार से पहले अचानक उठ गई महिला: मरा समझकर जिस गाड़ी से श्मशान लाए, उसी से वापस घर ले आए ओडिशा में एक महिला अंतिम संस्कार से पहले अचानक उठ गई। इसके बाद जिस गाड़ी से उन्हें श्मशान लाया गया था, उसी से वापस घर ले गए। 12 दिन पहले एक दुर्घटना में महिला का शरीर 50 फीसदी झुलस गया था। पति की माली हालत ऐसी नहीं थी कि उनका ठीक से इलाज करवा सके। लिहाजा महिला को घर ले आया गया। सोमवार को उनकी सांसें चलना बंद हो गईं। लेकिन जैसे ही मुखाग्नि देने की बारी आई, वो अचानक उठकर बैठ गईं। पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

1. विनोद मेहरा ने की थीं 3 शादियां, तीनों टूटीं: रेखा को घर ले आए तो मां ने की बदसलूकी, परिवार के डर से होटल में छिपे

2. पिछली बार किसानों की जिद के आगे झुकी सरकार: इस बार मांगें कितनी अलग; 250 किसान संगठनों के दिल्ली घेराव की असली वजह

3. लालू-तेजस्वी कहां चूके? सरकार तोड़ने गए थे, 3 विधायक गंवाए: जदयू-भाजपा विधायकों पर नजर रखी, अपने ही विधायकों को भांप नहीं पाए

4. क्या है AMU की कोर्ट, जिस पर मचा बवाल: 180 मेंबर में ज्यादातर मुस्लिम, हिंदू स्टूडेंट बोले- हमारे साथ भेदभाव हो रहा

5. जब नरसिम्हा राव ने जला दी थी महिला की झोपड़ी: निजाम से लड़ने के लिए फौज बनाई, PM बने तो नक्सलियों ने जमीन कब्जाई

6. कतर से कैसे रिहा हुए 8 पूर्व नौसैनिक: मोदी की मीटिंग से LNG डील तक: सरकार ने क्या-क्या किया

7. कॉमेडियन राजेंद्रनाथ की ट्रैजडी भरी कहानी: भाई ने घर से निकाला तो 10 साल स्ट्रगल किया, स्टार बने लेकिन एक्सीडेंट के कारण काम मिलना बंद हुआ

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…