मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: आडवाणी को भारत रत्न; यशस्वी टेस्ट में 200 बनाने वाले तीसरे यंगेस्ट इंडियन; बिहार में भाजपा को ज्यादा, लेकिन जदयू को पावरफुल मंत्रालय

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Arvind Kejriwal Notice | Mallikarjun Kharge Vs Modi

6 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी से जुड़ी रही, सरकार ने उन्हें भारत रत्न देने का ऐलान किया है। एक खबर भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट से जुड़ी रही, इसमें दो भारतीयों ने रिकॉर्ड बनाया है।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज का प्रमुख इवेंट, जिस पर रहेगी नजर…

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के असम दौरे का दूसरा दिन है। वे राज्य के लिए 11 हजार 599 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न मिलेगा, यह सम्मान पाने वाले तीसरे भाजपा नेता

लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा के बाद दिल्ली स्थित आवास पर उनकी बेटी प्रतिभा ने मिठाई खिलाकर बधाई दी।

लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा के बाद दिल्ली स्थित आवास पर उनकी बेटी प्रतिभा ने मिठाई खिलाकर बधाई दी।

केंद्र सरकार ने लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने का ऐलान किया है। वे अटल बिहारी वाजपेयी और भाजपा के संस्थापक सदस्य नाना जी देशमुख के बाद ये सम्मान पाने वाले भाजपा के तीसरे नेता हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आडवाणी को बधाई देते हुए लिखा कि वे हमारे समय के सबसे सम्मानित स्टेट्समैन हैं। देश के विकास के लिए उनका योगदान कोई भूल नहीं सकता।

भारत रत्न पाने वाले 50वें शख्स: आडवाणी भारत रत्न पाने वाले 50वें शख्स होंगे। उन्हें 2015 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। इसी साल पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भारत रत्न दिया गया था।
भाजपा के फाउंडर मेंबर, 7वें उपप्रधानमंत्री रहे: आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 को कराची में हुआ था। 2002 से 2004 के बीच अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में 7वें उपप्रधानमंत्री रहे। इससे पहले 1998 से 2004 के बीच NDA सरकार में गृहमंत्री रहे। वे भाजपा के फाउंडर मेंबर्स में शामिल हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. केजरीवाल को क्राइम ब्रांच का नोटिस, इसे देने के लिए टीम 5 घंटे CM आवास के बाहर खड़ी रही

असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर लेवल के अधिकारी के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम नॉर्थ दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में CM आवास पर पहुंची थी।

असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर लेवल के अधिकारी के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम नॉर्थ दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में CM आवास पर पहुंची थी।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम AAP विधायकों की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले में नोटिस देने उनके आवास पहुंची। करीब 5 घंटे तक इंतजार करने के बाद नोटिस रिसीव हुआ। केजरीवाल ने 27 जनवरी को आरोप लगाया था कि भाजपा ने AAP के 7 विधायकों को पार्टी छोड़ने के लिए 25-25 करोड़ रुपए की पेशकश की है। दिल्ली भाजपा इकाई ने 30 जनवरी को दिल्ली पुलिस को एक शिकायत सौंपी और AAP के आरोपों की जांच करने को कहा था। इसके बाद केजरीवाल को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।

ED ने शिकायत दर्ज कराई: ED ने केजरीवाल के खिलाफ राऊज एवेन्यू कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई है। वे 5 बार समन जारी होने के बाद भी शराब नीति घोटाले में पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए हैं। मामले में 7 फरवरी को सुनवाई होगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. बिहार में विभागों का बंटवारा; भाजपा को ज्यादा लेकिन जदयू को पावरफुल विभाग मिले
बिहार में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा हुआ। CM नीतीश पहले की तरह ही गृह विभाग संभालेंगे। भाजपा को सबसे ज्यादा 23, जदयू को 19, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को 2 और निर्दलीय को एक विभाग मिला है। पावरफुल विभाग नीतीश ने अपने पास ही रखे हैं। भाजपा को हेल्थ और पंचायती राज विभाग दिए गए हैं। सबसे ज्यादा बजट वाले विभाग जैसे कि शिक्षा, गृह, ऊर्जा, ग्रामीण कार्य और ग्रामीण विकास जदयू ने अपने पास ही रखे हैं।

2020 के जैसा ही बंटवारा: तीन विभागों को छोड़कर बाकी विभागों का बंटवारा फिर वैसे ही किया गया है, जो 2020 में NDA सरकार के दौरान था। सिर्फ तीन विभाग- पशु एवं मत्स्य, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा और आपदा प्रबंधन विभाग अलग से भाजपा को दिया गया है। हालांकि ये तीनों विभाग बजट के हिसाब से ज्यादा अहम हैं। भाजपा के 23 विभागों का वार्षिक बजट 69 हजार 432 करोड़ रुपए है। उधर, जदयू के 19 विभागों का बजट 1 लाख 17 हजार 529 करोड़ रुपए है। हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के एक विभाग का बजट 1805 करोड़ रुपए है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. जायसवाल-बुमराह के दम पर भारत आगे, इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 171 रन की बढ़त

भारत ने टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड पर 171 रन की बढ़त बना ली है। टीम इंडिया ने दूसरे दिन स्टंप्स तक दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 28 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल ने पहली पारी में 209 रन बनाए। वे टेस्ट में डबल सेंचुरी लगाने वाले तीसरे यंगेस्ट इंडियन बने। वहीं जसप्रीत बुमराह ने पहली पारी में 6 विकेट लिए। वे टेस्ट में सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले भारतीय पेसर बने। कप्तान रोहित शर्मा 13 और यशस्वी जायसवाल 15 रन पर नाबाद हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. झारखंड विधानसभा के फ्लोर टेस्ट में मौजूद रहेंगे हेमंत सोरेन, PMLA कोर्ट ने दी अनुमति

रांची की PMLA कोर्ट ने झारखंड के पूर्व CM हेमंत सोरेन को फ्लोर टेस्ट के दौरान मौजूद रहने की अनुमति दी है। झारखंड के नए CM चंपई सोरेन 5 फरवरी को विधानसभा में विश्वास मत का सामना करेंगे। इसके लिए विशेष सत्र बुलाया गया है।

5 दिन की रिमांड पर हैं हेमंत: जमीन घोटाले में हेमंत को 31 जनवरी को ED ने अरेस्ट किया था, कोर्ट ने 2 फरवरी को उनकी 5 दिन की रिमांड ED को दी थी।

हैदराबाद में है महागठबंधन के विधायक: हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद महागठबंधन ने अपने विधायकों को फूट से बचाने के लिए हैदराबाद भेज दिया था। चंपई सोरेन का फ्लोर टेस्ट 5 फरवरी को होगा। ऐसे में यह माना जा रहा है कि विधायक उसी दिन सुबह हैदराबाद से रांची लौटेंगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. पंजाब के गवर्नर BL पुरोहित का इस्तीफा, शाह से मीटिंग के अगले ही दिन रिजाइन किया

बनवारी लाल पुरोहित को 21 अगस्त 2021 को पंजाब का गवर्नर लगाया गया था।

बनवारी लाल पुरोहित को 21 अगस्त 2021 को पंजाब का गवर्नर लगाया गया था।

पंजाब और चंडीगढ़ के गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे लेटर में उन्होंने इस्तीफे के पीछे निजी कारण बताया है। पुरोहित एक दिन पहले ही (2 फरवरी को) दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले थे।

5 महीने पहले राष्ट्रपति शासन की चेतावनी दी थी: पुरोहित ने 5 महीने पहले पंजाब में राष्ट्रपति शासन की चेतावनी दी थी। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को चिट्‌ठी लिखकर कहा था कि राजभवन द्वारा मांगी गईं जानकारियां सरकार की ओर से नहीं दी जा रही हैं। ये संवैधानिक कर्तव्यों का अपमान है। मुख्यमंत्री के इस आचरण पर उनके पास कानून और संविधान अनुसार कार्रवाई करने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं बचता।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. जिंदा हैं पूनम पांडे, पब्लिसिटी स्टंट थी डेथ न्यूज, अपनी मौत का नाटक रचने पर ट्रोल हुईं मॉडल पूनम पांडे ने एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि वो जिंदा हैं, उनकी डेथ सर्वाइकल कैंसर से नहीं हुई है। उन्होंने इसके प्रति लोगों को अवेयर करने के लिए अपनी मौत का नाटक रचा था। पूनम ने एक और वीडियो में सभी से माफी भी मांगी। हालांकि फेक न्यूज फैलाने पर कई सेलेब्स और सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी निंदा की। कई यूजर्स ने पूनम पर केस करने की भी बात कही है।

सर्वाइकल कैंसर क्या है: शरीर के किसी भी हिस्से में कोशिकाओं का अनियंत्रित रूप से बढ़ना कैंसर है। जब यह कोशिकाएं सर्विक्स एरिया में बढ़ने लगती हैं तो सर्वाइकल की शुरुआत होती है। सर्विक्स एरिया यानी गर्भाशय का ऊपरी हिस्सा। इसे गर्भाशय ग्रीवा भी कहते हैं। यह शरीर का वह हिस्सा है, जो योनि यानी वेजाइना को गर्भाशय से जोड़ने का काम करता है। भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे बड़ा कैंसर है और कैंसर से होने वाली मौतों में दूसरी सबसे बड़ी वजह भी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. मालदीव का आरोप- भारत ने बिना इजाजत मछुआरों से पूछताछ की, भारत सरकार जवाब दे

सोशल मीडिया पर वायरल यह फुटेज उस वक्त की बताई गई है जब भारतीय कोस्ट गार्ड मालदीव के मछुआरों से पूछताछ कर रहे थे।

सोशल मीडिया पर वायरल यह फुटेज उस वक्त की बताई गई है जब भारतीय कोस्ट गार्ड मालदीव के मछुआरों से पूछताछ कर रहे थे।

मालदीव ने भारत के कोस्ट गार्ड्स पर आरोप लगाया है कि वो बिना इजाजत उनके 3 फिशिंग वेसेल्स (जहाजों) पर आ गए। ये जहाज मालदीव के एक्सक्लूसिव इकॉनोमिक जोन (EEZ) में ऑपरेट कर रहे थे। कोस्ट गार्ड्स ने जहाजों की तलाशी ली। मालदीव ने इस घटना पर भारत सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है।

EEZ क्या होता है: किसी भी देश का एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन आमतौर पर 200 समुद्री मील तक फैला होता है। एक समुद्री मील में 1.852 किमी होता है। यानी 200 समुद्री मील का मतलब 370.4 किमी। EEZ में मौजूद नेचुरल रिसोर्सेज (तेल, गैस और जलीय जंतुओं) पर संबधित देश का अधिकार होता है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. नेशनल: मनी लॉन्ड्रिंग केस में दिल्ली HC का आदेश: कहा- 365 दिन में आरोप साबित नहीं होता तो ED जब्त सामान उसके मालिक को सौंपे (पढ़ें पूरी खबर)
  2. नेशनल: सर्विलांस शिप INS संधायक नौसेना में शामिल: 11 हजार किलोमीटर रेंज; बोफोर्स गन और चेतक हेलिकॉप्टर से लैस (पढ़ें पूरी खबर)
  3. नेशनल: शिवसेना नेता को गोली मारने वाला BJP विधायक गिरफ्तार: आरोपी ने कहा- हां मैंने उसे गोली मारी, मुझे कोई अफसोस नहीं (पढ़ें पूरी खबर)
  4. इंटरनेशनल: कनाडा में भारतीय मूल के तीन लोग गिरफ्तार: 133 करोड़ रुपए की ड्रग तस्करी करने के आरोप, अमेरिका प्रत्यर्पित किए जाएंगे (पढ़ें पूरी खबर)
  5. बिजनेस: SBI और ONGC में अपनी हिस्सेदारी बेच सकती है सरकार:वित्त मंत्री बोलीं- डिसइन्वेस्टमेंट से परहेज नहीं, कंपनियों की वैल्यूएशन बढ़ाना चाहती है सरकार (पढ़ें पूरी खबर)
  6. इंटरनेशनल: गैरकानूनी निकाह मामले में इमरान-बुशरा को 7 साल जेल: 5 लाख रुपए का जुर्माना; खान को चुनाव से पहले 5 दिन में तीसरी बार सजा (पढ़ें पूरी खबर)
  7. नेशनल: अमेरिका का इराक-सीरिया में 85 ईरानी ठिकानों पर हमला: आम नागरिकों समेत 34 लोगों की मौत; US ने H-1 बॉम्बर्स से हमला किया था (पढ़ें पूरी खबर)
  8. नेशनल: ओडिशा में 68 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट का उद्घाटन: PM बोले- आपका बेटा दिल्ली में बैठा है, इसलिए विकास के लिए पैसे की कमी नहीं है (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

हेलिकॉप्टर कंपनी पर वोटों के नुकसान का आरोप, RLP ने केस किया

RLP ने आरोप लगाया है कि हेलिकॉप्टर कंपनी के कारण हनुमान बेनीवाल को भी परेशानी हुई।

RLP ने आरोप लगाया है कि हेलिकॉप्टर कंपनी के कारण हनुमान बेनीवाल को भी परेशानी हुई।

राजस्थान के नेता हनुमान बेनीवाल की पार्टी RLP (राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी) ने हेलिकॉप्टर प्रोवाइडर कंपनी ‘ब्लू डॉट ट्रिप’ पर केस किया है। आरोप है कि कपंनी ने अक्टूबर 2023 में विधानसभा चुनाव के दौरान हेलिकॉप्टर मुहैया कराने में देरी की। इस वजह से रैलियां समय पर नहीं हो पाईं और RLP को वोटों का नुकसान हुआ। वहीं कंपनी के एमडी का कहना है कि पुरानी पेमेंट नहीं होने की वजह से हेलिकॉप्टर नहीं भेजे गए। पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…