मुंबई में हमला करने वाले थे आतंकी: मणिपुर में म्यांमार के घुसपैठियों की पहचान शुरू; पेट्रोल-डीजल ₹10 सस्ता करने की गुंजाइश

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Manipur Viral Violence, Rahul Gandhi Marriage | BJP JP Nadda Team List

2 घंटे पहलेलेखक: शुभांक शुक्ला, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर मुंबई में आतंकी हमले के खतरे से जुड़ी रही। देश की जांच एजेंसियों को पता चला कि चाबड़ हाउस पर हमला हो सकता है। इधर, केंद्र सरकार ने मणिपुर में अवैध लोगों की पहचान के लिए मुहिम शुरू कर दी है। हम आपको आगे पूरा मामला बताएंगे…

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. चंद्रयान-3 की सफल लॉन्चिंग के बाद इसरो आज 7 सैटेलाइट लॉन्च करेगा। सैटेलाइट्स को स्पेस में पहुंचाने के लिए PSLV-C56 रॉकेट का इस्तेमाल किया जाएगा। यह एक कॉमर्शियल लॉन्च है, जिसमें सभी सैटेलाइट्स सिंगापुर के हैं।
  2. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पिछले 20 दिन में तीसरी बार MP आएंगे। वे इंदौर में बीजेपी बूथ कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. मुंबई के चाबड़ हाउस पर आतंकी हमले का खतरा, पुलिस सुरक्षा बढ़ाई गई

चाबड़ हाउस यहूदी समुदाय के लोगों का कम्यूनिटी सेंटर है। आतंकी हमले के खतरे को देखते हुए पुलिस ने इसकी सुरक्षा बढ़ा दी है।

चाबड़ हाउस यहूदी समुदाय के लोगों का कम्यूनिटी सेंटर है। आतंकी हमले के खतरे को देखते हुए पुलिस ने इसकी सुरक्षा बढ़ा दी है।

मुंबई के चाबड़ हाउस पर फिर आतंकी हमले का खतरा है। 18 जुलाई को पुणे से गिरफ्तार किए गए दो आतंकियों के पास से इसकी गूगल फोटो मिली हैं। इसके बाद चाबड़ हाउस की सुरक्षा बढ़ा दी गई। 2008 में हुए 26/11 आतंकी हमले में भी इसे निशाना बनाया गया था। इसमें यहूदी समुदाय के लोग रहते हैं।

ये खबर अहम क्यों है: 18 जुलाई को पुणे पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में दो आतंकियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान पता चला कि दोनों राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की वांटेड लिस्ट में हैं। इसके बाद महाराष्ट्र ATS ने केस अपने हाथ में ले लिया। जांच के दौरान पता चला कि ये आतंकी 15 महीने से राजस्थान और मुंबई में हमले की प्लानिंग कर रहे थे।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. पेट्रोल-डीजल के दाम 10 रुपए लीटर घटाने की गुंजाइश, 1 साल में कच्चा तेल 15% सस्ता

पेट्रोल-डीजल के दाम 10 रुपए लीटर तक घटाए जा सकते हैं। इसकी वजह एक साल में कच्चे तेल के दाम में आई 15% की गिरावट है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने आखिरी बार अप्रैल 2022 में पेट्रोल-डीजल के दाम घटाए थे। अभी देश के ज्यादातर हिस्से में पेट्रोल 100 रुपए और डीजल 90 रुपए प्रति लीटर से ऊपर है।

ये खबर अहम क्यों है: पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, 1 अप्रैल 2014 को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 72 रुपए और डीजल की कीमत 55 रुपए प्रति लीटर थी। तब कच्चे तेल की कीमत 105 डॉलर प्रति बैरल थी। लेकिन आज कच्चे तेल की कीमत घटकर 83 डॉलर प्रति बैरल हो गई है। इसके बावजूद भी पेट्रोल-डीजल की कीमत 100 रुपए और 90 रुपए प्रति बनी हुई है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. म्यांमार से मणिपुर आए लोगों का बायोमीट्रिक डेटा लेना शुरू, अवैध नागरिकों की पहचान होगी

मणिपुर में उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को हजारों लोगों ने विशाल शांति रैली निकाली।

मणिपुर में उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को हजारों लोगों ने विशाल शांति रैली निकाली।

मणिपुर सरकार ने शनिवार को राज्य में म्यांमार से आए लोगों का बायोमीट्रिक डेटा लेना फिर शुरू कर दिया है। इसका मकसद मणिपुर में अवैध रूप से रह रहे म्यांमार के नागरिकों की पहचान करना है। यह काम सितंबर 2023 से पूरा करने को कहा गया है। ये काम पहले भी चल रहा था, लेकिन राज्य में हिंसा के चलते बंद कर दिया गया था।

ये खबर अहम क्यों है: कुकी और मैतेई समुदाय के बीच 3 मई से जारी हिंसा में 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 5,995 मामले दर्ज किए गए हैं। 6 हजार से ज्यादा लोग हिरासत में हैं। आगजनी की 5 हजार से ज्यादा घटनाएं हुई है। करीब 60 हजार लोग बेघर हो चुके हैं। राज्य की हिंसा रोकने के लिए सरकार अब घुसपैठियों की पहचान कर रही है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. मिशन 2024 के लिए नड्डा ने बनाई 38 लोगों की टीम, कांग्रेस से आए अनिल एंटनी का भी नाम

भाजपा मिशन 2024 की तैयारियों में जुट गई है। इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नई टीम बना ली है। इसमें वसुंधरा राजे, रमन सिंह और कैलाश विजयवर्गीय सहित 38 नेताओं को जगह मिली है। हाल ही में कांग्रेस से बीजेपी में आए अनिल एंटनी को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।

ये खबर अहम क्यों है: भाजपा ने राष्ट्रीय टीम में दो मुस्लिम चेहरों को जगह दी है। इसमें अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व वाइस चांसलर तारिक मंसूर और केरल के पूर्व भाजपा उपाध्यक्ष अब्दुल्ला कुट्टी हैं। दोनों को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए नड्डा ने 13 राष्ट्रीय सचिव और 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए हैं।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. दिल्ली में मुहर्रम जुलूस के दौरान हिंसा में 12 घायल, भीड़ ने यात्री बस पर पथराव किया

पुलिस ने अनियंत्रित भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

पुलिस ने अनियंत्रित भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

दिल्ली के नांगलोई इलाके में मुहर्रम जुलूस निकालने के दौरान हिंसा हो गई। इस झड़प में 6 पुलिसकर्मियों सहित 12 लोग घायल हो गए। दरअसल, पुलिस ने तय रूट से अलग रास्ते पर ताजिया निकालने से मना किया। इससे नाराज होकर भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। हिंसक भीड़ ने सड़क पर चल रहे वाहनों को निशाना बनाया और यात्री बस में पत्थर फेंके।

ये खबर अहम क्यों है: देश के विभिन्न हिस्सों से मुहर्रम जुलूस के दौरान हिंसा की खबरें आई हैं। वाराणसी में शिया और सुन्नी समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें करीब 30 लोग घायल हो गए। वहीं, बिहार के अरवल में जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई, जिसमें 5 लोग घायल हो गए ।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. MP में गैंगरेप के आरोपियों के मकान पर बुलडोजर चला, परिजन बोले- पहले जांच हो

MP के सतना जिले में 12 साल की बच्ची से गैंगरेप के दो आरोपियों के घर बुलडोजर से ढहा दिए गए। प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर जब आरोपी अतुल के घर पहुंची तो परिवार की महिलाएं सामने आकर खड़ी हो गईं। हाथ जोड़कर कहने लगीं कि वारदात के वक्त बेटा ड्यूटी पर था। उसे फंसाया जा रहा। पहले मामले में पूरी जांच की जाए, इसके बाद बुलडोजर चलाया जाए।

ये खबर अहम क्यों है: 28 जुलाई को सतना जिले में 12 साल की बच्ची से गैंगरेप का मामला सामने आया। आरोपी बच्ची को जंगल में छोड़ गए। बच्ची के बयान के बाद आरोपियों की शिनाख्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपी अतुल कुमार और रवि कुमार को अरेस्ट किया। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 10 अगस्त तक जेल भेज दिया गया है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. MP को तीसरी बार टाइगर स्टेट का दर्जा, मिजोरम-नगालैंड में एक भी बाघ नहीं

मध्यप्रदेश को तीसरी बार टाइगर स्टेट घोषित किया गया है। केंद्रीय वन मंत्रालय ने साल 2022 के आंकड़े जारी किए हैं। इसके मुताबिक, सबसे ज्यादा 785 टाइगर MP में हैं। इसके बाद कर्नाटक में 563 और उत्तराखंड में 560 टाइगर मौजूद हैं। इससे पहले 2018 और 2006 में भी MP को टाइगर स्टेट घोषित किया गया था।

ये खबर अहम क्यों है: भारत में हर चार साल में टाइगर की गणना की जाती है। 2022 की गणना के मुताबिक, भारत में अब 3682 टाइगर हैं। 2018 में यह आंकड़ा 2967 था। इसका मतलब बाघ सालाना 6% की दर से बढ़े हैं। हालांकि, अरुणाचल प्रदेश में 70 फीसदी बाघ कम हुए हैं। यहां 2018 में 29 बाघ थे, जो 2022 में घटकर 9 रह गए। वहीं, मिजोरम-नगालैंड में अब एक भी बाघ नहीं है।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. तमिलनाडु की पटाखा यूनिट में धमाका, 8 की मौत: कृष्णागिरी जिले की घटना, आसपास के घर और दुकानों को भी नुकसान हुआ (पढ़ें पूरी खबर)
  2. PAK महिला जासूस को ब्रह्मोस रिपोर्ट दिखाने वाला था साइंटिस्ट: व्हाट्सएप चैट से खुलासा; DRDO साइंटिस्ट ने कहा था- मैं तुम्हारे लिए रिपोर्ट तैयार रखूंगा (पढ़ें पूरी खबर)
  3. PM बोले- शिक्षा में देश की किस्मत बदलने की ताकत: देश के 14 हजार पुराने स्कूल स्मार्ट बनेंगे, पांच साल में मिलेंगे 27 हजार करोड़ रुपए (पढ़ें पूरी खबर)
  4. इंटरनेशनल रैपर की मूसेवाला को श्रद्धांजलि: बर्ना बॉय ने अपने नए गाने ‘बिग-7’ में कहा RIP सिद्धू; वीडियो में भी लिखा- लेजेंड नेवर डाई (पढ़ें पूरी खबर)
  5. मॉब लिंचिंग के मामलों की सुनवाई के लिए SC सहमत: याचिका में कहा- मामलों को हाईकोर्ट्स ना भेजें, अतिरिक्त मुआवजे की भी मांग (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

UP में सड़क किनारे अचानक मिला 10 साल से लापता पति, भिखारी जैसी थी हालत

पति के मिलते ही पत्नी उसके चेहरे और बाल पर हाथ फेरने लगी। उसके बालों में फंसी गंदगी को साफ करने लगी।

पति के मिलते ही पत्नी उसके चेहरे और बाल पर हाथ फेरने लगी। उसके बालों में फंसी गंदगी को साफ करने लगी।

UP के बलिया में एक महिला अस्पताल जा रही थी। इसी दौरान अस्पताल के बाहर उसे जमीन पर बैठा विक्षिप्त व्यक्ति दिखाई दिया। जब महिला उसके नजदीक पहुंची तो वह उसका पति निकला, जो 10 साल पहले लापता हो गया था। पति को देखते ही महिला रोने लगी और उसे दुपट्टा ओढ़ाने लगी। महिला का नाम जानकी देवी है। उसने बताया कि उसका पति मोती चंद्र वर्मा मानसिक रूप से बीमार था और 10 साल पहले घर से अचानक कहीं चला गया था। तभी से वो उसको हर जगह तलाश कर रही थी। पूरी खबर पढ़ें …

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…