ममता ने ED को सरकार का पालतू बताया: बोलीं- सियासी लड़ाई लड़ें; 12 साल के टी-20 इंटरनेशनल करियर में कोहली का पहला शतक

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Rahul Gandhi, Mamata Banerjee Narendra Modi | India Vs Afghanistan Asia Cup, Bharat Jodo Yatra

5 घंटे पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

नमस्कार,

पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) की मीटिंग में शामिल हुईं। उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा- ED और CBI भाजपा सरकार की पालतू हैं, जो हर दिन सुबह उठकर TMC नेताओं के घर छापा मारने जाती हैं। ममता ने कहा कि भाजपा अगर लड़ना चाहती है, तो हमसे सियासी लड़ाई लड़ें।

उधर, भारत ने अपने आखिरी मैच में अफगानिस्तान को 101 रन से हरा दिया। इस मैच का सबसे यादगार मोमेंट विराट कोहली का 71वां इंटरनेशनल शतक रहा। कोहली ने सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतक लगाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली है। उनसे ज्यादा शतक सिर्फ सचिन तेंदुलकर (100 शतक) के नाम है।

देश-दुनिया की बड़ी खबरें सिर्फ 5 मिनट में पढ़िए, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में…

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. UN चीफ एंटोनियो गुटेरेस दो दिन के लिए पाकिस्तान जाएंगे। बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे।
  2. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल लॉस एंजिलिस में इंडो-पैसिफिक इकोनॉमिक फोरम (IPEF) की मीटिंग में हिस्सा लेंगे।

5 बड़ी खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी

1. PM मोदी ने कर्तव्य पथ का उद्घाटन किया, बोले- गुलामी का प्रतीक राजपथ अब इतिहास की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया गेट के सामने कर्तव्य पथ का उद्घाटन किया। PM ने कहा कि गुलामी का प्रतीक किंग्सवे, यानी राजपथ, अब इतिहास की बात हो गया। इससे पहले उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 28 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया और इसे बनाने वाले मूर्तिकारों से बातचीत की। PM ने कहा- इंडिया गेट के पास हमारे राष्ट्र नायक नेताजी की विशाल मूर्ति स्थापित हुई है। गुलामी के समय यहां ब्रिटिश राजसत्ता के प्रतिनिधि की प्रतिमा लगी हुई थी।
पढ़ें पूरी खबर…

2. आतंकी याकूब मेमन की कब्र पर भाजपा- कांग्रेस में रार, पुलिस ने कब्र से लाइटिंग हटाई
1993 के मुंबई बम ब्लास्ट के दोषी रहे याकूब मेमन की कब्र को लेकर महाराष्ट्र में सियासी लड़ाई चली। भाजपा ने आरोप लगाया कि उद्धव सरकार के कार्यकाल में कब्र के चारों ओर मार्बल और LED लाइट्स लगाई गई। इसके बाद मुंबई पुलिस ने कब्र से LED लाइट्स हटवा दी। वहीं, कांग्रेस ने कहा कि फांसी देने के बाद आतंकियों के शव उसके परिवार को नहीं दिए जाते हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने याकूब के शव को उसके परिवार को सौंप दिया। याकूब को 2013 में फांसी की सजा मिली थी और 2015 में फांसी दी गई।
पढ़ें पूरी खबर…

3. ममता बनर्जी बोलीं- ED और CBI भाजपा की पालतू, 2024 के लिए बंगाल से करेंगे खेल की शुरुआत
पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने कोलकाता में TMC की मीटिंग को संबोधित किया। उन्होंने ED और CBI को भाजपा सरकार का पालतू बताते हुए कहा कि ये जांच एजेंसियां हर दिन सुबह उठकर TMC नेताओं के घर छापा मारने जाती हैं। ममता बोलीं- 2024 में हम बंगाल से एक खेल की शुरूआत करेंगे। भाजपा को हराने के लिए बिहार CM नीतीश कुमार, झारखंड CM हेमंत सोरेन, अखिलेश यादव और बाकी दूसरे नेता साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

4. ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ का निधन, 25 की उम्र में क्वीन बनीं, 70 साल तक शासन किया

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का निधन हो गया है। एलिजाबेथ ब्रिटेन की सबसे लंबे समय तक रही मोनार्क हैं। एलिजाबेथ का निधन स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कासल में हुआ। वो 96 साल की थीं और 70 साल तक ब्रिटेन की सम्राट रहीं। एलिजाबेथ साल 1952 में (25 साल की उम्र में) ब्रिटेन की महारानी बनीं और 16 महीने बाद जून 1953 में उनकी ताजपोशी हुई थी। महारानी की मौत के बाद उनके सबसे बड़े बेटे प्रिंस चार्ल्स ब्रिटेन के सम्राट होंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

5. विराट से हारा अफगानिस्तान, 12 साल के टी-20 इंटरनेशनल करियर में पहला शतक

एशिया कप के फाइनल की होड़ से पहले ही बाहर हो चुकी टीम इंडिया ने अपने अभियान का समापन जीत के साथ किया। भारत ने अपने आखिरी मैच में अफगानिस्तान को 101 रन से हरा दिया। विराट कोहली ने 71वां इंटरनेशनल शतक जड़ा। कोहली ने करीब 3 साल (1020 दिन) बाद सेंचुरी जमाई। टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह उनका पहला शतक है। उन्होंने पहला टी-20 मैच जिम्बाब्वे के खिलाफ 12 जून 2010 को खेला था।
पढ़ें पूरी खबर…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. गाजियाबाद में बच्चे पर पिटबुल का अटैक, 150 टांके लगे: लड़की कुत्ता टहला रही थी, हाथ से छूटा तो सीधे बच्चे पर झपटा; गाल और कान नोंच डाले (पढ़ें पूरी खबर)
  2. कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा दिन: राहुल बोले- BJP सरकार की सोच अंग्रेजों जैसी, असम CM ने कहा- पाकिस्तान में जाकर यात्रा करो (पढ़ें पूरी खबर)
  3. बेंगलुरु की सबसे महंगी सोसाइटी डूबी: यहां विप्रो, बायजूस जैसी कंपनियों के मालिकों के घर; एक विला की कीमत 10 करोड़ (पढ़ें पूरी खबर)
  4. मुंबई में गृहमंत्री शाह की सुरक्षा में चूक: खुद को आंध्र सांसद का PA बताकर घंटों तक गृहमंत्री के इर्द-गिर्द घूमता रहा व्यक्ति, गिरफ्तार (पढ़ें पूरी खबर)
  5. ट्रम्प ने मोदी को बताया अपना बेस्ट फ्रेंड: US के पूर्व प्रेसिडेंट बोले- मेरे कार्यकाल में अमेरिका-भारत के रिलेशन सबसे ज्यादा मजबूत हुए (पढ़ें पूरी खबर)
  6. बिहार के 9 जिलों में NIA की रेड: PFI के आतंकी कनेक्शन पर कार्रवाई; SDPI के प्रदेश अध्यक्ष, महासचिव के घर छापा (पढ़ें पूरी खबर)

बयान जो चर्चा में है…

खबर लेकिन कुछ हटके…

सैमसंग ने एपल पर साधा निशाना, आईफोन-14 सीरीज के लॉन्च होने पर बोला ‘जब फोल्ड हो तो बता देना
एपल ने 7 सितंबर को आईफोन-14 सीरीज के 4 फोन लॉन्च किए। इन फोन्स के लॉन्च होने के बाद सैमसंग ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एपल प्रोडक्ट्स पर निशाना साधा। सैमसंग ने एपल का नाम न लेते हुए कहा कि ‘ जब फोल्ड हो तो बता देना।’ सैमसंग ने 2018 में अपना पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन ‘गैलेक्सी फोल्ड Z’ लॉन्च किया था, लेकिन एपल अभी तक फोल्डेबल फोन लॉन्च नहीं कर पाया है। पढ़ें पूरी खबर…

खबरें जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

फोटो जो खुद में खबर है…

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना गुरुवार को अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर जियारत करने पहुंची। दिल्ली से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर राजस्थान के पारंपरिक कलाकारों ने लोक नृत्य के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान वे खुद को नहीं रोक सकीं और कलाकारों के साथ एयरपोर्ट पर ही थिरकती नजर आईं।

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
आज ही के दिन 1776 में अमेरिकी संसद ने आधिकारिक तौर पर देश का नाम ‘यूनाइटेट कॉलोनीज’ से बदलकर संयुक्त राज्य अमेरिका किया। अमेरिका भी ब्रिटिश साम्राज्य की कॉलोनी था। 13 अमेरिकी कॉलोन‍ियों में ब्रिटिश औपनिवेशक साम्राज्‍य की नींव 17वीं और 18वीं सदी में रखी गई थी। 4 जुलाई 1776 को अमेरिका ने खुद को आजाद घोषित कर दिया, लेकिन इसके बाद भी संघर्ष जारी रहा। 3 सितंबर 1783 को हुई संधि के साथ ये संघर्ष खत्म हुआ और 13 अमेरिकी कॉलोनियां स्वतंत्र घोषित हुईं।

कन्या राशि वालों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। आप भी जानिए अपना राशिफल

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें..

खबरें और भी हैं…