ममता ने कहा, हर जगह सरकार तोड़ना भाजपा का काम: शहीद दिवस पर भारी बारिश में भी लोग डटे रहे, कोरोना के चलते 2 साल बाद हुई रैली

7 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में गुरुवार को TMC ने शहीद दिवस रैली का आयोजन किया। इसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। रैली के दौरान बारिश हो गई, लेकिन लोग ममता और अभिषेक को सुनते रहे। कोरोना वायरस महामारी के कारण दो साल के बाद यह वार्षिक रैली निकाली गई।

अभिषेक बोले- 21 जुलाई को जब भी बारिश हुई, विरोधी धराशाही हुए
TMCमहासचिव और ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 21 जुलाई को हर बार बारिश होती है। बारिश हमारे लिए शुभ है। जब भी बारिश हुई है विरोधी धराशाही हुए हैं। इसी लक्ष्य और इसी दिशा के साथ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता आगे बढ़ रहे हैं।

रैली के दौरान शहर में 4,000 से ज्यादा पुलिस कर्मी तैनात
CM ममता बनर्जी ने कहा कि आज इतनी बारिश हुई है, सड़कों पर पानी भरा, लेकिन आप यहां से नहीं हिले। 21 जुलाई को बारिश हुई ये ईश्वर,अल्लाह की मेहरबानी है। BJP और सीपीआई (एम) बारिश देखकर हंस रही थी। बता दें कि रैली के दौरान शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 4,000 से ज्यादा पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

शहीद दिवस पर आयोजित रैली में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।

शहीद दिवस पर आयोजित रैली में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।

ममता का भाजपा पर आरोप
ममता ने कहा कि भाजपा हर जगह सरकार तोड़ रही है, भाजपा का यही काम है। बंगाल में उन्होंने हमें हराने की कोशिश लेकिन हरा नहीं सकी। 2021 में जनता ने उन्हें दिखा दिया।

देश में बढ़ती महंगाई पर ममता का वार
देश में बढ़ती महंगाई को लेकर ममता ने कहा कि अब तो मूढ़ी पर GST लग गया है तो क्या भाजपा के लोग अब मूढ़ी नहीं खाएंगे। मिठाई, लस्सी, दही पर GST लगा है। लोग क्या खाएंगे? मरीज के अस्पताल में भर्ती होने पर भी GST लगा दिया है। उन्होंने सवाल पूछा कि ये बताएं कि मरने पर कितनी GST लगेगी।

क्यों निकाली जाती है रैली
21 जुलाई, 1993 को ममता बनर्जी के नेतृत्व में युवा कांग्रेस तत्कालीन वाम मोर्चे की सरकार के खिलाफ रैली कर रही थी। इस दौरान पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से 13 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गोली मार दी गई थी। उन्हीं लोगों की याद में टीएमसी हर साल 21 जुलाई को शहीद दिवस मनाती है। इस घटना के समय ममता बनर्जी युवा कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष थीं।

खबरें और भी हैं…