भास्कर अपडेट्स: जम्मू में शौर्य स्मारक का अनावरण किया गया, सेना के तीन शहीदों की याद में बनाया गया है

  • Hindi News
  • National
  • Breaking News Live Updates; Jammu Kashmir Earthquake | Delhi Mumbai News

1 दिन पहले

  • कॉपी लिंक

सेना के तीन शहीद अधिकारियों- मेजर अरविंद बजाला, मेजर रोहित कुमार और फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितीय बल की याद में बनाया गया शौर्य स्मारक सैनिक स्कूल नगरौटा में अनावरत किया गया। तीन अधिकारी सैनिक स्कूल से पढ़े हुए थे। पश्चिम बंगाल में 30 नवंबर 2016, जम्मू में 21 सितंबर 2021 और राजस्थान में 28 जुलाई 2022 को हुए तीन अलग हादसों में तीनों ने अपनी जान गंवाई थी।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

अहमदाबाद जा रहा इंडिगो का एक प्लेन वापस नई दिल्ली लौटा,लैंडिंग गियर में समस्या आ गई थी

नई दिल्ली से अहमदाबाद जा रहा इंडिगो का एक प्लेन लैंडिंग गियर में समस्या के कारण शनिवार दोपहर को वापस नई दिल्ली लौट आया। फ्लाइट नंबर 6E129 दोपहर 2.40 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से लैंड कर गई। प्लेन में 170 लोग सवार थे। लैंडिंग के लिए इमरजेंसी घोषित कर दी गई थी।

मुंबई के अस्पताल में आग लगी, चार लोग झुलसे

मुंबई के कांदिवली में शनिवार दोपहर एक बहुमंजिला अस्पताल में आग लगने से चार लोग झुलस गए। इन्हें भर्ती कर लिया गया है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अधिकारियों के अनुसार, आग कांदिवली पश्चिम में न्यू लिंक रोड पर न्यू विंस अस्पताल में दोपहर करीब 1:48 बजे लगी। सूचना मिलने पर मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और दोपहर 2:05 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। आग अस्पताल भवन के पीछे स्थित बिजली के तारों से शुरू हुई।

सलमान केस में गिरफ्तार 4 गिरफ्तार आरोपियों सहित 6 पर मकोका लगाया

सलमान खान के घर के बाहर गोली चलाने के केस में गिरफ्तार चार आरोपियों पर मकोका लगा दिया गया है। साथ ही वांटेड गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई और जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई पर भी मकोका लगाया गया। अब मुंबई क्राइम ब्रांच चाहे, तो आरोपियों की 14 दिन के बजाय 30 दिन तक कस्टडी ले सकती है। छह महीने में चार्जशीट दाखिल कर सकती है।

जापान के बोनिन द्वीप पर भूकंप, रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 6.5 आंकी गई

जापान के बोनिन द्वीप पर शनिवार को भूकंप का झटका आया। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.5 आंकी गई। जानमाल के नुकसान की अभी कोई खबर नहीं है। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने कहा कि भूकंप का सेंटर 503.2 किलोमीटर की गहराई पर था।

दिल्ली वक्फ बोर्ड केस में AAP विधायक अमानतुल्लाह को जमानत, ED ने पेश नहीं होने को लेकर शिकायत की थी

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने ED के समन पर पेश नहीं होने की शिकायत मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान को जमानत दे दी। अमानतुल्लाह पर दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में 32 लोगों को अवैध रूप से भर्ती करवाने और वक्फ बोर्ड की कई संपत्तियों को किराए पर देने का आरोप है।

ED ने इस मामले में पेश नहीं होने और जांच में शामिल नहीं होने को लेकर उन​​​​​​के ​खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। ED​​​​​​ की शिकायत पर ​राउज एवेन्यू कोर्ट ने अमानतुल्लाह को समन जारी किया था। इसके बाद अमानतुल्लाह खान आज कोर्ट में पेश हुए थे।

ED कोर्ट ने हेमंत सोरेन को नहीं दी जमानत; चाचा की अंतिम क्रिया में शामिल होना चाहते थे

झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के बड़े चाचा और शिबू सोरेन के बड़े भाई का राजा राम सोरेन का 27 अप्रैल को निधन हो गया। वे काफी लंबे समय से बीमार थे। उनके निधन के बाद पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने अंतिम क्रिया में शामिल होने के लिए जमानत मांगी। ED कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई तो की लेकिन फैसला सुरक्षित रख लिया। उन्हें चाचा के अंतिम संस्कार में शामिल होने की परमिशन नहीं मिल सकी। पढ़ें पूरी खबर…

तमिलनाडु के कल्लाकुरिची में यात्रियों से भरी बस पलटी, 15 लोग घायल

तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले के उलुंदुरपेट के पास शनिवार को एक बस पलट गई। हादसे में बस पर सवार 15 यात्री घायल हो गए। सड़क किनारे पलटी बस को क्रेन की मदद से सीधा किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अयोध्या में 1 मई को आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रामलला, हनुमान गढ़ी में दर्शन करेंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 1 मई को अयोध्या दौरे पर रहेंगी। वे रामलला के दर्शन करेंगी। इसके बाद वे हनुमानगढ़ी में भी पूजा करेंगी। जानकारी के मुताबिक वे शाम को सरयू आरती में भी शामिल हो सकती हैं। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद यह राष्ट्रपति का पहला दौरा होगा। वहीं, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी 30 अप्रैल से 3 मई के बीच अयोध्या दर्शन के लिए आ सकते हैं। पूरी खबर पढ़ें…

उत्तराखंड के जंगलों में भीषण आग, सेना बुलाई गई, एयरफोर्स के MI-17 हेलिकॉप्टर से पानी का छिड़काव

Mi-17 हेलीकॉप्टर की मदद से भीमताल झील से पानी लेकर आग बुझाने की कोशिश की जा रही है।

Mi-17 हेलीकॉप्टर की मदद से भीमताल झील से पानी लेकर आग बुझाने की कोशिश की जा रही है।

उत्तराखंड में नैनीताल के जंगल में पिछले चार दिन से आग लगी है। आग की लपटें नैनीताल में हाईकोर्ट कॉलोनी तक पहुंच गई हैं। इस पर काबू पाने के लिए इंडियन एयर फोर्स और आर्मी को बुलाया गया है। एयर फोर्स के Mi-17 हेलीकॉप्टर की मदद से भीमताल झील से पानी लेकर आग बुझाने की कोशिश की जा रही है।

उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान आग की 31 नई घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें अब तक 33.34 हेक्टेयर फोरेस्ट एरिया जल चुका है। पूरी खबर पढ़ें…

तारक मेहता का उल्टा चश्मा शो के एक्टर गुरुचरण सिंह 5 दिन से लापता, दोस्त बोलीं- उनकी तबीयत खराब थी

तारक मेहता का उल्टा चश्मा टीवी शो में रोशन सिंह सोढी का रोल निभा चुके एक्टर गुरुचरण सिंह 22 अप्रैल से लापता हैं। एक्टर के पिता हरगीत सिंह ने दिल्ली केपालम पुलिस स्टेशन में 25 अप्रैल को इसकी शिकायत दर्ज कराई।

पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई में रहने वाले गुरुचरण अपने पिता का जन्मदिन मनाने कुछ दिन पहले दिल्ली गए थे। वे 22 अप्रैल को वापस लौटने के लिए निकले थे। गुरुचरण की दोस्त ने बताया कि वे मुंबई नहीं लौटे। उन्होंने कहा- गुरुचरण की तबीयत लंबे समय से खराब चल रही थी। 24 अप्रैल से उनका फोन भी स्विच ऑफ है। पूरी खबर पढ़ें…

मणिपुर के बिष्णुपुर में कुकी उग्रवादियों ने CRPF पर हमला किया, दो जवान शहीद

मणिपुर के बिष्णुपुर ​​​​​​के ​नारानसेना इलाके में शुक्रवार देर रात कुकी उग्रवादियों ने CRPF पर हमला कर दिया है। इसमें दो जवानों की मौत हो गई है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, 2:15 बजे कुकी उग्रवादियों ने हमला किया था। ये जवान CRPF की 128वीं बटालियन के थे। पूरी खबर पढ़ें…

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.2

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में गुरुवार देर रात भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 थी। इस भूकंप से किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

श्रीनगर नाव हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हुई, लापता नाबालिग का शव मिला

श्रीनगर नाव हादसे के बाद लापता हुए तीन लोगों में से एक नाबालिग का शव शुक्रवार (26 अप्रैल) को बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि हादसे में मरने वालों की कुल संख्या 7 हो गई है। दो लोग अब भी लापता हैं।

नाबालिग का शव राजबाग इलाके में पुराने जीरो ब्रिज के पास नदी में मिला है। 16 अप्रैल को श्रीनगर के गंडाबल इलाके में झेलम नदी में नाव डूब गई थी। नाव पर 19 लोग सवार थे, जिनमें से 10 को बचा लिया गया। 6 के शव घटना वाले दिन ही बरामद कर लिए गए थे। पूरी खबर पढ़ें