भास्कर अपडेट्स: आगरा में शराब ठेके के हॉल की छत गिरी, अंदर बैठे 10 से ज्यादा लोग मलबे में दबे

  • Hindi News
  • National
  • Breaking News LIVE Updates| Jammu Kashmir Vaishno Devi| Terrorist Attack In Somalia’s Capital Mogadishu | Rajasthan Delhi MP Uttar Pradesh Maharashtra Mumbai News | Coronavirus Vaccine Today Latest

एक दिन पहले

  • कॉपी लिंक

आगरा में शनिवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां जगदीशपुरा क्षेत्र के सेक्टर-11 में शराब के ठेके के हॉल की छत गिर गई। हादसे में हॉल में बैठे 10 से ज्यादा लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया है।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

जम्मू-कश्मीर में एक आतंकी गिरफ्तार, AK-47 राइफल समेत गोला-बारूद बरामद

जम्मू-कश्मीर बांदीपोरा पुलिस और आर्मी ने एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया है। इसकी पहचान इम्तियाज आह बेघ उर्फ इना भाई के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि इसके पास से एक AK- 47 राइफल, 2 मैगजीन और 59 राउंड गोलियों सहित कई हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। यह आतंकी पहले सरेंडर कर चुका था, लेकिन फिर आतंकी बन गया ।

कर्नाटक के अथनी में कॉलेज बस और ट्रक में टक्कर; 2 की मौत

कर्नाटक के अथनी में शनिवार को कॉलेज बस और ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस और ट्रक के ड्राइवरों की मौत हो गई, जबकि कई स्टूडेंट्स घायल हो गए। घटना अथनी के दूसरे प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज के पास हुई, जब बस कॉलेज परिसर में एंट्री कर रही थी। बस में 60 स्टूडेंट्स सवार थे, जिनमें 30 स्टूडेंट्स को मामूली चोटें आई हैं।

बस में सवार एक महिला टीचर को गंभीर चोटें आई है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। बाकी के स्टूडेंट्स को उनके अभिवावकों के साथ घर भेज दिया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

दिल्ली में इंटरनेशनल फेक पासपोर्ट/वीजा रैकेट का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की IGI इकाई ने सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय नकली पासपोर्ट/वीजा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मास्टरमाइंड जाकिर सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। DCP (IGI एयरपोर्ट) तनु शर्मा ने बताया कि इनके पास से 325 फर्जी पासपोर्ट, 175 फर्जी वीजा और अन्य संबंधित चीजें बरामद हुई हैं।

दिल्ली में AAP के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, डिप्टी CM मनीष सिसोदिया का मांगा इस्तीफा

दिल्ली की नई शराब नीति की आड़ में घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के दफ्तर के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया से इस्तीफे की मांग की। बता दें कि शुक्रवार को दिल्ली के एक्साइज स्कैम में डिप्टी CM मनीष सिसोदिया के आवास समेत 7 राज्यों की 21 जगहों पर चल रही CBI ने रेड मारी थी।

शीना बोरा हत्या मामला, आरोपी से सरकारी गवाह बने श्यामवर राय को जमानत

मुंबई हाईकोर्ट ने शनिवार को शीना बोरा हत्याकांड में आरोपी से सरकारी गवाह बने सरकारी गवाह बने श्यामवर राय को जमानत दे दी। राय मामले की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी का ड्राइवर था। उन्हें 2015 में एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया गया था, और बाद में इंद्राणी मुखर्जी की बेटी शीना बोरा की हत्या से संबंधित मामले में गिरफ्तार किया गया।

मुंबई पुलिस को मिला धमकी भरा मैसेज; वॉट्सएप पर लिखा- लोकेशन ट्रेस करोगे तो भारत में धमाका होगा

मुंबई पुलिस के ट्रैफिक कंट्रोल को एक धमकी भरा मैसेज मिला है। मैसेज में मुंबई में 26/11 जैसा हमले किए जाने की धमकी दी गई है। जानकारी के मुताबिक मुंबई पुलिस को यह मैसेज वॉट्सएप पर दिया गया है, जिसमें कहा गया है कि अगर उसकी लोकेशन ट्रेस करोगे तो वो भारत के बाहर का दिखाएगा और धमाका मुंबई में होगा। धमकी में आगे कहा गया है कि 6 लोग हैं भारत में, जो इस काम को अंजाम देंगे। जिस नंबर से यह मैसेज किया गया है वह पाकिस्तान का बताया जा रहा है। मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

राजस्थान के पाली में भीषण सड़क हादसा; ट्रैक्टर-ट्रेलर की टक्कर में 4 की मौत, 20 से ज्यादा घायल; PM मोदी ने जताया दुख

राजस्थान के पाली में हुए सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, 20 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। मरने वालों में 3 युवक और 1 बच्चा शामिल है। जानकारी के मुताबिक रामदेवरा (जैसलमेर) दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रेलर ने टक्कर मार दी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी श्रद्धालु गुजरात के बनासकांठा जिले के हैं। इनमें से अधिकतर कुकड़ी गांव के बताए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सड़क हादसे पर दुख जताया। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

जम्मू-कश्मीर; वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू हुई, भारी बारिश के बाद रोकी गई थी

जम्मू-कश्मीर के कटरा में पवित्र वैष्णो देवी की यात्रा फिर से शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को कटरा में भारी बारिश के चलते यात्रा को अस्थाई तौर पर रोक दिया गया था। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के CEO अंशुल गर्ग ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है। वे हालात पर नजर बनाए हुए हैं। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को 27 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था।

वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में जन्माष्टमी के मौके पर भीड़ हुई बेकाबू, भगदड़ में 2 की मौत

उत्तर प्रदेश के वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ बेकाबू हो गई। भगदड़ में दबकर दम घुटने से 2 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। मरने वाली की पहचान नोएडा की निर्मला देवी और जबलपुर के राजकुमार के रूप में हुई है।

SSP अभिषेक यादव ने बताया कि भीड़ बढ़ने के कारण यह हादसा हुआ है। रात दो बजे मंगला आरती शुरू होने से पहले ही भीड़ का दबाव बढ़ने लगा और दम घुटने की वजह से करीब 50 लोग बेहोश होकर गिर पड़े। पढ़ें पूरी खबर…

सोमालिया में आतंकी हमला, आतंकियों ने होटल में घुसकर फायरिंग की; 8 मौतें, 9 घायल

सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में आतंकी हमला हुआ है। आतंकी संगठन अल-शबाब के आतंकियों ने हयात होटल पर हमला किया। हमले में 8 लोगों की मौत हो गई, 9 घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारी के मुताबिक घायलों का आंकड़ा बढ़ सकता है। न्यूज एजेंसी रायटर्स के मुताबिक अल-शबाब के आतंकी जबरन होटल में घुसे और लोगों के बीच लगातार फायरिंग शुरू कर दी। अल-कायदा के सहयोगी संगठन अल-शबाब समूह ने हमले की जिम्मेदारी ली है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

लखनऊ समेत UP के कई जिलों में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.2 मापी गई

लखनऊ समेत UP के कई जिलों में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.2 आंकी गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप का केंद्र राजधानी से 139 किमी दूर उत्तर-पूर्व के ओर बताया जा रहा है। फिलहाल भूकंप से किसी भी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।

कोरोना अपडेट्स; बीते 24 घंटे में देश में मिले लगभग 11 हजार नए केस, 29 मौतें

देश में कोरोना खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। बीत 24 घंटे में देश में 10,933 नए केस आए, 11,817 मरीज ठीक हुए और 29 लोगों की मौत हो गई। गुरुवार को देश में 14,019 नए केस आए थे। सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र से आए। राज्य में शुक्रवार को 2,285 संक्रमित मिले, जबकि 5 लोगों की मौत हो गई। यहां पॉजिटिविटी रेट 5.59% है।

खबरें और भी हैं…