बेंगलुरु में बीटेक स्टूडेंट ने चाची का मर्डर किया: चेन बेचकर 50 हजार कर्ज चुकाया, गोवा में दोस्तों के साथ पार्टी की

बेंगलुरु10 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

बेंगलुरु पुलिस ने 20 साल के एक बीटेक स्टूडेंट को अपनी चाची की हत्या के आरोप में विजयवाड़ा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 50 हजार रुपए के लिए महिला की हत्या की थी। उसके गहने ले लिए और पेट्रोल डालकर शव जला दिया। मामला 12 फरवरी का है। आरोपी बुधवार (28 फरवरी) को गिरफ्तार हुआ।

पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम जसवंत रेड्डी है। वह कंप्यूटर साइंस में बीटेक थर्ड ईयर का स्टूडेंट है। चाची की हत्या के बाद आरोपी स्टूडेंट गोवा गया था। उसने अपने दोस्तों के साथ पार्टी की। वहां से लौटकर उसने क्लास जॉइन की।

मृतक महिला की पहचान 37 साल की सुकन्या के रूप में की गई। वह इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी के पास डोड्डाथोगुरु में रहती थी और एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में हाउसकीपिंग स्टाफ थी। सुकन्या के पति डी नरसिम्हा रेड्डी ने 13 फरवरी को उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने घटनास्थल से महिला के शव के कुछ अवशेष बरामद किए हैं।

पुलिस ने घटनास्थल से महिला के शव के कुछ अवशेष बरामद किए हैं।

सोने की चेन बेचकर कर्ज चुकाया
बेंगलुरु पुलिस के मुताबिक, जसवंत का पिछले साल अक्टूबर में एक एक्सीडेंट हुआ था। उसने वाहन मालिक से केस दर्ज न कराने के बदले 50 हजार रुपए जुर्माना देने का वादा किया था। जसवंत अपनी चाची सुकन्या से 50 हजार मांग रहा था।

वह 12 फरवरी को सुकन्या से मिलने और उसके सोने के गहने लूटने के लिए किराए की कार से बेंगलुरु आया था। सुकन्या काम पर थी। जसवंत ने उसे घर छोड़ने के बहाने अपनी कार में बिठा लिया। फिर उसने एक सुनसान जगह पर कार रोकी और अपना कर्ज चुकाने के लिए उससे पैसे मांगे।

सुकन्या ने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं। इसके बाद जसवंत ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। उसने सुकन्या के गले से 25 ग्राम की सोने की चेन निकाल ली और उसके शव को एस बिंगीपुरा गांव में एक सुनसान जगह पर फेंक दिया।

चेन बेचकर कर्ज चुकाया, फिर गोवा गया
इसके बाद जसवंत होसुर गया, जहां उसने 5 लीटर पेट्रोल खरीदा और वापस आकर सुकन्या के शव को जला दिया। सुकन्या का शव पूरा जलने तक वह वहीं खड़ा रहा। फिर वह सुकन्या ​​​​​​​का फोन लेकर केआर पुरम गया और उसे जंगल में फेंक दिया।

इसके बाद वह हैदराबाद गया और 95 हजार रुपए में चेन बेच दी। इस पैसे से उसने अपना 50 हजार रुपए का कर्ज चुकाया। बाकी के पैसों से वह गोवा गया और अपने दोस्तों के साथ पार्टी की। वहां से लौटने के बाद उसने अपने कॉलेज में क्लासेज अटेंड किए।

कॉल रिकॉर्ड से आरोपी के पास पहुंची पुलिस
बेंगलुरु पुलिस ने सुकन्या के कॉल डिटेल के रिकॉर्ड निकलवाए। इसमें पता चला कि जसवंत ने हाल ही में उसे कई बार कॉल किया था। पुलिस ने मंगलवार (27 फरवरी) को जसवंत को पूछताछ के लिए बेंगलुरु बुलाया। जसवंत ने दावा किया सुकन्या से उसकी बात कुछ महीने पहले हुई थी। पुलिस ने जब उसे कॉल रिकॉर्ड और टावर लोकेशन की जानकारी दी, तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

खबरें और भी हैं…