पांच चुनावी राज्यों में ओपिनियन पोल: मध्य प्रदेश में कांग्रेस तो राजस्थान में बीजेपी सरकार के आसार,छत्तीसगढ़- मिजोरम- तेलंगाना में बदलाव नहीं

नई दिल्ली3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

पांच राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, मिजोरम और छ्त्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग इसी महीने होना है। 7 नवंबर को छत्तीसगढ़ की कुछ सीटों और मिजोरम में वोटिंग होगी। दोनों राज्यों में प्रचार रविवार (5 नवंबर) को थम जाएगा। सभी 5 राज्यों में सर्वे एजेंसी C-Voter ने ओपिनियन पोल किया है। सर्वे के अनुमानों के अनुसार छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में कड़ा मुकाबला होगा। वहीं मध्य प्रदेश में कांग्रेस तो राजस्थान में बीजेपी की सरकार बन सकती है। मिजोरम में MNF सत्ता में आते दिख रही है।

सर्वे में पांचों राज्यों के करीब 63 हजार लोगों से बात की गई है। ये बातचीत 9 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच की गई है।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस
सर्वे के मुताबिक छत्तीसगढ़ की 90 सीटों में कांग्रेस को 45 से 51 सीट मिल सकती हैं। जबकि बीजेपी को 36 से 42 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा 2 से 5 सीटों पर अन्य दल जीत हासिल कर सकते हैं। सर्वे के अनुसार कांग्रेस को 45 फीसदी वोट मिल सकता है, जबकि बीजेपी को 43 प्रतिशत और अन्य को 12 प्रतिशत वोट मिलते दिख रहे हैं।

मिजोरम में MNF की सरकार
सर्वे के मुताबिक मिजोरम में कुल 40 सीटें हैं। सर्वें में MNF को 17 से 21 सीटें मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस को 6 से 10 सीटें, ZPM को 10 से 14 और अन्य को 0 से 2 सीटें मिलने की संभावना है। MNF को 36 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। वहीं, कांग्रेस को 30 और ZPM को 26 फीसदी वोट मिलने की संभावना है। अन्य दलों को 9 पर्सेंट वोट हासिल हो सकते हैं।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता
सर्वे के अनुसार मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटों में कांग्रेस को 118 से 130 सीटें मिलने की संभावना है। बीजेपी को 99 से 111 सीटें मिल सकती हैं। जबकि 0-2 सीटें अन्य के खाते में जा सकती हैं। कांग्रेस को 45 प्रतिशत, बीजेपी को 42 फीसदी और अन्य को 13 फीसदी वोट मिल सकते हैं।

राजस्थान में बीजेपी सत्ता में आ सकती है
राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस को 67 से 77 सीट और बीजेपी को 114 से 124 सीटें मिल सकती हैं। वहीं 5 से 13 अन्य के खाते में जा सकती हैं। वोटों की बात करें तो कांग्रेस को 42 फीसदी वोट मिलने की उम्मीद है, जबकि बीजेपी को 45 फीसदी और अन्य को 13 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं।

तेलंगाना में फिर बीआरएस
दक्षिण राज्य तेलंगाना में कुल सीटें 119 हैं। कांग्रेस को 43 से 55 और बीजेपी को 5 से 11 सीट मिल सकती हैं। वहीं बीआरएस को 49 से 61 सीटें मिलती दिख रही हैं। यहां 4-10 सीटों पर अन्य दलों के नेता जीत सकते हैं। कांग्रेस को 39 फीसदी बीजेपी को 14 प्रतिशत, बीआरएस को 42 फीसदी वोट मिल सकते हैं, जबकि अन्य को 6 फीसदी वोट मिलने की संभावना है।

खबरें और भी हैं…