पंजाब के चोर फ्लाइट से जाकर चोरी करते थे: अहमदाबाद में गूगल मैप देखकर ATM से 11 लाख चुराए; हिस्ट्रीशीटर समेत दो गिरफ्तार

अहमदाबाद6 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

गुजरात के अहमदाबाद में रविवार (1 अक्टूबर) को पुलिस ने पंजाब के दो चोरों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों चोर फ्लाइट से जाकर दूसरे राज्यों में चोरी करते थे। वहां महंगे होटलों में रुकते थे। फिर गूगल मैप से जगह ढूंढ कर चोरी करते थे।

अहमदाबाद पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में एक हिस्ट्रीशीटर अमरजोत सिंह अरोड़ा और दूसरा उसका दोस्त है। इन दोनों ने सितंबर में अहमदाबाद के अमराईवाड़ी में ATM काटकर 10 लाख 72 हजार रुपए की चोरी को अंजाम दिया था।

चोरों ने ऑनलाइन साइट से बाइक और गैस कटर खरीदा
दोनों चंडीगढ़ से फ्लाइट में अहमदाबाद आए थे। यहां अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास एक होटल में पहुंचे। फिर नकली आधार कार्ड दिखाकर कमरा बुक किया। एक ऑनलाइन मार्केटिंग साइट से बदमाशों ने एक बाइक, गैस कटर और ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदा था।

पुलिस ने बताया कि शातिर बदमाशों के चोरी करने का तरीका बिल्कुल अलग था। दोनों गूगल मैप पर चोरी करने की जगह ढूंढते थे। ​​​इन्होंने गूगल मैप से ही अमराईवाड़ी के ATM का भी पता लगाया था। फिर गैस कटर से ATM काटकर 10 लाख 72 हजार रुपए निकाल लिए।

चोरी के बाद फ्लाइट से दिल्ली रवाना हुए
चोरी करने के बाद दोनों वापस होटल गए। वहां से अपना सारा सामान पैक किया और अहमदाबाद से दिल्ली के लिए फ्लाइट पकड़ ली थी। पुलिस ने बताया कि बदमाश अमरजोत सिंह अरोड़ा को एक मर्डर केस में साल 2005 में मोहाली से गिरफ्तार किया गया था।

हालांकि, वह 2010 में जमानत पर बाहर निकल गया था। आरोपी ने इस साल मई-जून में महाराष्ट्र के नागपुर और पुणे में भी ATM तोड़ने की कोशिश की। तब भी उसे गिरफ्तार किया गया, लेकिन वह छूट गया। अमरजोत के खिलाफ बेंगलुरु में मर्डर, लूट सहित कई मामलों में केस दर्ज है।

खबरें और भी हैं…