न्यूज इन ब्रीफ@11 AM: दिल्ली में बच्चों के अस्पताल में आग, 6 नवजात की मौत; राजकोट हादसे में 12 बच्चों समेत 30 जिंदा जले; 7 राज्यों में हीटवेव

  • Hindi News
  • National
  • Delhi Rajkot Fire Accident; West Bengal Cyclone Remal Landfall | Game Zone Baby Care Center

10 मिनट पहलेलेखक: अभिषेक तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. दिल्ली में चाइल्ड हॉस्पिटल में आग, 6 नवजात की मौत, 5 बच्चों का रेस्क्यू किया गया
दिल्ली के विवेक विहार स्थित बच्चों के एक अस्पताल में शनिवार देर रात आग लग गई। हादसे में 6 नवजात बच्चों की मौत हो गई। 5 का रेस्क्यू किया गया है। इनमें से एक वेंटिलेटर पर है। अस्पताल में 12 बच्चे थे, जिनमें से एक की मौत हादसे से पहले हो चुकी थी। अस्पताल में लगी आग ने बगल की एक रेसिडेंशियल बिल्डिंग को भी चपेट में ले लिया। यहां से भी लोगों को रेस्क्यू किया गया।
पढ़ें पूरी खबर…

2. राजकोट गेम जोन हादसे में अब तक 30 की मौत, इनमें 12 बच्चे
गुजरात के राजकोट शहर के कालावड रोड पर स्थित TRP गेम जोन में शनिवार की शाम आग लगी थी। हादसे में अब तक 12 बच्चों समेत 30 लोगों की मौत हो गई। 25 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अभी भी मरने वालों की संख्या बढ़ने का अनुमान है। गेम जोन में करीब 3500 लीटर डीजल-पेट्रोल स्टोर करके रखा गया था। साथ ही इसका डोम भी कपड़े और फाइबर से बना था। इसलिए आग तेजी से फैल गई थी।
पढ़ें पूरी खबर…

3. यूपी में बस पर डंपर पलटा, 11 की मौत: श्रद्धालुओं से भरी बस सीतापुर से पूर्णागिरी माता मंदिर जा रही थी
यूपी के शाहजहांपुर में श्रद्धालुओं से भरी बस को डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे डंपर, बस पर ही पलट गया। हादसे में 11 लोगों की मौत की हो गई। 10 लोग घायल हो गए। बस सीतापुर से पूर्णागिरी के माता मंदिर जा रही थी। हादसा खुटरा थाना के गोला रोड पर हुआ। क्रेन और JCB की मदद से डंपर और बस को अलग किया गया।
पढ़ें पूरी खबर…

4. 7 राज्यों में हीटवेव का रेड अलर्ट; आज बंगाल के तट से टकराएगा तूफान रेमल
मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में उठा तूफान रेमल आज पश्चिम बंगाल से टकराएगा। इससे पश्चिम बंगाल के निचले तटीय इलाकों में बाढ़ आने की संभावना है। तूफान के लैंडफॉल के दौरान करीब 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कोलकाता एयरपोर्ट पर 26 मई दोपहर 12 बजे से 27 मई सुबह 9 बजे तक की सभी उड़ानों को सस्पेंड कर दिया गया है।
पढ़ें पूरी खबर…

5. मालीवाल बोलीं- जब केजरीवाल गिरफ्तार हुए तब अमेरिका में थी, वहां से पार्टी के लिए काम किया
AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने एक इंटरव्यू में कहा कि जब दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया था, तब वे अमेरिका में थीं। एक रिपोर्ट में कहा गया था कि केजरीवाल की गिरफ्तारी के वक्त AAP सांसद हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल और राघव चड्ढा के दिल्ली में मौजूद नहीं थे। इस वजह से पार्टी लीडर इन लोगों से नाराज थे। स्वाति ने कहा कि अमेरिका में रहने के दौरान मैं पार्टी के लिए जो भी कर सकती थी वो किया था।
पढ़ें पूरी खबर…

6. I.N.D.I. अलायंस का PM कैंडिडेट कौन होगा, इस सवाल पर खड़गे बोले- यह प्रश्न कौन बनेगा करोड़पति जैसा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शनिवार को हिमाचल प्रदेश के शिमला में थे। इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे I.N.D.I. अलायंस के PM कैंडिडेट को लेकर सवाल पूछा गया, जिसके जवाब में उन्होंने कहा- यह सवाल तो कौन बनेगा करोड़पति जैसा है। खड़गे ने कहा कि अगर हमारी सरकार बनती है तो सभी नेता बैठकर तय करेंगे कि कौन PM बनेगा। 2004 से 2014 तक UPA की सरकार रही है। इस दौरान भी चुनाव से पहले PM कैंडिडेट का ऐलान नहीं किया गया था।
पढ़ें पूरी खबर…

7. पाकिस्तान के पंजाब में ईसाई परिवार पर हमला: कुरान के अपमान का आरोप
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में कुरान का अपमान करने के आरोप में ईसाई परिवार पर हमला किया गया। ईशनिंदा से गुस्साई भीड़ व्यक्ति के घर में घुस गई। तोड़फोड़ की। घर के अंदर मौजूद जूतों की एक फैक्ट्री में आग लगा दी, कई टायर जलाए और बिजली के कनेक्शन को भी तबाह कर दिया। हमले में ईसाई समुदाय के 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

8. IPL फाइनल में आज KKR vs SRH: दोनों टीमें पहली बार एक-दूसरे के खिलाफ खिताबी मुकाबले में भिड़ेंगी
IPL 2024 का फाइनल मुकाबला शाम 7:30 बजे KKR और SRH के बीच चेन्नई में खेला जाएगा। कोलकाता और हैदराबाद फाइनल में पहली बार भिड़ेंगी। KKR चौथी और SRH तीसरी बार खिताबी मुकाबले में पहुंची है। KKR ने दो बार (2012 और 2014) खिताब भी जीता है। हैदराबाद ने साल 2016 में डेविड वॉर्नर की कप्तानी में IPL फाइनल अपने नाम किया था। पिछले सीजन में हैदराबाद की टीम 10वें नंबर पर रही थी।
पढ़ें पूरी खबर…

9. माउंट एवरेस्ट पर जाम: 1 दिन में 200 लोग पहुंचे, भीड़ से बर्फ का हिस्सा ढहा, 2 पर्वतारोही दबे
दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर ट्रैफिक जाम लग गया। एक साथ 200 पर्वतारोही 8,790 मीटर की ऊंचाई पर साउथ समिट और हिलेरी स्टेप पर पहुंच गए। माउंट एवरेस्ट यहां से 200 फीट की दूरी पर है। भीड़ जमा होने के कारण यहां बर्फ का एक हिस्सा टूट गया। 6 पर्वतारोही वहां फंस गए। 4 रस्सी के सहारे वापस ऊपर आने में कामयाब रहे। वहीं दो पर्वतारोही (एक ब्रिटिश और एक नेपाली) हजारों फीट नीचे गिरकर बर्फ में दब गए। घटना 21 मई की है, वीडियो अब सामने आया है।
पढ़ें पूरी खबर…

10. कांस में पहली बार भारतीय फिल्म को ग्रैंड प्रिक्स अवॉर्ड: सम्मान पाने वाली पहली भारतीय फिल्ममेकर
77वें कांस फिल्म फेस्टिवल में इंडियन फिल्ममेकर पायल कपाड़िया को फिल्म ‘ऑल वी इमैजिन एज लाइट’ के लिए ग्रैंड प्रिक्स अवॉर्ड से नवाजा गया। पायल यह अवॉर्ड अपने नाम करने वाली पहली भारतीय फिल्ममेकर बन चुकी हैं। इससे पहले कोलकाता की रहने वाली एक्ट्रेस अनसुइया सेनगुप्ता ने बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड अपने नाम किया था। अनसुइया को यह अवॉर्ड अन सर्टेन रिगार्ड सेगमेंट में फिल्म ‘द शेमलेस’ में उनकी परफॉर्मेंस के लिए मिला।
पढ़ें पूरी खबर…