नदी में गिरी 20 किसानों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ​​​​​​​​​​​​​: हरदोई मंडी से लौट रहे थे, 14 को बचाया गया, 1 की मौत

सवायजपुर2 घंटे पहले

हरदोई में बड़ा हादसा हो गया है। यहां 20 लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पुल से 35 फीट नीचे गर्रा नदी में जा गिरी। 14 लोग सुरक्षित बाहर निकल आए हैं। इनमें से 8 लोग तैर कर बाहर निकले हैं। 6 लोगों को रेस्क्यू किया गया। देर रात ट्रैक्टर चालक मुकेश का शव बरामद किया गया। अभी भी 5 लोगों की NDRF तलाश कर रही है।

किसान पाली निजामपुर पुलिया मंडी से खीरा बेचकर लौट रहे थे। सभी वेगराजपुर के रहने वाले हैं। घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे की है। हादसा ट्रैक्टर के आगे का बायां पहिया निकलने से हुआ है।

ट्रैक्टर-ट्रॉली गर्रा नदी में गिरने के बाद सैकड़ों ग्रामीण जुट गए हैं।

ट्रैक्टर-ट्रॉली गर्रा नदी में गिरने के बाद सैकड़ों ग्रामीण जुट गए हैं।

IG लक्ष्मी सिंह ने बताया, ‘NDRF की टीम रेस्क्यू में लगी हुई है। लाइट की समुचित व्यवस्था है। नदी के दोनों तरफ 15 किलोमीटर की दूरी पर जाल लगाए गए हैं। हम हर हाल में लापता लोगों को खोज निकालेंगे। आसपास के गांव के लोग भी मदद करने के लिए मौके पर मौजूद हैं।” वहीं ट्रैक्टर को क्रेन से निकाल लिया गया है।

ट्रैक्टर को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।

ट्रैक्टर को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।

प्रत्यक्षदर्शी श्याम सिंह ने बताया, ”मेरे सामने बेकाबू ट्रैक्टर ट्रॉली नदी में जा गिरी। ट्रैक्टर में करीब 20 लोग बैठे थे। आवाज सुनकर लोग इकट्‌ठा हो। राहगीर भी जुट गए। पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।”

मौके पर SDRF और NDRF की टीम पहुंच गई है। वह रेस्क्यू करने में जुटी है।

मौके पर SDRF और NDRF की टीम पहुंच गई है। वह रेस्क्यू करने में जुटी है।

प्रत्यक्षदर्शी बोला- वह मंजर कभी भूल नहीं पाऊंगा
नदी से तैरकर बाहर आए राम रईस कहते हैं, “मैं वह मंजर कभी भूल नहीं पाऊंगा। आंखों के सामने मौत नजर आ रही थी। हवा में ही फैसला कर लिया था कि हमें कैसे बचना है। ट्रैक्टर का बोनट पानी में बाद में छुआ, उससे पहले मैं कूदकर पानी के अंदर चला गया। ताकि ट्रॉली घूम कर इनके ऊपर ना आ जाए। इस बीच हवा में ही लंबी सांस भी खींच ली थी, क्योंकि मालूम था कि अंदर काफी गहराई तक जाना पड़ेगा। फिर लगभग 15 फीट तैरकर बाहर आया। किसी तरह से जान बच पाई।

अपने 2 पोतों के लिए रोती दादी अहिल्या।

अपने 2 पोतों के लिए रोती दादी अहिल्या।

मेरे दोनों पोते ढूब गए हैं, मिल नहीं रहे
मौके पर अपने पोतों को ढूंढती अहिल्या ने बताया, उनके दोनों पोते डूब गए हैं। अभी तक किसी की भी जानकारी नहीं मिल पाई है। दोनों सुबह खीरा लेकर साथ ही निकले थे। बड़ा पोता अमित ही घर का खर्चा चलाता था। उसकी दो महीने पहले ही शादी हुई थी। देवेश उससे छोटा है। मौके पर अमित की पत्नी भी मौजूद है। जिसका रो-रोकर बुरा हाल है। दादी अहिल्या का कहना है अगर मेरे पोते नहीं मिले तो हम लोगों का तो घर ही बर्बाद हो जाएगा।

मौके पर एडीएम बंदना त्रिवेदी सहित जिले के कई अधिकारी पहुंच गए हैं।

मौके पर एडीएम बंदना त्रिवेदी सहित जिले के कई अधिकारी पहुंच गए हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री मौके पर पहुंची

घटना के बाद उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी मौके पर पहुंची। उन्होंने पीड़ित परिवार के लोगों से मुलाकात की। साथ ही उन्हें जल्द ही परिवार के लोगों को ढूंढने का वादा किया। रजनी तिवारी ने बताया, बहुत ज्यादा संख्या में लोग नदी में गिरे हैं। कुछ लोगों को बाहर निकाला गया है। बाकी की तलाश की जा रही है।

परिवार के लोगों से मुलाकात करती उच्च शिक्षा मंत्री।

परिवार के लोगों से मुलाकात करती उच्च शिक्षा मंत्री।

14 लोग तैरकर सुरक्षित बचे हादसे में 14 लोग सुरक्षित बच गए हैं। इनमें रामधुनी, राकेश, लालाराम, देवेंद्र, अजयपाल, रहीश, रईस, पिंटू, सुनील, गोस, पारस, राम सिंह, रघुनाथ और संदीप शामिल हैं। इन्होंने पूछताछ में बताया कि रिंकू, मझिले, रवि, अमित, नन्हें-लाल लापता हैं।

सीएम ने दुख जताया

हादसे पर सीएम योगी ने दुख जताया है। कहा, ” ट्रैक्टर-ट्रॉली के नदी में गिरने की दुर्घटना अत्यंत दुःखद है। अधिकारियों से हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

किसानों के डूबने की खबर सुनकर उनके परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे।

किसानों के डूबने की खबर सुनकर उनके परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे।

घटना के बाद किसानों के परिजन नदी पर पहुंच गए हैं। लापता किसान का रोता परिवार।

घटना के बाद किसानों के परिजन नदी पर पहुंच गए हैं। लापता किसान का रोता परिवार।

खबरें और भी हैं…