दिल्ली में मुहर्रम जुलूस के दौरान हिंसा, 12 घायल: भीड़ ने कार के शीशे तोड़े, बस पर पथराव किया; रास्ता बदलने से पुलिस ने मना किया था

नई दिल्ली20 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
हिंसा रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। - Dainik Bhaskar

हिंसा रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

दिल्ली के नांगलोई इलाके में शनिवार शाम मुहर्रम जुलूस निकालने के दौरान हिंसा हो गई। पुलिस ने तय रूट से अलग रास्ते पर ताजिया निकालने से मना किया। जिससे नाराज होकर भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया।

हिंसक भीड़ ने सड़क पर चल रहे वाहनों को निशाना बनाया। कार के शीशे तोड़े। यात्री बस में पत्थर फेंके। जिसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस झड़प में छह पुलिसकर्मियों सहित 12 लोग घायल हो गए और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है।

भीड़ में 10 हजार लोग शामिल थे
डीसीपी आउटर हरेंद्र सिंह ने बताया, यह घटना शनिवार को शाम छह बजे की है। नांगलोई इलाके में कई ताजिया जुलूस निकाले जा रहे थे और उनमें लगभग 10 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। तभी रोहतक रोड पर कुछ लोगों ने तय रूट से अलग रास्ते पर ताजिया ले जाने की कोशिश की। पुलिस ने मना किया तो कुछ उपद्रवी हिंसक हो गए।

पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा
डीसीपी ने आगे बताया, भीड़ ने पुलिस पर पत्थर फेंके। सड़क पर चल रहे राहगीरों को भी निशाना बनाया गया। पुलिस ने अनियंत्रित भीड़ को हल्के लाठीचार्ज से तितर-बितर किया और व्यवस्था तुरंत बहाल कर दी गई। उन्होंने बताया कि इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंसा से जुड़े वीडियो वायरल, जान बचाते दिख रहे लोग
घटना के कुछ कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। वीडियो में, इलाके के कुछ लोग पथराव करते हुए बसों और निजी कारों सहित सार्वजनिक वाहनों को नुकसान पहुंचाते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्हें सड़क पर दौड़ते और कथित तौर पर वाहनों पर हमला करते देखा गया।

एक वीडियो में पुलिस लाठीचार्ज करती दिख रही है, जबकि दूसरे में बस के अंदर बैठे यात्री पत्थरबाजी से बचने के लिए जमीन पर बैठते नजर आ रहे हैं। अपनी कार के अंदर बैठी एक महिला का एक वीडियो भी सामने आया। जिसमें भीड़ ने पथराव करके उसकी विंडस्क्रीन को तोड़ दिया।

खबरें और भी हैं…