ड्राई एयर के चलते पहाड़ से ज्यादा मैदान ठंडे: शिमला-कुफरी से ज्यादा ठंडी रात ऊना, सुंदरनगर और सोलन में, पंजाब-हरियाणा-दिल्ली में भी ‘कोल्ड अटैक’

शिमला4 घंटे पहले

शिमला के रिज पर टहलते हुए लोग

हिमाचल के पहाड़ों पर बीते सप्ताह की बर्फबारी का इम्पैक्ट अब मैदानी इलाकों पर दिखने लगा है। पड़ोसी राज्य पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के ज्यादातर शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है।

वहीं हिमाचल में इन दिनों पहाड़ों से ज्यादा सर्दी मैदानी इलाकों में पड़ रही है। अधिकतर मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया है। इससे सुबह व शाम के वक्त ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा जैसे गर्म शहरों में शिमला, कुल्लू और किन्नौर से ज्यादा सर्दी पड़नी शुरू हो गई है।

प्रदेश के पड़ोसी राज्य पंजाब के अमृतसर का न्यूनतम पारा 8.1 डिग्री, चंडीगढ़ का 9.6 डिग्री, दिल्ली के सफदरजंग का 8.0 डिग्री, अंबाला का 8.3 डिग्री तक गिर गया है।

इसी तरह हिमाचल के सबसे गर्म शहर ऊना का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। भुंतर का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री, सुंदरनगर का 3.5 डिग्री, सोलन का 5.6 डिग्री, मनाली का 3.4 डिग्री, मंडी का 5.6 डिग्री, बिलासपुर का 9 डिग्री, हमीरपुर का 6 डिग्री और चंबा का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री पहुंच गया है।

कुकुमसैरी का तापमान माइनस 4.2 डिग्री

पालमपुर के न्यूनतम तापमान में सामान्य की तुलना में सबसे ज्यादा 3.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। इसके विपरीत सबसे ज्यादा ठंडे इलाकों में गिने जाने वाले कुफरी का न्यूनतम तापमान अभी 7.7 डिग्री, शिमला का 7.8 डिग्री, कल्पा का 1.6 डिग्री, मनाली का 3.4 डिग्री, कुकुमसैरी का माइनस 4.2 डिग्री, नारकंडा का 5.5 डिग्री चल रहा है।

दिसंबर के पहले सप्ताह तक साफ रहेगा: पाल

शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में दिसंबर के पहले सप्ताह तक मौसम साफ बना रहेगा। हिमाचल के मैदानी इलाकों में पहाड़ों की तुलना में ड्राई एयर के कारण ज्यादा ठंड पड़ रही है।

खबरें और भी हैं…