चोर ने रॉड से हमला किया, महिला ने लड़कर भगाया: घर में कोई नहीं था, कुत्ते के भौंकने से अलर्ट हुई थी; VIDEO वायरल

हैदराबाद14 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

तेलंगाना के राजन्ना सिरसिरा जिले के वेमुलावड़ा सेहर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक महिला अपने घर में नकाबपोश चोर से भिड़ते हुए दिख रही है।

महिला के घर में चोर घुस आया था। उसने रॉड से उस पर हमला किया। महिला निहत्थी थी, लेकिन डरी नहीं। उससे भिड़ गई। काफी देर तक हाथापाई करती रही, जिससे डर कर चोर भाग गया।

CCTV में कैद हुई घटना
घटना रविवार तड़के की है, जो महिला के घर में लगे CCTV में कैद हो गई। वीडियो में दिख रहा है- घर में चोर घुसा है, जिसे देखकर पालतु कुत्ता भौंकने लगता है। कुत्ते की आवाज सुनकर महिला आती है। वह चारों ओर देखती है।

वहीं दूसरी ओर हाथ में रॉड लिए चोर छिपा था। रॉड उसने महिला के घर के गार्डन से ही उठाया था। जैसे ही महिला की नजर उस पर पड़ी, वह रॉड से हमला कर देता है।

महिला डरे बिना उससे भिड़ जाती है। दोनों के बीच हाथापाई होती है। उससे छूटकर महिला घर के अंदर भागने की कोशिश करती है, लेकिन चोर उसे पकड़ लेता है। वह बचने के लिए पर्दा पकड़ती है, तो वह खिंचकर नीचे गिर जाता है।

अब महिला मदद के लिए चिल्लाने लगती है। चोर उसका मुंह बंद करने की कोशिश करता है, लेकिन कामयाब नहीं होता है। महिला के लगातार चिल्लाने और भिड़े रहने से डरा चोर वहां से भाग जाता है।

जब चोर भागता है तो उसके हाथ से छूटा रॉड लेकर महिला उसका पीछा करके उस पर झपटने की कोशिश करती है, लेकिन तब तक वह भाग जाता है।

सोने की चेन ले गया चोर
वेमुलावड़ा थाना पुलिस को महिला ने बताया कि चोर उसकी सोने की चेन छीन ले गया, जिसका वजन 7 ग्राम था। वह घर में अकेले रहती है और किराने की दुकान चलती है।

खबरें और भी हैं…