गैंगस्टर गोल्डी बराड़ भगौड़ा करार: चंडीगढ़ के बिजनेसमैन से 1 करोड़ फिरौती मांगी थी; जिला अदालत में हुई सुनवाई

चंडीगढ़29 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
गैंगस्टर गोल्डी बराड़।(फाइल) - Dainik Bhaskar

गैंगस्टर गोल्डी बराड़।(फाइल)

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की कनाडा बैठ हत्या करवाने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ (34) को चंडीगढ़ जिला अदालत ने 1 करोड़ रुपए एक्सटाॅर्शन मामले में भगौड़ा करार दे दिया। सतविंदर सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ के खिलाफ चंडीगढ़ के एक बिजनेसमैन की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था।

वहीं कोर्ट ने इस मामले में चंडीगढ़ में आते गांव किशनगढ़ के मंजीत सिंह पर आरोप तय कर दिए हैं। केस में अब ट्रायल शुरू होगा। मामले में IPC की धारा 387, 120 बी और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। 29 नवंबर को केस में अब सुनवाई होगी।

बिजनेसमैन को 25 जनवरी को कॉल आई थी
दायर केस के मुताबिक शहर के बिजनेसमैन को इसी वर्ष 25 जनवरी को वॉट्सऐप कॉल आई थी। कॉलर ने खुद को गोल्डी बराड़ बताया था और 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। हालांकि इतनी भारी रकम देने में बिजनेसमैन ने असमर्थता जताई थी। गोल्डी ने उसे कहा कि वह उसे दोबारा कॉल करे। जब उसने दोबारा कॉल नहीं की तो शिकायतकर्ता को 27 जनवरी को फिर एक कॉल आई।
कॉलर ने कहा कि अगर फिरौती की रकम नहीं दी गई तो उसके बच्चों को किडनैप कर लिया जाएगा। शिकायतकर्ता ने कहा कि वह 5 लाख रुपए दे सकता है मगर उस पर 25 लाख देने का दबाव डाला गया। आरोपियों ने कहा कि वह 10 लाख और 15 लाख रुपए की 2 किश्तों में रकम दे।

3 लाख खाते में डलवाए और 4 लाख कैश दिए थे
शिकायतकर्ता को फरवरी में मंजीत नामक आरोपी की कॉल आई। उसने ख्रुद को गैंगस्टर संपत नेहरा का रिश्तेदार बताया। उसने बिजनेसमैन को पंचकूला मिलने के लिए बुलाया था। शिकायतकर्ता ने मंजीत सिंह द्वारा बताए बैंक खाते में 3 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए थे और 4 लाख रुपए कैश दिए थे। एक अन्य व्यक्ति की मौजूदगी में यह रकम दी गई थी।

चंडीगढ़ पुलिस को मामले की शिकायत मिलने पर मंजीत सिंह को 8 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके कब्जे से एक पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस, 1 सिम कार्ड, 2 मोबाइल फोन बरामद हुए थे।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

लारेंस का साथी है और कई हत्याएं करवा चुका
गोल्डी बराड़ दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद लारेंस का साथी है। गोल्डी ने कनाडा से ही मूसेवाला की हत्या की प्लानिंग की थी। बीते 29 मई को मानसा में मूसेवाला को शार्प शूटर्स ने मार डाला था। चंडीगढ़ से जुड़े केस में अब गोल्डी बराड़ को भारत लाने के बाद ही केस चलेगा।

पंजाब पुलिस के DGP गौरव यादव भी कह चुके हैं कि गोल्डी बराड़ को भारत लाने की कोशिश की जा रही है। गोल्डी बराड़ के खिलाफ डेरा प्रेमी और बेदअबी मामले में आरोपी प्रदीप सिंह की हत्या को लेकर रेड कार्नर नोटिस भी जारी हो चुका है। बराड़ ने प्रदीप सिंह की हत्या की सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी ली थी।

गोल्डी बराड़ के पिता पंजाब पुलिस में ASI थे। हालांकि बेटे के अपराधों को देखते हुए उन्हें कंपलसरी रिटायरमेंट दी गई थी। गोल्डी के कजन गुरलाल बराड़ की 11 अक्तूबर, 2020 को चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया में गोलियां मार हत्या की गई थी।

खबरें और भी हैं…