केरल में मंकीपॉक्स संदिग्ध की मौत पर पेंच: UAE में रिपोर्ट पॉजिटिव थी, लेकिन पुणे की रिपोर्ट तय करेगी मंकीपॉक्स का केस था या नहीं

  • Hindi News
  • Happylife
  • Monkeypox Outbreak Updates; United Arab Emirates (UAE) Returnees Death In Kerala

केरल17 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

देशभर में मंकीपॉक्स का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच केरल के त्रिशूर में शनिवार को 22 साल के शख्स की मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि युवक 21 जुलाई को संयुक्त अरब अमीरत (UAE) से लौटा था, जिसके बाद उसे 27 जुलाई को अस्पताल में भर्ती किया गया था।

इस मामले में हैरानी की बात यह है कि युवक UAE में ही मंकीपॉक्स से संक्रमित पाया गया था। भारत लौटने के एक दिन पहले ही उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद लक्षण दिखने पर उसने त्रिशूर में इलाज की मांग की थी। हालांकि, उसकी मौत मंकीपॉक्स से हुई है या नहीं, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।

इलाज में देरी की जांच होगी
जॉर्ज का कहना है कि इस मामले के लिए उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। युवक की मंकीपॉक्स से मौत को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने पुन्नयूर में बैठक भी बुलाई है। देश वापसी के बाद से मृत युवक की संपर्क सूची और रूट मैप को तैयार किया जा रहा है।

जांच के लिए भेजे गए सैंपल
फिलहाल जांच के लिए युवक के सैंपल पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी भेजे गए हैं। अगर उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो यह देश में मंकीपॉक्स से मौत का पहला मामला होगा। जॉर्ज के मुताबिक, युवक के परिवार ने कल ही UAE में हुई जांच की रिपोर्ट स्वास्थ्य अधिकारियों को दी है।

मंकीपॉक्स से मृत्यु दर काफी कम
जॉर्ज ने बताया कि मंकीपॉक्स के इस वैरिएंट से होने वाली मृत्यु दर काफी कम है। दरअसल, मंकीपॉक्स वायरस की दो स्ट्रेन्स हैं- पहली कांगो स्ट्रेन और दूसरी पश्चिम अफ्रीकी स्ट्रेन। फिलहाल दुनियाभर में फैल रही स्ट्रेन पश्चिम अफ्रीकी है, जिसकी मृत्यु दर 1% है।

दुनिया में मंकीपॉक्स के मामले 22,800 के पार
Monkeypoxmeter.com के डेटा की मानें तो दुनिया में मंकीपॉक्स के मामलों की कुल संख्या 22,801 हो गई है। यह बीमारी अब तक 88 देशों में फैल चुकी है। साथ ही इससे अब तक अफ्रीका में पांच, स्पेन में दो और ब्राजील में एक मौत हो चुकी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे वर्ल्ड हेल्थ इमरजेंसी भी घोषित कर दिया है।

खबरें और भी हैं…