केरल में मंकीपॉक्स का 5वां मरीज मिला: UAE से लौटा था घर; देश में अब तक 7 मामले, एक की मौत

9 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

केरल में मंकीपॉक्स का एक और मामला सामने आया है। इसके बाद राज्य में मामलों की संख्या 5 पहुंच चुकी है और देश में अब तक मंकीपॉक्स के कुल 7 मामले मिल चुके हैं। इनमें से दिल्ली के दो और केरल के पांच लोग शामिल हैं, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है।

UAE से केरल आया मरीज
स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने मंगलवार को बताया कि नया मरीज 27 जुलाई को UAE से केरल पहुंचा था। तबीयत खराब होने पर उसे मलप्पुरम जिले के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत अभी ठीक है। मरीज के माता-पिता सहित उसके संपर्क में रहने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

मंत्री ने बताया कि बाकी के तीन मरीजों में से एक पूरी तरह ठीक हो चुका है। दूसरों की हालत में भी सुधार है। उधर, दिल्ली में भी दो मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से एक व्यक्ति अफ्रीका से लौटा था। वहीं, एक 35 साल का व्यक्ति भी पॉजिटिव पाया गया है। यह व्यक्ति नाइजीरिया का है और भारत में ही रहता है, लेकिन संक्रमित पाए जाने से कुछ दिन पहले मनाली घूमकर आया था।

देश में मंकीपॉक्स से पहली मौत
केरल के त्रिशूर में शनिवार को 22 साल के शख्स की मौत हो गई। यह युवक 21 जुलाई को संयुक्त अरब अमीरत (UAE) से लौटा था, जिसके बाद उसे 27 जुलाई को अस्पताल में भर्ती किया गया, यहां उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के बाद उसकी रिपोर्ट सामने आई, जिसमें वह पॉजिटिव पाया गया।

देश में मंकीपॉक्स को लेकर चिंता बढ़ी
देश में मंकीपॉक्स को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। इस कारण केंद्र ने एक टास्क फोर्स बनाई है। इसकी अध्यक्षता डॉक्टर वीके पॉल और स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण कर रहे हैं।

दुनिया में मंकीपॉक्स के मामले 22,800 के पार
Monkeypoxmeter.com के डेटा की मानें तो दुनिया में मंकीपॉक्स के मामलों की कुल संख्या 22,802 हो गई है। यह बीमारी अब तक 88 देशों में फैल चुकी है। साथ ही इससे अफ्रीका में पांच, स्पेन में दो, ब्राजील में एक और भारत में एक मौत हो चुकी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे वर्ल्ड हेल्थ इमरजेंसी भी घोषित कर दिया है।

स्वास्थ्य मंत्री बोले- मंकीपॉक्स नई बीमारी नहीं है
राज्यसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि भारत और दुनिया में मंकीपॉक्स कोई नई बीमारी नहीं है। 1970 के बाद से अफ्रीका से काफी मामले देखने को मिल रहे हैं। WHO ने इस पर खास ध्यान दिया है। भारत में भी निगरानी शुरू हो गई है।

उन्होंने बताया कि दुनिया में जब मामले सामने आने लगे तो भारत ने पहले से ही तैयारी शुरू कर दी थी। केरल में पहला मरीज मिलने से पहले हमने सभी राज्यों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए थे। हमने एक विशेषज्ञ टीम भेजी, राज्य सरकार की मदद की और संपर्क ट्रेसिंग भी की गई।

खबरें और भी हैं…