केजरीवाल के बाद आतिशी को दिल्ली क्राइम ब्रांच का नोटिस: AAP विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों पर 5 फरवरी तक मांगा जवाब

नई दिल्ली30 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
क्राइम ब्रांच की टीम आतिशी के घर पर आकर वापस चली गई थी। इसके बाद वापस आई और उनके अधिकारी के हाथ में नोटिस सौंप दिया। - Dainik Bhaskar

क्राइम ब्रांच की टीम आतिशी के घर पर आकर वापस चली गई थी। इसके बाद वापस आई और उनके अधिकारी के हाथ में नोटिस सौंप दिया।

विधायकों की खरीद-फरोख्त मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रविवार को मंत्री आतिशी को नोटिस दिया। उन्हें जवाब देने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है। दिल्ली पुलिस की टीम सुबह 10:30 बजे उनके आवास पहुंची थी। हालांकि, आतिशी पहले ही राघव चड्ढा के साथ केजरीवाल के घर पहुंच गई थीं।

क्राइम ब्रांच की टीम ने आतिशी के आवास के अंदर और बाहर 3 घंटे से ज्यादा समय तक इंतजार किया। बाद में उनके ऑफिस स्टाफ ने नोटिस रिसीव किया। इससे पहले क्राइम ब्रांच ने शनिवार (3 फरवरी) को सीएम अरविंद केजरीवाल को भी नोटिस दिया था। उनसे भी 5 फरवरी तक जवाब मांगा गया है।

दरअसल, अरविंद केजरीवाल और आतिशी ने भाजपा पर आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों को 25-25 करोड़ रुपए ऑफर करने के आरोप लगाए थे। आतिशी ने कहा था कि BJP दिल्ली में AAP की सरकार गिराना चाहती है। इस मामले में क्राइम ब्रांच दोनों नेताओं से पूछताछ कर सबूत लेना चाहती है।

क्राइम ब्रांच की टीम के पहुंचने से पहले ही आतिशी राघव चड्ढा के साथ CM हाउस चली गई थीं।

क्राइम ब्रांच की टीम के पहुंचने से पहले ही आतिशी राघव चड्ढा के साथ CM हाउस चली गई थीं।

3 पॉइंट में समझें AAP विधायकों की खरीद-फरोख्त का मामला

1. केजरीवाल ने 27 जनवरी को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने AAP के 7 विधायकों से संपर्क किया और पार्टी छोड़ने के लिए 25-25 करोड़ रुपए की पेशकश की।

केजरीवाल के मुताबिक, भाजपा ने कहा- 25 करोड़ रुपए देंगे और भाजपा की टिकट से चुनाव लड़वा देंगे। 21 विधायकों से बात हो गई है। अन्य विधायकों से भी बात कर रहे हैं। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिरा देंगे।

2. आतिशी ने 27 फरवरी को फ्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- दिल्ली में BJP दो बार ऑपरेशन लोटस करने की कोशिश कर चुकी है। 2013 में AAP के 28 विधायक चुने गए थे। तब BJP ने AAP को तोड़ने की कोशिश की। 2022 में भाजपा ने AAP के विधायकों को 20-20 करोड़ रुपए का ऑफर दिया। इस बार भाजपा ने ऑपरेशन लोटस 2.0 शुरू किया है।

आतिशी ने दावा किया कि AAP के पास भाजपा नेता की बातचीत की रिकॉर्डिंग है, जिसमें वे कह रहे हैं कि केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिरा देंगे। उन्होंने मध्यप्रदेश, कर्नाटक और अरुणाचल प्रदेश में ऐसे ही सरकारें गिराई हैं।

3. भाजपा ने इन आरोपों का खारिज किया और 30 जनवरी को दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा से मुलाकात की। भाजपा नेताओं ने पुलिस कमिश्नर को एक शिकायत सौंपी और AAP के आरोपों की जांच करने की मांग की। इसके बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच केजरीवाल और आतिशी से भाजपा पर लगाए आरोपों के सबूत मांग रही है।

अधिकारियों ने 5 घंटे तक केजरीवाल का इंतजार किया
क्राइम ब्रांच की टीम 3 फरवरी को सुबह करीब 10 बजे केजरीवाल के आवास पहुंची थी। केजरीवाल अपने आवास पर नहीं थी। क्राइम ब्रांच के अधिकारी करीब 5 घंटे तक सीएम आवास पर केजरीवाल का इंतजार करते रहे। इसके बाद CMO के अधिकारी को नोटिस दिया गया।

AAP नेता जैस्मिन शाह ने 4 फरवरी को नोटिस की कॉपी मीडिया के सामने जारी की। उन्होंने कहा- नोटिस पर न किसी FIR का जिक्र है, न कोई समन है। इसमें IPC या CRPC की किसी धारा का जिक्र भी नहीं है। ये सिर्फ एक व्हाइट पेपर पर लिखा एक खत है।

AAP ने क्राइम ब्रांच का नोटिस जारी किया है। इसमें केजरीवाल को 5 फरवरी तक जवाब देने को कहा गया है।

AAP ने क्राइम ब्रांच का नोटिस जारी किया है। इसमें केजरीवाल को 5 फरवरी तक जवाब देने को कहा गया है।

AAP नेता ने कहा कि ऐसे खत के लिए हर मुख्यमंत्री-मंत्री के घर के बाहर एक लेटर बॉक्स होता है। ऐसा क्या हो गया कि क्राइम ब्रांच के एक सीनियर अफसर भाजपा के कहने पर 5 घंटे तक केजरीवाल के आवास के बाहर नौटंकी करने के लिए खड़े थे।

क्राइम ब्रांच की टीम शुक्रवार (2 फरवरी) को भी केजरीवाल और मंत्री आतिशी को नोटिस देने गई थी। हालांकि, दोनों अपने आवास पर नहीं थे, जिसके कारण पुलिस बिना नोटिस दिए लौट गई। दिल्ली पुलिस ने बताया कि किसी ने नोटिस नहीं लिया। हालांकि, CMO ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस बिना नोटिस दिए ही चली गई थी।

सीएम आवास के बाहर क्राइम ब्रांच के अधिकारी AAP के लोगों से अंदर चलकर बात करने को कह रहे थे। इस दौरान उनके बीच बहस हुई।

सीएम आवास के बाहर क्राइम ब्रांच के अधिकारी AAP के लोगों से अंदर चलकर बात करने को कह रहे थे। इस दौरान उनके बीच बहस हुई।

BJP बोली- आरोप लगाकर भाग नहीं सकते
दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने 2 फरवरी को कहा- हमने कहा था कि केजरीवाल सनसनी पैदा करने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं। केजरीवाल के झूठ के पीछे का सच अब उजागर होने वाला है। वह जांच से नहीं भाग सकते। उन्हें जांच का सामना करना पड़ेगा।

ये खबरें भी पढ़ें…

केजरीवाल बोले- 7 विधायकों को ₹25 करोड़ ऑफर किए गए, भाजपा की दिल्ली सरकार गिराने की साजिश

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर दिल्ली की आप सरकार को गिराने की कोशिश करने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा के एक नेता ने पिछले दिनों दिल्ली के 7 MLAs को संपर्क कर कहा है कि कुछ दिन बाद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लेंगे। उसके बाद MLAs को तोड़ेंगे।

केजरीवाल के मुताबिक, भाजपा ने 7 आप विधायकों को कहा है कि 21 MLAs से बात हो गई है। बाकी विधायकों से भी बात कर रहे हैं। उसके बाद दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिरा देंगे। आप भी आ जाओ। 25 करोड़ रुपए देंगे और भाजपा की टिकट से चुनाव लड़वा देंगे। पूरी खबर पढ़ें…

क्राइम ब्रांच की टीम केजरीवाल के घर नोटिस देने पहुंची, CM बोले- भाजपा सत्ता के लिए देश बेच सकती है

MLA खरीद फरोख्त के आरोपों के मामले में नोटिस देने शुक्रवार (2 फरवरी) को दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम CMअरविंद केजरीवाल के घर पहुंची। केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि उनके विधायकों को खरीदने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने इसी मामले में सबूत देने को कहा है। इसी तरह का नोटिस दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी के घर भी क्राइम ब्रांच की टीम लेकर गई पहुंची थी। हालांकि दोनों ने नोटिस नहीं लिए। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…