केजरीवाल की पत्नी बोलीं-कल कोर्ट को सबूत देंगे दिल्ली सीएम: उन्होंने जेल से आदेश भेजे तो केंद्र सरकार ने केस किया, इससे उन्हें पीड़ा हुई

15 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने 5 दिन दूसरी बार सीएम केजरीवाल का संदेश पढ़ा। - Dainik Bhaskar

अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने 5 दिन दूसरी बार सीएम केजरीवाल का संदेश पढ़ा।

दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता ने बुधवार को वीडियो मैसेज में दिल्ली सीएम का संदेश लोगों को पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि मैं जेल में अरविंद जी से मिलने गई थी। दिल्ली के लोगों की समस्याओं को सुलझाने के लिए वे जेल से निर्देश भेज रहे हैं, तो केंद्र सरकार ने उन पर केस कर दिया। इस बात से अरविंद जी को बहुत पीड़ा हुई है।

सुनीता ने यह भी कहा कि शराब घोटाले की जांच में ED को 250 से ज्यादा रेड में कुछ नहीं मिला। अब 28 मार्च को केजरीवाल जी कोर्ट में सबूत देंगे कि घोटाले का पैसा कहां गया। दरअसल, 28 मार्च को केजरीवाल की ED रिमांड खत्म हो रही है। उन्हें 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया था और 23 मार्च को ED की कस्टडी में भेज दिया गया था।

बीते पांच दिन में यह सुनीता केजरीवाल का दूसरा वीडियो संदेश है। इससे पहले उन्होंने 23 मार्च को पहले वीडियो मैसेज में केजरीवाल की चिट्‌ठी पढ़कर सुनाई थी। उन्होंने कहा था कि केजरीवाल जी जेल के अंदर भी दिल्ली के लोगों के बारे में ही सोच रहे हैं।

यह तस्वीर 22 मार्च की है जब केजरीवाल को कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था।

यह तस्वीर 22 मार्च की है जब केजरीवाल को कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था।

सुनीता केजरीवाल का आज का संदेश…
कल शाम मैं, जेल में अरविंद जी से मिलने गयी। उन्हें डायबिटीज हैं,शुगर लेवल ठीक नहीं चल रही। लेकिन निश्चय दृढ़ है। दो दिन पहले उन्होंने दिल्ली की जल मंत्री आतिशी जी को संदेश भेजा था कि लोगों के पानी और सीवर की समस्याओं का निपटारा किया जाए। बताइए क्या गलत किया?

लोगों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए। इस पर भी केंद्र सरकार ने आप के सीएम पर केस कर दिया। क्या ये लोग दिल्ली को तबाह करना चाहते है। क्या ये लोग चाहते है कि लोग अपनी समस्याओं से जूझते रहे। इस बात से अरविंद जी को बहुत पीड़ा हुई है।

सुनीता ने आगे कहा कि केजरीवाल जी ने मुझे एक बात और कही कि इस तथाकथित शराब घोटाले की जांच में ED ने 250 से ज्यादा रेड मार ली है। वो इस शराब घोटाले का पैसा ढूंढ रहे है। लेकिन उन्हें किसी भी रेड में अब तक एक पैसा नहीं मिला। उन्होंने मनीष जी के यहां रेड की, संजय सिंह और सत्येंद्र जैन जी के यहां रेड की लेकिन एक पैसा नहीं मिला।

हमारे यहां रेड मारी मात्र 73 हजार रुपए मिले। तो शराब घोटाले का पैसा है कहा। अरविंद जी ने कहा है कि इसका खुलासा वे 28 मार्च को कोर्ट के सामने करेंगे। सारे देश को सच-सच बताएंगे कि शराब घोटाले का पैसा है कहां? उसका सबूत भी देंगे।

अरविंद जी बहुत सच्चे, निडर देशभक्त है। उनकी लंबी आयु, सेहत और सफलता की कामना करना। उन्होंने कहा है मेरा शरीर जेल में है, लेकिन आत्मा आप सब के बीच में है। आंखें बंद करो मुझे अपने आस-पास महसूस करोगे।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर बोले- लालू चारा घोटाला में फंसे तो राबड़ी देवी ने भी उनकी कुर्सी पकड़ी थी
सुनीता केजरीवाल के मैसेज पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब लालू प्रसाद यादव चारा घोटाले में फंसे थे, तब राबड़ी देवी घोषणाएं करती थीं और फिर धीरे-धीरे उन्होंने कुर्सी पकड़ ली। जेल में होकर भी मुख्यमंत्री की कुर्सी उन्हें इतनी प्यारी है। जो ये कहते थे कि मैं कभी राजनीति में नहीं आऊंगा, आज मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं हैं।

कल तक केजरीवाल कहते थे कि सोनिया गांधी को गिरफ्तार करो तो सच्चाई और भ्रष्टाचार दोनों का सच सामने आएगा। आज कांग्रेस ने अपना जमीर बेचकर भ्रष्टाचारी आम आदमी पार्टी के साथ हाथ मिला लिया है। कांग्रेस के नेता जो कल तक शराब घोटाले के आंकड़े देते थे, वे अब केजरीवाल के पक्ष में रैली करने की बात करते है।

अब पढ़िए केजरीवाल का 23 मार्च का संदेश…
यह संदेश भी सुनीता केजरीवाल ने पढ़कर सुनाया। इस संदेश में केजरीवाल ने कहा कि मुझे कल गिरफ्तार कर लिया गया। मैं अंदर रहूं या या बाहर, हर पल देश की सेवा करता रहूंगा। मेरी जिंदगी का एक-एक पल और मेरे शरीर का एक-एक कतरा देश के लिए समर्पित है। इस पृथ्वी पर मेरा जन्म संघर्ष के लिए हुआ है। अब तक बहुत संघर्ष किया है, आगे भी मेरी जिंदगी में बड़े संघर्ष लिखे हैं। इसलिए जेल जाने से मुझे अचंभा नहीं हुआ।

भारत के अंदर और बाहर ऐसी कई खतरनाक शक्तियां हैं जो देश को कमजोर कर रही हैं। हमें सचेत रहकर इन शक्तियों को हराना है। और भारत में ही कई ऐसे लोग हैं और शक्तियां हैं, जो देशभक्त हैं, जो भारत को आगे बढ़ाना चाहती हैं। हमें इन ताकतों के साथ जुड़ना है और इन्हें मजबूत बनाना है।

दिल्ली की मेरी मां-बहनें सोच रही होंगीं कि केजरीवाल तो अंदर चला गया, पता नहीं अब महीने का हजार रुपया मिलेगा या नहीं। मेरी माताओं और बहनों से अपील है कि अपने भाई और बेटे पर भरोसा रखो। ऐसी सलाखें नहीं जो आपके भाई और आपके बेटे को ज्यादा दिन अंदर रख सकें।

मैं जल्द बाहर आऊंगा और अपना वादा पूरा करूंगा। आपका भाई, आपका बेटा लोहे का बना है, बहुत मजबूत है। बस एक विनती है कि मंदिर जाना और मेरे लिए भगवान से आशीर्वाद मांगना। करोड़ों लोगों की दुआएं मेरे साथ हैं, यही मेरी ताकत है।

आपका अपना, अरविंद केजरीवाल

ये खबरें भी पढ़ें…

केजरीवाल की गिरफ्तारी पर AAP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन:कई वर्कर्स हिरासत में; अमेरिका ने कहा- निष्‍पक्ष और पारदर्शी कानूनी प्रक्रिया की उम्मीद

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को मंगलवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। AAP कार्यकर्ता पीएम आवास का घेराव करने निकले थे। पुलिस ने पीएम आवास के आसपास धारा 144 लागू की थी। पूरी खबर यहां पढ़ें…

खबरें और भी हैं…